

- मैगजीन कवर पर जान्हवी कपूर का दिखा अलग अंदाज
- लहंगे के साथ थाई-हाई बूट्स पहन किया फैशन एक्सपेरिमेंट
- जान्हवी कपूर की झोली में अभी कई फिल्में हैं
बॉलीवुड एक्ट्रेस जान्हवी कपूर ने पिछले साल ही बॉलीवुड में डेब्यू किया था। अपनी पहली ही फिल्म से वे बेहद लोकप्रिय हो गईं। दिवंगत एक्ट्रेस श्रीदेवी और बॉलीवुड फिल्ममेकर बोनी कपूर की बेटी जान्हवी इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्मों की तैयारियों में जुटी हैं। स्टाइल के मामले में भी जान्हवी का कोई जवाब नहीं है। रेड कार्पेट से लेकर एयरपोर्ट तक, वे अपने स्टाइल से फैंस को कभी निराश नहीं करती हैं।
हाल ही में जान्हवी मशहूर फैशन मैगजीन द पीकॉक मैगजीन के अक्टूबर इश्यू के कवर पर नजर आईं। इस कवर पर उन्होंने डिजाइनर जोड़ी फाल्गुनी शैन पीकॉक का एक खूबसूरत ब्लैक लहंगा पहना हुआ है। इस पर सिल्वर एम्बेलिश्मेंट और थ्रेड वर्क किया गया है। इसके साथ जान्हवी ने एक स्ट्रेपी चोली कैरी की है। इस लुक में वे बेहद खूबसूरत लग रही हैं। जान्हवी के थाई-हाई बूट्स ने इस लुक को और भी ट्रेंडी बना दिया। लहंगे के साथ ये लेसी बूट्स उनके लुक को सबसे अलग बना रहे हैं।
इस दौरान जान्हवी टिंटेड लिप्स के साथ सटल मेकअप किया है। उन्होंने अपने लुक को स्टेटमेंट रिंग से एक्सेसराइज किया है। हेयरस्टाइल की अगर बात करें तो जान्हवी ने सेंटर पार्टिंग के साथ अपने बालों को वेवी लुक में खुला रखा है। फेस्टिव सीजन में आप जान्हवी की तरह ऐसा लुक ट्राय कर सकती हैं।
वर्क फ्रंट की अगर बात करें तो जान्हवी फिल्म गुंजन सक्सेना: द कारगिल गर्ल में नजर आने वाली हैं। ये फिल्म पहली महिला भारतीय लड़ाकू पायलट गुंजन सक्सेना की बायोपिक है, जिन्होंने कारगिर युद्ध में हिस्सा लिया था। इस फिल्म में उनके साथ पंकज त्रिपाठी और अंगद बेदी नजर आएंगे। गुंजन सक्सेना: द कारगिल गर्ल 13 मार्च 2020 को रिलीज होगी।
इसके अलावा जान्हवी, राजकुमार राव के साथ रूहीआफ्जा और कार्तिक आर्यन के साथ दोस्ताना 2 में दिखेंगी। वे करण जौहर की मल्टीस्टारर पीरियड ड्रामा फिल्म तख्त में भी काम करने वाली हैं। इसमें जान्हवी के अलावा करीना कपूर खान, आलिया भट्ट, रणवीर सिंह, अनिल कपूर, विक्की कौशल और भूमि पेडनेकर हैं।