लाइव टीवी

TV जगत के ये हैं 8 खूंखार खलनायक और खलनायिकाएं, मिलें Mann Kee Awaaz Pratigya से Kundali Bhagya तक के विलेन से

Updated Mar 12, 2021 | 15:16 IST

TV Villains Top 8: खलनायक के बिना नायक कभी उभरकर नहीं आता। टीवी जगत में ऐसे कई विलेन रहे जो हीरो-हीरोइन से भी ज्यादा पॉपुलर हुए। हमने इनसे कभी नफरत की, कभी किरदारों से प्यार लेकिन इनको कभी अनदेखा नहीं कर सके

Loading ...
Television Iconic Villains
मुख्य बातें
  • टीवी शोज में हीरो-हीरोइन के साथ एक खलनायक भी होना बहुत जरूरी है।
  • कई खलनायक और खलनायिकाएं हैं जो सीरियल्स में हीरो-हीरोइन से भी ज्यादा पॉपुलर हुए।
  • जानें छोटे परदे के ऐसे ही चर्चित और आइकॉनिक विलेन्स के बारे में।

दुनिया अच्छे और बुरे के बिना अधूरी है। अब हमारे टीवी शोज को ही ले लीजिए दुश्मन के बिना हीरो कहां लाइमलाइट में आता है। जिस तरह किसी फिल्म या टीवी शोज में हीरो-हीरोइन जरूरी है ठीक उसी तरह उनके साथ एक खलनायक भी होना बहुत जरूरी है। क्योंकि खलनायक के बिना नायक कभी उभरकर नहीं आता। वैसे टेलीविजन जगत में ऐसे कई खलनायक और खलनायिकाएं हैं जो सीरियल्स में हीरो-हीरोइन से भी ज्यादा पॉपुलर हुए। आज हम आपको मिलवा रहे हैं छोटे परदे के ऐसे ही चर्चित या कहें आइकॉनिक 8 विलेन्स से...

ठाकुर सज्जन सिंह 
ठाकुर सज्जन सिंह का किरदार अभिनेता अनुपम श्याम द्वारा निभाया गया था। जो कि टीवी शो मन की आवाज प्रतिज्ञा का सबसे अहम किरदार था और उनका किरदार को लीड स्टार्स से भी ज्यादा पॉपुलैरिटी मिली थी। अब नौ साल बाद मन की आवाज प्रतिज्ञा सीरियल सीजन 2 के साथ वापसी कर रहा है। अनुपम श्याम और पूजा गोर के इस शो का नया टीजर भी रिलीज हो चुका है। 

कोमोलिका
कोमोलिका टेलीविजन जगत का एक आइकॉनिक और कभी ना भुलाया जा सकने वाला नाम है। एकता कपूर के शो कसौटी जिंदगी की में उर्वशी ढोलकिया ने कोमोलिका की भूमिका निभाई थी। उनके भाव, शैली, एंट्री म्यूजिक और लुक्स खासे चर्चा में रहे। इससे पहले कभी छोटे परदे पर विलेन किरदार को इतनी पॉपुलैरिटी नहीं मिली थी। कोमोलिका एक शक्तिशाली खलनायिका के रूप में सामने आईं और आज भी इस भूमिका को इतने साल बाद कोई भुला नहीं सका है।

अम्माजी
मेघना मलिक ने टीवी शो ना आना इस देस मेरी लाडो में अम्माजी की भूमिका निभाई थी। अपने अभिनय से उन्होंने सभी को प्रभावित किया था। मेघना को शो में महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार करने वाली सदियों पुरानी परंपराओं का पालन करने वाली एक सख्त महिला के रूप में दिखाया गया था। अम्माजी को उनके आक्रामक व्यक्तित्व के लिए जाना जाता था।

रमोना सिकंद
सुधा चंद्रन को टीवी इंडस्ट्री में एक फेमस वैम्प के रूप में भी जाना जाता है। वह रमोना सिकंद के रूप में कहीं किसी रोज में नजर आई थीं। उनकी लंबी डिजाइन वाली स्टाइलिश बिंदी ने खूब सुर्खियां बटोरी थीं। 

उषा नाडकर्णी 
उषा नाडकर्णी ने टेलीविजन शो पवित्रा रिश्ता में एक दुष्ट सास की भूमिका निभाई थी। उनके चरित्र में कई परतें थीं, जो एक ही समय में समान रूप से प्यार और नफरत करती थीं। उनका नाम इस रोल के बाद टेलीविजन के इतिहास में दर्ज हो गया। बता दें, उषा टेलीविजन की बहुमुखी अभिनेताओं में से एक है।

लोहा सिंह
सुदेश बेरी के शो आगले जनम मोहे बिटिया ही कीजो में लोहा सिंह की भूमिका निभाई थी। जो यंग लड़कियों का व्यापार करने वाले एक दुष्ट पुरुष था। वो महिलाओं को केवल वस्तु के रूप में मानता था। इस तरह के किरदार को पर्दे पर दिखाने के लिए सुदेश की खूब तारीफ हुई थी।

अंश विरानी
आकाशदीप सहगल को लोकप्रिय शो क्योंकि सास भी कभी बहू थी के अंश के रूप में जाना जाता है। जिन्होंने वीरानी परिवार को नष्ट करने के लिए सभी साम दाम दंड भेद अपनाए थे। उसकी बुरी रणनीति से तंग आकर उनकी मां तुलसी विरानी ने उसे गोली मार दी थी। यह सीन आज भी दर्शक भुला नहीं सके हैं। 

पृथ्वी मल्होत्रा
संजय गगनानी को आज के युग का विलेन कहना गलत नहीं होगा। कुंडली भाग्य में पृथ्वी मल्होत्रा की भूमिका निभा रहे संजय गगनानी को उनके ग्रे शेड्स के लिए काफी वाहवाही मिली। लड़कियों को अपने नकली प्रेम जाल में फंसाने और बुरी चालों के लिए उनके किरदार को जाना गया। सोशल मीडिया पर भी इस शो के बाद उनकी खासी लोकप्रियता बढ़ चुकी है।



 

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।