लाइव टीवी

Bigg Boss 13 पर मंडराया खतरा, शिकायतों पर गौर कर रहा है सूचना प्रसारण मंत्रालय

Updated Oct 10, 2019 | 14:44 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

Bigg Boss 13: मेल और फीमेल कंटेस्टेंट द्वारा बेड शेयर करने के कारण बिग बॉस 13 पहले दिन से विवादों में है। विवादित रियेलिटी शो के खिलाफ कई शिकायते भेजी गई है। अब सूचना प्रसारण मंत्रालय शिकायतों पर गौर करेगा।

Loading ...
Bigg Boss 13
मुख्य बातें
  • बिग बॉस 13 मेल और फीमेल कंटेस्टेंट्स द्वारा बेड शेयर करने के कारण विवादों में है।
  • सूचना और प्रसारण मंत्रालय सीजन 13 के खिलाफ आ रही शिकायतों पर ध्यान दे रहा है।
  • यूपी के लोनी से बीजेपी विधायक नंद किशोर गुर्जर ने बिग बॉस के खिलाफ सूचना प्रसारण मंत्रालय में शिकायत की है।

मुंबई. बिग बॉस सीजन 13 पर बैन होने का खतरा मंडरा रहा है। सूचना प्रसारण मंत्रालय इस शो के खिलाफ आ रही शिकायतों पर गौर करेगा। इस विवादित रियेलिटी शो के खिलाफ व्यापार संगठन, करणी सेना और बीजेपी के विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने सूचना प्रसारण मंत्रालय को चिट्ठी लिखी थी। इन सभी ने बिग बॉस को बैन करने की मांग की थी।    

ANI की रिपोर्ट के मुताबिक सूचना और प्रसारण मंत्रालय बिग बॉस सीजन 13 के खिलाफ आ रही शिकायतों पर ध्यान दे रहा है। इस शो का 13वां सीजन मेल और फीमेल कंटेस्टेंट्स द्वारा बेड शेयर करने के कारण विवादों में है। हालांकि, बिग बॉस ने ये फैसला वापस ले लिया।

यूपी के लोनी से बीजेपी विधायक नंद किशोर गुर्जर ने लिखा कि, " बिग बॉस का सीजन 13 प्राइम टाइम पर टेलिकास्ट हो रहा है।  वर्तमान कॉन्सेप्ट की अवधारणा से देश की मूल सांस्कृतिक और युगों से स्थापित सामाजिक नैतिक व्यवस्था को चोट पहुंचाया जा रहा है। "

टीवी सीरियल के लिए सेंसर बोर्ड की मांग 
विधायक नंदकिशोर ने अपने लेटर में आगे लिखा, "जनबूझकर चर्चा में बने रहने के लिए कार्यक्रम के द्वारा दो विपरीत धर्म मुस्लिम एंव सनातन (ब्राह्मण) के लोगों को बेड पार्टनर बनाकर आपत्तिजनक दृश्य प्रसारित किए जा रहे हैं। विवादों में बने रहने वाले एस शो को प्रसारण की अनुमति देना अनुचित है।'      

भाजपा विधायक ने टीवी सीरियल के लिए सेंसर बोर्ड की भी मांग की है। विधायक ने लिखा, " आपसे अनुरोध है कि बिग बॉस 13 के प्रसारण पर तत्काल रोक लगाई जाए। इसके अलावा टीवी सीरियल में भी फिल्मों की तरह सेंसर की व्यवस्था सख्ती से की जाए।"    

करणी सेना ने लिखा था ये खत 
बिग बॉस 13 के खिलाफ करणी सेना ने भी सूचना प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर को खत लिखा था।  लेटर के मुताबिक ये सभी चीजें हिंदू संस्कृति के खिलाफ है। शो को हिंदू एक्ट के तहत बैन कर दिया जाए। करणी सेना लिखती है- ये शो नेशनल टीवी पर आता है। ऐसे में ये पूरी तरह से हिंदू संस्कृति को नष्ट कर रहा है।

व्यापार संगठन कांफेडरेशन ऑफ इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने अपनी चिट्ठी में लिखा था कि, "इस विवादित शो में फूहड़ता और अश्लीलता दिखाई जाती है। इस कारण इसे परिवार के साथ नहीं देखा जा सकता है। बिग बॉस के कारण देश के पारंपरिक और सांस्कृतिक मूल्यों की धज्जियां उड़ाई जा रही है।" 

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।