लाइव टीवी

Priya Tendulkar: भारत की वो पहली टीवी स्टार, जिसने 'रजनी' के किरदार से लोगों के दिलों पर राज किया

प्रदीप कुमार तिवारी | सीनियर रिपोर्टर
Updated Jul 05, 2020 | 14:23 IST

Ranji And Hum Paanch Actress Priya Tendulkar Biography: प्रिया तेंदुलकर बड़े और छोटे पर्दे की वो अदाकारा हैं जो हमारे बीच नहीं होकर भी, सबकी यादों में बसी हुई हैं....

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspInstagram
प्रिया तेंदुलकर।
मुख्य बातें
  • प्रिया तेंदुलकर सिर्फ एक बेहतरीन अभिनेत्री ही नहीं, बल्कि वह एक अच्छी लेखिका भी थीं।
  • प्रिया ने कई सीरियल और फिल्मों में एक्टिंग के साथ-साथ बहुत सी कहानियां भी लिखी हैं।
  • प्रिया के पिता विजय तेंदुलकर एक प्रसिद्ध नाटककार थे। उनकी दो बहनें और एक भाई था।

भारत की पहली टीवी स्टार 'प्रिया तेंदुलकर' को बहुत कम लोग ही जानते हैं। प्रिया तेंदुलकर बड़े और छोटे पर्दे की वो अदाकारा हैं जो हमारे बीच नहीं होकर भी, सबकी यादों में बसी हुई हैं। प्रिया ने अनेक फिल्मों व टीवी धारावाहिकों में भूमिका निभाई है। प्रिया तेंदुलकर सिर्फ एक बेहतरीन अभिनेत्री ही नहीं, बल्कि वह एक अच्छी लेखिका भी थीं। उन्होंने कई सीरियल और फिल्मों में एक्टिंग के साथ-साथ बहुत सी कहानियां भी लिखी हैं।

प्रिया तेंदुलकर का जन्म 19 अक्टुबर, 1954 को हुआ था। प्रिया के पिता विजय तेंदुलकर एक प्रसिद्ध नाटककार थे। उनकी दो बहनें और एक भाई था। कहा जाता है कि प्रिया का झुकाव बचपन से ही एक्टिंग की तरफ था। यही वजह थी कि उन्होंने पढ़ाई के साथ-साथ एक्टिंग की दुनिया में भी कदम रखा।

बासु चटर्जी के शो से मिली पहचान
प्रिया तेंदुलकर को बासु चटर्जी के शो 'रजनी' से खासा लोकप्रियता हासिल हुई। 1985 में बने इस सीरीयल में प्रिया ने 'रजनी' नाम का किरदार निभाया था। शो में उनका किरदार भ्रष्टाचार और सामाजिक बुराईयों के खिलाफ बेखौफ होकर आवाज़ उठाने वाली एक साधारण गृहणी का था।

शो में करण राजदान से हो गया था प्यार
बता दें कि प्रिया इस शो में करण राजदान की वजह से ही आई थीं। इस शो के लेखक करण राजदान ने बासु चटर्जी को रजनी के किरदार के लिए प्रिया का नाम सुझाया था। करण राजदान बताते हैं, 'मैं उनसे पहले नहीं मिला था। लेकिन प्रसिद्ध नाटककार विजय तेंदुलकर की बेटी होने के नाते मुझे लगा कि वह इस किरदार के लिए परफैक्ट हैं।' इस शो में करण राजदान ने प्रिया के पति का किरदार निभाया था। इस सीरियल के दौरान दोनों को एक-दूसरे से प्यार हो गया। प्रिया ने साल 1988 में अभिनेता व लेखक करण राजदान से शादी कर ली। यह विवाह सात साल ही चल सका और बाद में दोनों अलग हो गए।

एकता कपूर के शो 'हम पांच' में भी किया काम
'रजनी' के अलावा प्रिया ने एकता कपूर के कॉमेडी शो 'हम पांच' में भी अहम भूमिका निभाई। 90 के दशक के इस शो में उन्होंने फोटो फ्रेम से बोलती एक मृत बीवी की भूमिका अदा की थी। प्रिया के इस किरदार को भी लोगों ने खूब सराहा और पंसद किया गया। उन्होंने गुलजार द्वारा निर्देशित 'स्वयंसिद्ध' में भी काम किया। प्रिया तेंदुलकर ने टीवी पर 'द प्रिया तेंदुलकर शो' और 'ज़िम्मेदार कौन' जैसे सफ़ल टॉक शो भी किए। इन टॉक शो में प्रिया के आक्रामक अंदाज़ को काफी पसंद किया गया।

रजनी नाम से हुईं फेमस

प्रिया तेंदुलकर ने अंकुर, मोहरा और त्रिमूर्ती जैसी कुछ हिन्दी फिल्मों में भी उन्होंने काम किया है। 1974 में श्याम बेनेगल की फिल्म अंकुर में निभाई भूमिका के कारण प्रिया के अभिनेता अनंत नाग से भी उनके संबंध जोड़े जाते रहे। 19 सितंबर, साल 2002 में  दिल का दौरा पड़ने से वह इस दुनिया को अलविदा कह गईं। 'रजनी' सीरियल में प्रिया ने इतना दमदार अभिनय किया कि वो घर-घर रजनी के रूप में जानी जाने लगीं। ये सीरियल सामाजिक मुद्दों पर आधारित था, इसलिए हर महिला ने रजनी के किरदार से ख़ुद को जुड़ा हुआ पाया। इसी के साथ ये धारावाहिक उस दौर के लोकप्रिय धारावाहिकों में से एक बन गया और आज तक लोग इसे भुला नहीं पाये हैं।

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।