लाइव टीवी

Vijay Raaz Arrest: गुलाबो सिताबो के एक्टर विजय राज हुए गिरफ्तार, फिल्म सेट पर महिला ने लगाया छेड़छाड़ का आरोप

Updated Nov 03, 2020 | 19:27 IST

Vijay Raaz molestation case: अभिनेता विजय राज ने मध्य प्रदेश में फिल्म शेरनी के सेट पर एक महिला से कथित तौर पर छेड़छाड़ की थी। इसी मामले में एक्टर को हिरासत में लिया गया है...

Loading ...
विजय राज
मुख्य बातें
  • विजय राज को गोंदिया पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
  • अभिनेता को मंगलवार को एक होटल से हिरासत में लिया गया। 
  • एक महिला ने विजय पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है।

बॉलीवुड अभिनेता विजय राज गलत कारणों की वजह से चर्चा में हैं। विजय राज को हाल ही में अमिताभ बच्चन, आयुष्मान खुराना की फिल्म गुलाबो सीताबो के साथ कुणाल केमू की लूटकेस में देखा गया था। अब खबर सामने आ रही है कि विजय राज को गोंदिया पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कथित तौर पर अभिनेता विजय राज को मंगलवार को एक होटल से हिरासत में लिया गया। 

पुलिस अधिकारियों के अनुसार अभिनेता विजय राज ने मध्य प्रदेश में फिल्म शेरनी के सेट पर एक महिला से कथित तौर पर छेड़छाड़ की थी। इसी मामले में एक्टर विजय राज को हिरासत में लिया गया है। कन्नड़ प्रभा की एक रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी ने अभिनेता विजय राज के खिलाफ गोंदिया के रामनगर थाने में मामला दर्ज कराया है। ये घटना सोमवार रात को हुई है।

महिला ने लगाया विजय राज पर छेड़छाड़ का आरोप
रिपोर्ट में उल्लेख किया गया है कि कथित घटना सोमवार रात को हुई। गली बॉय में अभिनय करने वाले विजय राज फिलहाल विदर्भ क्षेत्र में शेरानी की शूटिंग कर रहे थे। इसी बीच, फिल्म के चालक दल में से एक महिला ने विजय राज पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। पीड़िता ने गोंदिया के रामनगर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कराया है।

विजय राज को गिरफ्तार कर पुलिस कर रही जांच
रिपोर्ट में बताया गया है कि फिल्म की शूटिंग मध्य प्रदेश के बालाघाट क्षेत्र में हुई है। पूरी कास्ट गोंदिया के गेटवे होटल में ठहरी थी। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है और विजय राज को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

आपको बता दें, विजय राज इस साल कई फिल्मों में देखे गए। अभिनेता ने शूजीत सरकार की फिल्म गुलाबो सीताबो में प्रमुख भूमिका निभाई थी। उनके किरदार को फिल्म में काफी सराहा गया। जल्द ही विजय राज संजय लीला भंसाली की फिल्म गंगूबाई काठियावाड़ी में दिखाई देंगे। फिल्म में आलिया भट्ट मुख्य भूमिका में होंगी। साथ ही शांतनु माहेश्वरी, पार्थ समथान सहायक भूमिकाओं में दिखाई देंगे। ये फिल्म मुम्बई के हुसैन जैदी की किताब माफिया क्वींस पर आधारित है और एक वेश्यालय की मैडम गंगूबाई के बारे में है।

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।