- करीब 4 साल पहले साक्षी खन्ना के बॉलीवुड डेब्यू की खबरें आई थीं।
- साक्षी पहले फिल्ममेकर मिलन लुधरिया के साथ बॉलीवुड डेब्यू करने जा रहे हैं।
- साक्षी ने अपना खुद का प्रोडक्शन हाउस भी खोला है।
70 के दशक के सुपरस्टार विनोद खन्ना के फिल्मी सफर से कौन वाकिफ नहीं हैं। सुपरहिट करियर के बाद उनकी जिंदगी में आए आध्यात्मिक मोड़ को भी सब जानते हैं। विनोद खन्ना जब अपने करियर के चरम पर थे तो अचानक वो संन्यास लेकर ओशो की शरण में चले गए थे। विनोद खन्ना ने ओशो के आश्रम में माली, टॉयलेट और बर्तन साफ तक करने का काम किया। विनोद खन्ना अब इस दुनिया में नहीं है साल 2017 में कैंसर से उनकी मृत्यु हो गई थी। अब खबर सामने आ रही है कि विनोद खन्ना के बेटे भी उन्हीं की राह पर जाने को तैयार हैं। रिपोर्ट के मुताबिक विनोद खन्ना के छोटे बेटे साक्षी खन्ना ने आध्यात्म का रास्ता पकड़ लिया।
दरअसल साक्षी खन्ना ने हाल ही में ओशो इंटरनेशनल जॉइन किया है। कुछ महीने पहले वो ओशो के आश्रम गए थे और अब उन्होंने इसे जॉइन कर लिया है। बताया जा रहा है कि वो भी पिता की तरह संन्यासी बनने की राह पर निकल गए हैं। हालांकि खुद साक्षी ने सामने इसकी ऑफिशियल अनाउंसमेंट नहीं की है।
आपको बताते चलें साक्षी खन्ना, विनोद खन्ना की दूसरी पत्नी कविता के बेटे हैं। जब विनोद खन्ना ओशो की शरण में गए तो उनका पहली पत्नी गीतांजलि से रिश्ता टूटने लगा। धीरे-धीरे कुछ वक्त के बाद वो अपने परिवार से अलग हो गए। बाद में जब विनोद खन्ना ने संन्यास से वापस लौटने का फैसला किया तो फिर उन्होंने दूसरी शादी कविता से रचाई थी। दूसरी पत्नी से उन्हें एक बेटा साक्षी और एक बेटी श्रद्धा है। वहीं पहली पत्नी से दो बेटे अक्षय खन्ना और राहुल खन्ना हैं।
साक्षी खन्ना की बात करें तो कुछ साल पहले उनकी बॉलीवुड डेब्यू की खबरें आई थीं। साक्षी करीब 4 साल पहले फिल्ममेकर मिलन लुधरिया के साथ बॉलीवुड डेब्यू करने जा रहे हैं। हालांकि उन्होंने फिर डेब्यू नहीं किया। साक्षी के इस डिसीजन के पीछे का क्या कारण था इसका पता नहीं चला। इसी के बाद साक्षी ने अपना प्रोडक्शन हाउस भी खोला। बाद में साक्षी अपने अफेयर को लेकर भी सुर्खियों में रहे। साक्षी पूनम पांडे को डेट करने लगे हालांकि कभी इसपर उन्होंने सामने से आकर बात नहीं की। 2011 में साक्षी एक रेव पार्टी में भी पकड़े गए थे लेकिन उन्होंने उस समय ड्रग्स लेने से इंकार किया था।