लाइव टीवी

Shyam Dehati Death: भोजपुरी के दिग्गज गीतकार श्याम देहाती का निधन, खेसारी से रवि किशन तक सदमे में हैं सितारे

Updated Apr 19, 2021 | 19:48 IST

Bhojpuri lyricist Shyam Dehati Dehati: भोजपुरी के जाने-माने गीतकार श्याम देहाती का आज निधन हो गया है। श्याम देहाती कोरोना वायरस की चपेट में आ गए थे...

Loading ...
श्याम देहाती और खेसारी लाल।
मुख्य बातें
  • भोजपुरी के जाने-माने गीतकार श्याम देहाती का आज निधन हो गया है
  • श्याम देहाती कोरोना वायरस की चपेट में आ गए थे
  • श्याम देहाती ने कई दिग्गज भोजपुरी सितारों के लिए काम किया

भोजपुरी इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आई है। खबर है कि भोजपुरी के जाने-माने गीतकार श्याम देहाती का आज निधन हो गया है। श्याम देहाती कोरोना वायरस की चपेट में आ गए थे और इसी के चलते उनका निधन हो गया। श्याम देहाती के निधन की खबर से पूरी इंडस्ट्री सदमे में है। दिनेश लाल यादव निरहुआ, खेसारी लाल यादव, कल्लू, पवन सिंह आदि जैसे कई सितारों ने उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से श्रद्धांजलि दी है। 

जानकारी के मुताबिक श्याम देहाती को 2 दिन पहले कोरोना पॉजिटिव पाया गया था। इसके तुरंत बाद उन्हें गोरखपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आज उनके मौत की खबर ने सभी को चौंका दिया है। श्याम देहाती अपने पीछे दो बच्चे और पत्नी को छोड़ गए हैं।

खेसारी लाल यादव ने सोशल मीडिया पर श्याम देहाती को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा- 'हम सभी के लाख कोशिश के बावजूद हमारा भाई श्याम देहाती अब नहीं रहा। ये मैसेज हमसे शेयर नहीं किया जा रहा। मन बहुत भारी हो गया है। भाई आप इस दुनिया में नहीं है लेकिन आपकी लिखी हर वो गीत हम सभी के बीच आपके होने का एहसास दिलाएगी। भगवान आपके पवित्र आत्मा को शांति दे।'

रवि किशन ने किया ट्वीट
अभिनेता और पॉलीटिशियन रवि किशन ने लिखा, 'हॉस्पिटल से पहले ये दुखद घटना वो मेरे प्रिय थे ।वो लोग बेतिया हॉस्पिटल से गोरखपुर एम्बुलेंस में आ रहे थे। उनके लोगों का फोन आया, लेट आया था। जब तक बेड बुक करूं वो नहीं रहे।'

श्याम देहाती ने कई दिग्गज भोजपुरी सितारों के लिए काम किया। इसमें सुपरस्टार खेसारी लाल यादव, काजल राघवानी, दिनेश लाल यादव निरहुआ, रानी चटर्जी, प्रदीप पांडे चिंटू, पवन सिंह जैसे कई दिग्गज सितारों के नाम शामिल हैं। जिनकी फिल्मों और गानों को श्याम देहाती ने ही लिखा और ये जबरदस्त हिट साबित हुए।

जानें श्याम देहाती के बारे में
श्याम देहाती ने साल 2007 में दिनेश लाल यादव और आम्रपाली दुबे की फिल्म 'निरहुआ रिक्शावाला' से बतौर गीतकार डेब्यू किया था। श्याम ने गाने लिखने के साथ ही मोनालिसा, रानी चटर्जी की फिल्म रानी दिलबर जानी में एक्टिंग भी की थी। श्याम के नाम कई भोजपुरी हिट गाने हैं, जिनके लिरिक्स को फैन्स ने खूब पसंद किया है।

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।