लाइव टीवी

'रामायण' फिर शुरू होने पर बोले राम और सीता- बुरे समय में लोग भगवान को कर रहे याद

Still From Ramayana
Updated Mar 27, 2020 | 17:06 IST

रामायण 28 मार्च से एक बार फिर से शुरू होने जा रहा है। शो में राम और सीता का रोल निभाने वाले अरुण गोविल और दीपिका चिखलिया ने कहा कि इस बुरे समय में लोग भगवान को याद कर उनकी शरण में जाना चाहते हैं।

Loading ...
Still From RamayanaStill From Ramayana
Still From Ramayana
मुख्य बातें
  • 28 मार्च से टीवी पर फिर शुरू होने जा रही है रामानंद सागर की 'रामायण'
  • शो में राम और सीता का रोल निभाने वाले अरुण गोविल और दीपिका चिखलिया ने इसपर रिएक्ट किया
  • उन्होंने कहा कि लोग मुश्किल समय में हैं और भगवान को याद कर रहे हैं

टेलिविजन पर करीब 33 साल पहले शुरू हुई रामानंद सागर की 'रामायण' एक बार फिर शुरू होने जा रही है। यह कल यानी 28 मार्च से शुरू होने जा रहा है, जो कि दूरदर्शन पर प्रसारित किया जाएगा। इस सीरियल को दर्शकों ने इतना पसंद किया था कि इसके एक्टर्स को वो पूजनीय मानते थे और उन्हें लेकर जनता के बीच बहुत क्रेज था। 

इस शो में अरुण गोविल ने राम का किरदार निभाया था, एक्ट्रेस दीपिका चिखलिया इसमें सीता के रोल में दिखी थीं और एक्टर सुनील लहरी लक्ष्मण के रोल में थे। हाल ही में एक वेबसाइट ने इस सीरियल के फिर से शुरू होने को लेकर अरुण गोविल ने बात की और कहा जब लोग परेशानी में होते हैं तब भगवान की शरण में जाते हैं। आज जब लोग मुश्किल में हैं तो वो ऐसा कर रहे हैं। रामायण लोगों को बहुत कुछ सिखाती है जैसे कि जीवन के मूल्य और मर्यादा। आज के युवा रामायण के बारे में बहुत कुछ नहीं जानते लेकिन रामायण के फिर से शुरू होने के बाद उन्हें बहुत कुछ सीखने को मिलेगा।

'सीता' ने कही ये बात

शो में सीता के रोल में दिखीं दीपिका ने कहा कि यह मुश्किल समय है जब लोग भगवान को याद कर रहे हैं और उन्हें ऐसा करना भी चाहिए। दीपिका ने कहा कि  इस समय दुनियाभर में शटडाउन है। यह समय है जब लोग भगवान को याद कर रहे हैं। खाली दिमाग शैतान का घर होता है तो इससे पहले कि शैतान यहां अपना घर बनाए उससे पहले भगवान का यहां घर बना दें।

दीपिका ने इस शो को फिर से शुरू करने का समर्थन किया और कहा कि हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने सोचा होगा कि इस समय घर पर रहकर लोग जीवन के प्रति मर्यादा सीखें और इसीलिए उन्होंने यह फैसला लिया होगा।

मालूम हो कि सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने ट्वीट कर खुद यह जानकारी दी कि शनिवार (28 मार्च) से फिर से यह शो शुरू होने जा रहा है, जो कि दूरदर्शन पर प्रसारित होगा। इसका पहला एपिसोड सुबह 9.00 बजे और दूसरा एपिसोड रात 9.00 बजे प्रसारित होगा। बता दें कि दुनियाभर में फैले कोरोना वायरस को भारत में फैलने से रोकने के लिए पीएम मोदी ने  21 दिनों के लिए देश को लॉकडाउन करने का फैसला किया। इसके बाद से लोग सोशल मीडिया पर रामायण को फिर से प्रसारित करने की मांग लोग कर रहे थे।

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।