लाइव टीवी

KBC 12: फरहत नाज ने इस सवाल पर छोड़ा शो, क्या आप जानते हैं 50 लाख रुपये के इस सवाल का जवाब?

Updated Oct 21, 2020 | 21:38 IST

कौन बनेगा करोड़पति में हॉट सीट पर पहुंचीं रायबरेली की रहने वाली फरहत नाज, जिन्होंने 25 लाख रुपये जीते। फरहत ने 50 लाख के के सवाल पर शो छोड़ दिया, क्या आप जानते हैं उस सवाल का सही जवाब?

Loading ...
Farhat Naz and Amitabh Bachchan
मुख्य बातें
  • केबीसी 12 में फरहत नाज ने जीते 25 लाख रुपये
  • फरहत नाज ने 50 लाख रुपये के सवाल पर क्विट किया केबीसी-12
  • क्या आप जानते हैं 50 लाख रुपये के इस सवाल का सही जवाब?

कौन बनेगा करोड़पति 12 में हॉट सीट पर पहुंचीं रायबरेली की रहने वाली फरहत नाज। फरहत शो से 25 लाख रुपये जीतकर गईं। शो में उनसे 50 लाख रुपये के लिए जो सवाल पूछा गया वो उसका जवाब नहीं जानती थीं जिसके चलते उन्होंने शो को क्विट कर दिया।

50 लाख रुपये के लिए फरहत से जो सवाल पूछा गया वो उसका जवाब नहीं जानती थीं और उनके पास कोई लाइफलाइन भी नहीं थी जिसके चलते उन्होंने शो क्विट किया। उनसे पूछा गया सवाल था:-

1857 के विद्रोह के दौरान लखनऊ का नेतृत्व करने वाली बेगम हजरत महल का वास्तविक नाम क्या था ?

A. बीबी मुबारिका
B. मेहर-इन-निसा
C. सिकंदर जहान
D. मोहम्मदी खानुम

इस सवाल का जवाब है D. मोहम्मदी खानुम।

25 लाख रुपये के लिए फरहत से जो सवाल पूछा गया वो है:-

इनमें से कौन सा देश जुलाई 2020 में मंगल ग्रह के लिए अंतरिक्ष मिशन लॉन्च करने वाला पहला अरब देश बन गया?

A. सऊदी अरब
B. संयुक्त अरब अमीरात
C. मिस्त्र
D. कतर

इस सवाल का सही जवाब है B. संयुक्त अरब अमीरात। फरहत इसका जवाब जानती थीं। 

12 लाख 50 हजार रुपये के लिए फरहत से जो सवाल पूछा गया वो है:-

माता और पुत्री की इनमें से कौन सी जोड़ी भारत में राज्यपाल पद पर आसीन रही है?

A. सरोजिनी और पद्मजा नाडयू
B. विजया राजे और यशोधरा राजे सिंधिया
C. प्रतिभा पाटिल और ज्योति राठौड़
D. नजमा और रुबीना हेपकुल्ला

इस सवाल का सही जवाब फरहत नहीं जानती थीं और उन्होंने अपनी आखिरी लाइफलाइन आस्क द एक्सपर्ट का इस्तेमाल कर इसका जवाब दिया। इस सवाल का सही जवाब है A. सरोजिनी और पद्मजा नाडयू।

6 लाख 40 हजार रुपये के लिए फरहत से जो सवाल पूछा गया था उसका जवाब वो जानती थीं। वो सवाल ये है:- 

कन्नौज जिसे कभी कान्यकुब्ज के नाम से भी जाना जाता था, किस महान सम्राट की राजधानी थी

A. अशोका
B. चंद्रगुप्त
C. हर्षवर्धन
D. समुद्रगुप्त

इस सवाल का सही जवाब है C. हर्षवर्धन।

कौन हैं फरहत नाज

रायबरेली की रहने वाली फरहत नाज एक मदरसे में पिछले 12 साल से टीचर हैं और अपने स्टूडेंट्स को हिंदी व अंग्रेजी पढ़ाती हैं। फरहत के पति सऊदी में रहते हैं। शो में उन्होंने बताया कि मदरसे में गरीब तबके के बच्चे पढ़ने आते हैं। वो चाहती हैं कि आर्थिक तंगी के अभाव में बच्चों की पढ़ाई ना छूटे और वो शिक्षित हों। उनका कहना है कि लोगों को किसी भी तरह से मदरसे को कम नहीं समझना चाहिए। फरहत की शादी 18 साल की उम्र में हो गई थी जिसके चलते वो अपनी ग्रैजुएशन पूरी नहीं कर सकी थीं। ग्रैजुएट ना होने की वजह से शादी के बाद उन्हें सरकारी स्कूल में टीचर के तौर पर नौकरी नहीं मिल सकी और उन्होंने अपनी पढ़ाई पूरी करने का फैसला किया। फरहत अभी एमए सेकंड ईयर की पढ़ाई कर रही हैं। 
 

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।