लाइव टीवी

Tanhaji film story: छ‍िपकली के सहारे मराठों ने की थी क‍िले पर चढ़ाई, जानें Ajay Devgn की फ‍िल्‍म की पूरी कहानी

Updated Nov 19, 2019 | 19:38 IST

Tanhaji cast, Trailer, story : बॉलीवुड एक्‍टर अजय देवगन की फ‍िल्‍म तान्हाजी का दमदार ट्रेलर सामने आ चुका है। इस फ‍िल्‍म में मराठा साम्राज्‍य की वीरता की गाथा द‍िखाई देगी।

Loading ...
Ajay Devgn as TanhaJi

Tanhaji cast, Trailer, story : बॉलीवुड एक्‍टर अजय देवगन की फ‍िल्‍म तान्हाजी का दमदार ट्रेलर सामने आ चुका है। इस फ‍िल्‍म में मराठा साम्राज्‍य की वीरता की गाथा द‍िखाई देगी। फिल्म में अजय देवगन सूबेदार तान्हाजी मालुसरे का किरदार निभा रहे हैं। ट्रेलर में तान्हाजी बने अजय मराठा साम्राज्य के लिए लड़ते हुए नजर आ रहे हैं। वहीं उदयभान के रूप में सैफ अली खान ने भी एक्टिंग से छाप छोड़ी है। अभिनेत्री काजोल सावित्रीबाई के रूप में जम रही हैं। 

ओम राउत के न‍िर्देशन में बनी ये फिल्म अजय देवगन की 100 वीं फिल्म है। इसमें सैफ अली खान, उदय भान का किरदार निभा रहे हैं। इनके अलावा फिल्म में शरद केलकर, जगापति बाबू और पंकज त्रिपाठी भी अहम रोल में हैं। ट्रेलर के बाद दर्शकों इस फ‍िल्‍म को लेकर बेसब्र हो गए हैं। हालांकि फैंस को ज्‍यादा इंतजार नहीं करना होगा, फ‍िल्‍म 10 जनवरी 2020 को रिलीज हो रही है। 

देखें Tanhaji Trailer:

कौन थे तानाजी मालुसरे 
तानाजी मालुसरे छत्रपति शिवाजी महाराज के घनिष्ठ मित्र और मराठा सरदार थे। वे छत्रपति शिवाजी महाराज के साथ मराठा साम्राज्य, हिंदवी स्वराज्य स्थापना के लिए सुभेदार (किल्लेदार) की भूमिका निभाते थे। 1670 ई. में हुई सिंहगढ़ की लड़ाई में महती भूमिका के लिए तान्‍हाजी को याद किया जाता है। सुभेदार तान्‍हाजी मालुसरेजी के पुत्र रायबा के विवाह की तैयारी हो रही थी और वह इस विवाह में छत्रपति शिवाजी महाराज जी को आमंत्रित करने गए थे। उस वक्‍त शिवाजी महाराज कोंढाणा किले पर चढ़ाई की तैयारी कर रहे थे। अपने पुत्र के विवाह को भूल तान्‍हाजी ने शिवाजी महाराज से कहा कि कोंढाणा (Kondhana Fort) पर चढ़ाई वह करेंगे। छत्रपती शिवाजी महाराज जी की सेना मे कई सरदार थे परंतु उन्‍होंने मालुसरे को इस आक्रमण के लिए चुना। 

आसान नहीं कोंढाणा किला जीतना
कोंढाणा किले को जीतना इतना आसान नहीं था। मुगलों के संरक्षण वाले उदयभान ने इस किले के तीन तरफ पांच हजार जवानों का पहरा बिठाया हुआ था, वहीं एक तरफ खड़ी चढ़ाई थी, जिस पर चढ़ना किसी के लिए भी नामुमकिन था। तान्‍हाजी इस किले को फतह करने 342 मराठा सैनिकों संग गए थे। 342 सैन‍िक 5000 जवानों का सामना नहीं कर सकते थे ऐसे में किले पर पीछे की तरफ से जाने का फैसला किया गया। खड़ी चढ़ाई से होते हुए किले में दाखिल होने में तान्‍हा जी की पालतू छिपकली यशवंती की मदद ली गई। छिपकली के पैरों में रस्‍सी बांधकर 342 सैनिक किले में दाखिल हुए थे। 

किले में फहराया भगवा, लेकिन नहीं रहे तान्‍हाजी
किले को फतह करते हुए उदयभान संग युद्ध में तान्‍हाजी वीरगति को प्राप्‍त हुए। उसके बाद सूर्या जी और शेलर मामा ने उदयभान को मौत के घाट उतारा था। किले पर भगवा लहराने के बाद शिवाजी महाराज को खबर दी गई। तब शिवाजी महाराज ने कहा था- गड आला पण सिंह गेला। इसका मतलब था- गढ़ तो जीता, लेकिन "सिंह" नहीं रहा। 

कोंढाणा किले का बदला नाम 
तानाजी मालुसरे की स्मृति में कोंढाणा दुर्ग का नाम बदलकर सिंहगढ़ (Sinhagad Fort) कर दिया गया है। पुणे के 'वाकडेवाडी' कस्‍बे का नाम बदलकर 'नरबीर तानाजी वाडी' भी कर दिया गया था। इसके अतिरिक्त तानाजी के अनेकों स्मारक हैं। सिंहगढ़ महाराष्ट्र राज्य के पुणे ज़िले में स्थित एक पहाड़ी क्षेत्र पर स्थित एक दुर्ग है जो पुणे से लगभग 30 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। 

तान्‍हाजी की कास्‍ट
ओम राउत की फ‍िल्‍म तान्‍हाजी में अजय देवगन लीड रोल में हैं, वहीं सैफ अली खान उदयभान का रोल निभा रहे हैं। काजोल सावित्रीबाई और शरद केलकर शिवाजी महाराज का रोल निभा रहे हैं। एक्‍टर पंकज त्रिपाठी मिर्जा राजा जय सिंह और अभिनेत्री नेहा शर्मा कमला देवी का रोल निभाएंगे।

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।