लाइव टीवी

33 साल से पत्नी बबीता से अलग रह रहे हैं रणधीर कपूर, इस वजह से करीना कपूर के माता पिता ने नहीं लिया तलाक

Updated Feb 15, 2021 | 08:15 IST

एक्टर रणधीर कपूर का आज जन्मदिन है और वो 74 साल के हो गए हैं। रणधीर ने 1971 में एक्ट्रेस बबीता से शादी की थी। दोनों पिछले करीब 33 साल से अलग रह रहे हैं जानें क्या है वजह।

Loading ...
Randhir Kapoor with wife Babita Kapoor
मुख्य बातें
  • एक्टर रणधीर कपूर का आज जन्मदिन है और वो 74 साल के हो गए हैं।
  • रणधीर ने एक्ट्रेस बबीता संग की थी लव मैरिज।
  • जानें 33 साल से क्यों अलग रह रहे हैं रणधीर- बबीता।

बॉलीवुड एक्टर रणधीर कपूर का आज जन्मदिन है और वो 74 साल के हो गए हैं। रणधीर कपूर का जन्म 15 फरवरी 1947 को राज कपूर के घर हुआ था। 

रणधीर कपूर ने साल 1955 में फिल्म श्री420 में चाइल्ड आर्टिस्ट के तौर पर काम किया था। इसके बाद साल 1971 में उन्होंने फिल्म कल आज और कल से अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने कई फिल्मों में काम किया जिसमें जीत, रामपुर के लक्ष्मण, जवानी- दीवानी, हाथ की सफाई, धरम- करम, खलीफा, चाचा भतीजा, कसमे वादे, हीरालाल- पन्नालाल, आखिरी डाकू, ढोंगी, बीवी और बीवी, खजाना, अरमान, जमाने के दिखाना है और मामा भांजे जैसी फिल्मों में एक्टर के तौर पर काम किया। इसके अलावा वो डायरेक्टर और प्रोड्यूसर के तौर पर भी कई फिल्मों पर काम कर चुके हैं।    

ऐसे हुई थी मुलाकात

रणधीर कपूर की पर्सनल लाइफ की बात करें तो उन्होंने 06 नवंबर 1971 को एक्ट्रेस बबीता से शादी की थी। रणधीर अपने पिता राज कपूर के साथ फिल्म संगम के सेट पर गए थे और यहीं दोनों की पहली मुलाकात हुई थी। यहां बबीता की खूबसूरती देख वो उनपर फिदा हो गए। इसके बाद दोनों ने मिलना- जुलना शुरू किया और करीब दो साल तक एक- दूसरे को डेट करते रहे। बबीता जानती थीं कि कपूर खानदान में बहुएं शादी के बाद फिल्मों में काम नहीं करतीं, इसके चलते उन्होंने रणधीर से कहा कि वो या तो उनसे शादी कर लें, या फिर उनके साथ रिश्ता खत्म कर दें। 

बबीता से की शादी

बबीता भी एक्ट्रेस थीं तो रणधीर ने सोचा कि उन्हें उस फिल्म में साइन कर लिया जाए, जिसमें वो खुद काम कर रहे हैं और इसी तरह वो उन्हें अपने परिवार से मिलवा पाएंगे। इसके बाद दोनों ने फिल्म कल आज और कल में साथ किया और रणधीर ने अपने परिवार को बबीता के बारे में बता दिया। राज कपूर ने यह शर्त रखी कि बबीता को अपना एक्टिंग करियर छोड़ना होगा। क्योंकि बबीता रणधीर से बहुत प्यार करती थीं और उनसे शादी करने के लिए एक्टिंग छोड़ 6 नवंबर, 1971 को पंजाबी रीति- रिवाज से शादी कर ली। 

रिश्ते में आने लगी दूरी

रणधीर और बबीता अपनी शादीशुदा जिंदगी में खुश थे। बबीता एक्टिंग छोड़ चुकी थीं और रणधीर का करियर ठीक चल रहा था और इसी दौरान साल 1974 में उनकी बेटी करिश्मा कपूर का जन्म हुआ और 1980 में दोनों दूसरी बार पेरेंट्स बने और बेटी करीना कपूर का जन्म हुआ। 80 के दशक में रणधीर की फिल्मों ने काम करना बंद कर दिया और उनका करियर गिरने लगा। उन्हें आर्थिक परेशानी होने लगी और 80 के मध्य तक रणधीर पर फ्लॉप हीरो का ठप्पा लग गया। इससे रणधीर को शराब की लत लग गई जिसके बाद बबीता ने उनसे अलग होने का फैसला कर लिया। 

रणधीर को अपार्टमेंट छोड़ने को कहा

1988 में बबीता ने रणधीर को उनका अपार्टमेंट छोड़कर जाने के लिए कह दिया, जिसके बाद वो अपने पेरेंट्स के घर चले गए जबकि बबीता अपनी दोनों बेटियों के साथ रहने लगीं। बबीता ने कपूर खानदार की परंपरा के खिलाफ जाकर अपनी बेटियों को एक्ट्रेस बनाने का फैसला किया। इसके बाद साल 1991 में करिश्मा ने फिल्म प्रेम कैदी से अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की और अपनी पहचान बनाई। इसके बाद साल 2000 में करीना कपूर ने भी फिल्म रिफ्यूजी से अपना एक्टिंग करियर शुरू किया। 

33 साल से रह रहे हैं अलग

अलग होने के 19 साल बाद साल 2007 में दोनों ने सुलह कर नई शुरुआत का फैसला किया। लेकिन लंबे समय तक एक -दूसरे से अलग रहने के चलते दोनों ने एक- दूसरे के प्रति अलग नजरिए से सोचना शुरू कर दिया था। दोनों करीब 33 साल से अलग रह रहे हैं, लेकिन दोनों ने तलाक नहीं लिया। 

रणधीर ने बताई थी तलाक ना लेने की वजह

बबीता के 70वें जन्मदिन पर जब रणधीर से पूछा गया कि उन्होंने और बबीता ने अबतक तलाक क्यों नहीं लिया तो इसपर उन्होंने कहा था, 'तलाक क्यों? हम तलाक क्यों लेंगे? मैं फिर से शादी नहीं करना चाहता, ना ही वो करना चाहती है। उसे पता चला कि मैं खराब इंसान हूं जो बहुत शराब पीता है और रात को देर से घर आता है और उसे यह पसंद नहीं आया। जिस तरह वो चाहती थी वैसे मैं नहीं रहना चाहता था और वो मुझे स्वीकार नहीं कर सकी। हमारी लव मैरिज थी, तो ठीक है। हमारे दो बच्चे थे जिनका हमे ख्याल रखना था। उसने अच्छी तरह उनकी परवरिश की और उन्होंने अपने करियर में अच्छा किया। एक पिता के तौर पर मैं और क्या चाह सकता हूं?'

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।