लाइव टीवी

Ramayan World Record: रामायण ने बनाया वर्ल्‍ड रिकॉर्ड, एक दिन में 7.7 करोड़ लोगों ने देखी भगवान राम की गाथा

Updated Apr 28, 2020 | 18:58 IST

Ramayan World Record: टीआरपी के नए कीर्तिमान रचने के बाद रामानंद सागर के धारावाहिक रामायण ने अब व‍िश्‍व र‍िकॉर्ड बना ल‍िया है।

Loading ...
Ramayan Serial

Ramayan World Record: टीआरपी के नए कीर्तिमान रचने के बाद रामानंद सागर के धारावाहिक रामायण ने अब व‍िश्‍व र‍िकॉर्ड बना ल‍िया है।  कोरोना वायरस लॉकडाउन की वजह से दोबारा शुरू हुए लोकप्रिय धारावाह‍िक रामायण के 16 अप्रैल के एपिसोड को दुनियाभर में  7.7 करोड़ लोगों ने देखा। इस आंकड़े के साथ यह शो एक दिन में दुनियाभर में सर्वाधिक देखा जाने वाला मनोरंजन शो बन गया है।

प्रसार भारती ने बाकायदा यह खुशी अपने दर्शकों के साथ साझा की है। प्रसार भारती की तरफ से ट्वीट कर इस कीर्तिमान की जानकारी दी गई है। इससे पहले रामायण ने टीआपी के नए कीर्तिमान रचे थे। प्रसार भारती के सीईओ शशि शेखर ने बताया था कि साल 2015 से लेकर अब तक जनरल एंटरटेनमेंट कैटगरी (सीरियल्स) के मामले में यह शो टॉप पर है। 'रामायण' साल 2015 से अब तक का सबसे अधिक टीआरपी जनरेट करने वाला हिंदी जनरल एंटरटेनमेंट शो बना है। 

जब से यह शो शुरू हुआ है तभी से यह टीआरपी की रेस में नंबर वन है। बता दें कि पूरा विश्‍व कोरोना वायरस के संक्रमण से जूझ रहा है। चीन के वुहान शहर से शुरू हुआ यह वायरस धीरे धीरे 200 से ज्‍यादा देशों में फैल गया है। भारत भी इसकी चपेट में है। एहतियात के तौर पर पूरे देश में लॉकडाउन की घोषणा की है जिसकी वजह से लोग घरों में हैं। 

यही वजह है कि ट्विटर पर यूजर्स ने लोकप्रिय धारावाहिक रामायण और महाभारत के पुन: प्रसारण की मांग की थी। सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने जनता की मांग पर इन धारावाहिकों का दोबारा प्रसारण शुरू करा द‍िया। अब सुबह नौ बजे और रात नौ बजे दूरदर्शन नेशनल पर रामायण का प्रसारण किया जा रहा है।

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।