लाइव टीवी

काशीबाई बाजीराव बल्लाल से TV पर 9 साल बाद कमबैक कर रहीं ऐश्वर्या नारकर, जानें सीरियल की पूरी स्टारकास्ट, कहानी और सितारों से जुड़ी डिटेल

Updated Nov 15, 2021 | 17:54 IST

Kashibai Bajirao Ballal Serial Child stars To Story plot Timing Details| आज से शुरू हो रहा काशीबाई बाजीराव बल्लाल टीवी सीरियल। छोटे परदे मराठा साम्राज्य की सबसे प्रतिष्ठित अनकही कहानी टेलिकास्ट होगी। जानें काशीबाई बाजीराव बल्लाल के लीड स्टार्स से लेकर सभी डिटेल।

Loading ...
Kashibai Bajirao Ballal
मुख्य बातें
  • छोटे परदे पर एक और ऐतिहासिक सीरीज आने के लिए पूरी तरह से तैयार है।
  • इस सीरीज में मराठा साम्राज्य की सबसे प्रतिष्ठित अनकही कहानी टेलिकास्ट होगी।
  • ये कहानी बाजीराव की पहली पत्नी काशीबाई बाजीराव बल्लाल की होने वाली है।

छोटे परदे पर काशीबाई बाजीराव बल्लाल नाम का नया सीरियल शुरू होने जा रहा है। यह नया शो पेशवा बाजीराव की पत्नी काशीबाई की कहानी पर आधारित होगा। बॉलीवुड फिल्म बाजीराव मस्तानी की तरह अब टीवी पर सीरियल के जरिए इस कहानी को दिखाया जाएगा। फिल्म में प्रियंका चोपड़ा, दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह की मुख्य भूमिका निभाई थी। प्रियंका ने बाजीराव की पहली पत्नी काशीबाई की भूमिका अदा की थी। हालांकि फिल्म मस्तानी और बाजीराव की लव स्टोरी पर ज्यादा फोकस थी लेकिन अब टीवी सीरियल में काशीबाई की कहानी दिखाई जाएगी। 

जोधा अकबर और झांसी की रानी की यात्रा को जीवंत करने के बाद अब जी टीवी अपने दर्शकों के लिए 2021 की सबसे बड़ी ऐतिहासिक सीरीज लाने के लिए पूरी तरह से तैयार है। चैनल मराठा साम्राज्य की सबसे प्रतिष्ठित महिलाओं में से एक की अनकही कहानी प्रस्तुत कर रहा है जो कि काशीबाई बाजीराव बल्लाल है। यह शो महान मराठा साम्राज्य की कहानी, उसके गौरव और वीरता का प्रदर्शन करेगा, जो काशीबाई के नजरिए से दिखाई जाएगी। पति द्वारा दूसरी शादी कर लेने के बाद भी साम्रज्य के हितों के लिए काशीबाई का हमेशा समर्पित रहना, काशीबाई का त्याग, साहस और प्रेम की अधूरी कहानी शो में दिखाई जाएगी।

काशीबाई बाजीराव बल्लाल के ये हैं लीड स्टार्स
बाल कलाकार आरोही पटेल और वेंकटेश पांडे इस शो में काशीबाई और बाजीराव का रोल निभाते नजर आएंगे। इस शो में काशीबाई के रूप में नवोदित अभिनेत्री आरोही पटेल हैं। वहीं डीआईडी लिटिल मास्टर्स के एक्स कंटेस्टेंट, अभिनेता और सोशल मीडिया स्टार वेंकटेश पांडे को अब बाजीराव बल्लाल का चरित्र निभाने के लिए चुना गया है। जो कि मराठा साम्राज्य के सर्वश्रेष्ठ योद्धा का रोल करेंगे। 

ऐश्वर्या नारकर कर रहीं टीवी पर कमबैक
सीनियर स्टार ऐश्वर्या नारकर को राधाबाई का रोल निभाने के लिए चुना गया है। हिट शो घर की लक्ष्मी बेटियां और फिल्म धड़क के लिए मशहूर अभिनेत्री ऐश्वर्या नारकर इस धारावाहिक के जरिये नौ साल बाद टेलीविजन पर वापसी करने जा रही हैं। राधाबाई की कहानी भी अनोखी है। बाजीराव की मां राधाबाई ने कैसे अपने बच्चे को एक अनुशासित जीवन में ढालकर उसे शीर्ष तक पहुंचने में मदद की, यह भी सीरियल काशीबाई बाजीराव बल्लाल की कहानी में दिखाया जाएगा।

ये सितारे होंगे काशीबाई बाजीराव बल्लाल सीरियल का अहम हिस्सा
शो में सुरभि गौतम, अनमोल बावड़ेकर, दर्श प्रजापति, हिर्वा त्रिवेदी, संजना वर्मा, अमीष शर्मा, हेतल यादव, आरव खोट, नेंसी मकवाला और तरुण खन्ना जैसे कलाकार भी नजर आएंगे। शो की शुरुआत एक युवा काशी बाई की कहानी से होगी। बाल कलाकारों की लोकप्रियता के आधार पर मेकर्स आगे लीप की प्लानिंग करेंगे। 

कब से शुरू हो रहा काशीबाई बाजीराव बल्लाल
छोटे परदे पर दर्शक काशीबाई बाजीराव बल्लाल सीरियल जी टीवी पर देख सकेंगे। 15 नवंबर 2021 से सीरियल ऑन एयर हो रहा है। सोमवार से शुक्रवार तक शो रात 8 बजे जी टीवी पर टेलिकास्ट होगा। 

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।