लाइव टीवी

KBC 12: कटे पैर के साथ माउंट एवरेस्ट चढ़ने वालीं अरुणिमा ने जीते 12.50 लाख, क्या आप जानते हैं इस सवाल का जवाब

Updated Dec 11, 2020 | 23:35 IST

Kaun Banega Brorepati 12: कौन बनेगा करोड़पति के कर्मवीर स्पेशल एपिसोड में अरुणिमा सिन्हा 12.50 लाख रुपए की राशि जीतने में कामयाब रहीं। उन्होंने 2011 में उनके साथ हुई दर्दनाक घटना के बारे में भी बात की।

Loading ...
कौन बनेगा करोड़पति 12 दिव्यांग अरुणिमा सिन्हा एपिसोड
मुख्य बातें
  • दिव्यांग पर्वतारोहती डॉ. अरुणिमा सिन्हा ने जीते 12.50 लाख रुपए
  • पैर कटने के बावजूद फतह की माउंट एवरेस्ट समेत दुनिया की सबसे ऊंची चोटियां
  • केबीसी 12 कर्मवीर स्पेशल एपिसोड में 2011 में हुई दर्दनाक घटना को किया याद

KBC Karmveer Special Episode: कौन बनेगा करोड़पति सीजन 12 के कर्मवीर स्पेशल एपिसोड में दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट को चढ़ने वाली डॉ. अरुणिमा सिन्हा नजर आईं। वह क्विज शो में 12.50 लाख रुपए की राशि जीतने में कामयाब रहीं। अरुणिमा क्विज शो पर अपने पति के साथ पहुंची थीं और अपने साथ हुई दुर्घटना और हौसले भरी कहानियां केबीसी के दर्शकों और होस्ट अमिताभ बच्चन के साथ साझा कीं।

भारतीय दिव्यांग पर्वतारोही डॉ. अरुणिमा सिन्हा माउंट एवरेस्ट, माउंट किलिमंजारो (तंजानिया), माउंट एल्ब्रस (रूस), माउंट कोसियसको (ऑस्ट्रेलिया), माउंट एकॉनगुआ (दक्षिण अमेरिका), कार्सटेंस पिरामिड (इंडोनेशिया) और माउंट विंसन की सफलतापूर्वक चढ़ाई करने वाली दुनिया की पहली महिला एंप्यूटि हैं।

2011 में हुई दर्दनाक घटना: अरुणिमा ने 2011 में एक चलती ट्रेन में उनके साथ हुई घटना की कहानी सुनाई, जहां कुछ लुटेरों से उनका सामना हुआ और विरोध करने पर उन्होंने महिला को पटरी से दौड़ती ट्रेन से नीचे धकेल दिया। रात भर अरुणिमा पटरी पर पड़ी रहीं और आखिरकार उनके बाएं पैर को काटना पड़ा।

अरुणिमा की बायोपिक में महानायक देंगे योगदान! अमिताभ बच्चन ने बताया कि कैसे हौसले से भरी महिला दिव्यांग की उपस्थिति में वह सम्मानित महसूस कर रहे हैं। इसके साथ ही बिग बी ने महिला दिव्यांग की आगामी बायोपिक में योगदान देने की बात कही। इस मौके पर खेल में अरुणिमा के साथ उनके पति गौरव सिंह भी थे।

अरुणिमा समय की समाप्ति तक कर्मवीर स्पेशल एपिसोड में खेलती रहीं और 12.50 लाख रुपए के प्रश्न तक पहुंचीं। एक नजर उनसे पूछ गए आखिरी प्रश्न पर-

सवाल: अलवर, भरतपुर, बीकानेर, बूंदी किस लग्जरी पर्यटक ट्रेन के कोच के नाम हैं?

A. गोल्डन चैरिएट।
B. महाराजा एक्सप्रेस
C. पैलेस ऑन व्हील्स
D. रॉयल ओरिएंट

इसके सवाल का सही उत्तर है- विकल्प सी. पैलेस ऑन व्हील्स।

बता दें कि कौन बनेगा करोड़पति सीजन 12 को नाज़िया नसीम, आईपीएस अधिकारी मोहिता शर्मा और सरकारी शिक्षक अनूपा दास के रूप में तीन करोड़पति मिल चुके हैं। हाल ही में, दो प्रतियोगियों, तेज बहादुर सिंह और विजय राठौर ने 1 करोड़ रुपए के प्रश्न का प्रयास किया था, लेकिन इसका जवाब देने में असफल रहे थे।

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।