लाइव टीवी

TanhaJi ने तोड़ा पीके, कबीर सिंह और संजू का रिकॉर्ड, जानिए कैसे बनी इतनी बड़ी हिट फ‍िल्‍म

Updated Jan 27, 2020 | 12:52 IST

TanhaJi Box office Collection: 10 जनवरी को र‍िलीज हुई बॉलीवुड एक्‍टर अजय देवगन की फ‍िल्‍म तान्‍हाजी: द अनसंग वॉरियर ने सफलता के नए कीर्तिमान बनाए हैं। एक नजर में जानें कैसे इस फ‍िल्‍म ने यह सफलता हासिल की।

Loading ...
Tanhaji Box office Collection

TanhaJi Box office Collection: 10 जनवरी को र‍िलीज हुई बॉलीवुड एक्‍टर अजय देवगन, सैफ अली खान और कजोल की फ‍िल्‍म तान्‍हाजी: द अनसंग वॉरियर ने सफलता के नए कीर्तिमान बनाए हैं। यह फ‍िल्‍म अब तक 225 करोड़ के आसपास कमाई कर ली है। खासबात ये है कि 24 जनवरी को र‍िलीज हुई वरुण धवन और श्रद्धा कपूर स्‍टारर Street Dancer 3D और कंगना रनौत स्‍टारर पंगा की रिलीज के बाद भी तान्‍हाजी की कमाई पर ब्रेक नहीं लगा। 26 जनवरी को इस फ‍िल्‍म ने 12.58 करोड़ रुपये कमाए हैं।

अगर कमाई के आंकड़ों पर नजर डालें तो तान्‍हाजी ने तीसरे रविवार (26 जनवरी) को नया रिकॉर्ड बनाया। रविवार को हुई कमाई से तान्‍हाजी ने पीके, कबीर सिंह, संजू, उरी, बजरंगी भाई जान, टाइगर जिंदा है, पद्मावत जैसी फ‍िल्‍मों का रिकॉर्ड ब्रेक कर दिया है। तीसरे रविवार की कमाई के मामले में केवल दो फ‍िल्‍में ही तान्‍हाजी से ऊपर हैं। वह दो फ‍िल्‍में हैं बाहुबली और दंगल। 

ओम राउत के निर्देशन में बनी यह फ‍िल्‍म मराठा साम्राज्‍य की गौरव गाथा है, जोकि खूब पसंद की जा रही है। इस फिल्म में अजय देवगन सुबेदार तान्हाजी मालुसरे के रोल में हैं। वहीं सैफ अली खान नेगेटिव रोल में हैं और उनके किरदार का नाम उदय भान राठौड़ है। एक नजर डालते हैं कि कैसे तान्‍हाजी बनी इतनी बड़ी हिट फिल्म।

ट्रेड एनालिस्ट रोहित जायसवाल की मानें तो तान्‍हाजी की इस सफलता के पीछे मुख्‍य वजह है फ‍िल्‍म का बेहद शानदार होना। ओम राउत ने इस फ‍िल्‍म को खूबसूरती से बनाया है, वहीं अजय देवगन सहित सभी कलाकारों ने अपने किरदारों को बखूबी से निभाया है। अजय देवगन ने इस फ‍िल्‍म के प्रमोशन में समय खराब करने की बजाय मेकिंग में वक्‍त लगाया। वहीं समीक्षकों ने फ‍िल्‍म को सराहा और माउथ पब्लिसिटी हुई तो फ‍िल्‍म की कमाई में जबरदस्‍त इजाफा हुआ। दूसरी तरफ जिन राज्‍यों ने इसे टैक्‍स फ्री किया, वहां लाभ हुआ। तान्‍हाजी का बिजनेस छपाक की वजह से भी बढ़ा। छपाक के विरोध से तान्‍हाजी को लाभ हुआ। 

ट्रेड एनालिस्ट सुमित कादेल के अनुसार, फ‍िल्‍मांकन और कहानी का शानदार होना इस फ‍िल्‍म की सफलता का कारण है। तान्‍हाजी बहुत अच्‍छी फ‍िल्‍म है। दर्शक भी ऐतिहासिक फ‍िल्‍में देखना चाहते हैं, बस उन्‍हें अच्‍छे तरीके से बनाया गया हो। फ‍िल्‍म का 3D इफेक्‍ट काफी अच्‍छा है। यह अनुभव दर्शकों को पसंद आया। यह फ‍िल्‍म महाराष्ट्रियन हीरो की कहानी है और महाराष्ट्र में इसे खूब पसंद किया गया। अकेले महाराष्ट्र में फ‍िल्‍म ने 100 करोड़ का कारोबार किया है। 

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।