लाइव टीवी

शिल्पा शेट्टी करेंगी इंडियाज गॉट टैलेंट जज तो कपिल शर्मा के शो पर हुई FIR, जानें इस हफ्ते की TV की बड़ी खबरें

Updated Sep 27, 2021 | 14:37 IST

TV News of the week: बीते सप्ताह में टीवी जगत से कपिल शर्मा, जगनूर अनेजा, इंडियाज गॉट टैलेंट और बिग बॉस समेत कई बड़ी खबरें सामने आई हैं। एक नजर हफ्ते की खास सुर्खियों पर...।

Loading ...
टीवी की बड़ी खबरें।
मुख्य बातें
  • द कपिल शर्मा शो पर एफआईआर दर्ज।
  • अर्जुन बिजलानी बने खतरों के खिलाड़ी 11 के विजेता।
  • जानें इस हफ्ते की टीवी की बड़ी खबरें।

एक बार फिर हम आपके लिए टीवी जगत की सप्ताह भर की अपटेड लेकर आ गए हैं। इस हफ्ते भी ऐसी कई खबरें रहीं, जिन्होंने खूब सुर्खियां बटोरीं। टेलीविजन इंडस्ट्री के सितारे और सीरियल की लगातार चर्चा बनी रहीं। चलिए एक नजर डालते हैं इस हफ्ते की टीवी से जुड़ी प्रमुख खबरों पर।

इंडियाज गॉट टैलेंट जज करेंगी शिल्पा शेट्टी
शिल्पा शेट्टी अब एक नए टीवी रियलिटी शो, इंडियाज गॉट टैलेंट 9 को जज करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। फिलहाल वो सुपर डांसर - चैप्टर 4 में जज के रूप में नजर आ रही हैं। शिल्पा ने हाल ही में एक प्रोमो शेयर करके इंडियाज गॉट टैलेंट के नौवें सीजन के साथ अपने सहयोग की घोषणा की है। वीडियो में, शिल्पा को यह घोषणा करते हुए सुना जा सकता है कि ऑडिशन आखिरकार अब खुल गए हैं। इंडियाज गॉट टैलेंट सीजन 9 जल्द ही टेलीविजन स्क्रीन पर वापस आ रहा है। हालांकि, इस बार इसे कलर्स की जगह अब सोनी टीवी पर प्रसारित किया जाएगा।

टीवी स्टार जगनूर अनेजा का निधन
सिद्धार्थ शुक्ला के निधन के बाद इस हफ्ते टीवी से एक और चौंकाने वाली खबर सामने आई। टीवी रियलिटी शोज फेम जगनूर अनेजा का निधन हो गया है। मिस्र में वेकेशन मनाने के दौरान दिल का दौरा पड़ने से जगनूर अनेजा की डेथ हो गई। यह खबर अभिनेता के परिवार, दोस्तों और सोशल मीडिया फॉलोअर्स के लिए सदमे के रूप में आई, जो उनकी अचानक मौत की खबर से शॉक्ड रह गए। टीवी शो लव स्कूल फेम अभिनेता जगनूर अनेजा महज 40 साल के थे इतनी कम उम्र में उनका दुनिया से चले जाना वाकई किसी सदमे से कम नहीं है। जगनूर अनेजा टीवी शो लव स्कूल के पहले और दूसरे सीजन का हिस्सा रहे थे, जिसे करण कुंद्रा और अनुषा दांडेकर ने होस्ट किया था। उन्होंने इस टीवी शो में अपनी गर्लफ्रेंड मनीषा के साथ हिस्सा लिया, लेकिन दोनों का ब्रेकअप हो गया था। मनीषा के साथ संबंध तोड़ने के तुरंत बाद, उनका मोनिका के साथ एक रिलेशन शुरू हुआ था और दोनों रियलिटी टीवी शो के दूसरे सीजन में रहे थे। हालांकि, मोनिका के साथ उनका बंधन भी प्यार की कसौटी पर खरा नहीं उतरा और वे अलग हो गए थे। 

द कपिल शर्मा शो पर एफआईआर दर्ज
कपिल शर्मा का कॉमेडी शो द कपिल शर्मा शो एक बार फिर मुश्किल में आ गया है। मध्य प्रदेश के शिवपुरी की जिला अदालत में शो के खिलाफ कथित तौर पर एक कोर्ट रूम सीन करते हुए अभिनेताओं को मंच पर शराब पीते हुए दिखाने को लेकर प्राथमिकी दर्ज की गई है। शिकायतकर्ता ने कहा कि यह अदालत की मर्यादा का अपमान है। मामले को लेकर एक वकील ने सीजेएम कोर्ट में प्राथमिकी दर्ज कराई है। कथित तौर पर इसकी सुनवाई 1 अक्टूबर, 2021 को होगी।  इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट में वकील के हवाले से कहा गया है, 'सोनी टीवी पर प्रसारित होने वाला द कपिल शर्मा शो बहुत ही गलत और मैला है। वह महिलाओं पर भद्दे कमेंट भी करते हैं। एक एपिसोड में, मंच पर एक अदालत जैसे सेट की स्थापना की गई थी और अभिनेता सार्वजनिक रूप से शराब पीते नजर आए। यह अदालत की अवमानना ​​है। इसलिए मैंने अदालत में दोषियों के खिलाफ धारा 356/3 के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। इस तरह की ढिलाई का प्रदर्शन बंद किया जाना चाहिए।'

बिग बॉस के 8 कंटेस्टेंट हुए कंफर्म
बिग बॉस 15 रियलिटी शो 2 अक्टूबर को लॉन्च होने के लिए बिल्कुल तैयार है। 15वें सीजन की घोषणा के साथ ही कंटेस्टेंट्स को लेकर कई तरह के कयास लगने शुरू हो गए हैं। शो का नवीनतम प्रोमो जारी हुआ है जिसमें चार और नए कंटेस्टेंट का खुलासा हो गया है। बिग बॉस 15 के नए टीजर में चारों कंटेस्टेंट्स की एक झलक देखने को मिली है। बिग बॉस 15 के घर में जाने वालीं पहली कंटेस्टेंट तेजस्वी प्रकाश बन चुकी हैं। खतरे से खेलना पसंद करने वालीं एक्ट्रेस के रूप में तेजस्वी को पेश किया जाता है। दूसरे नंबर पर करण कुंद्रा का नाम सामने आया है। सिम्बा नागपाल को टीवी सीरियल शक्ति अस्तित्व के अहसास के लिए जाना जाता है वो भी सीजन 15 का हिस्सा हैं। वहीं बिग बॉस 15 में गायिका अफसाना खान भी होंगी। पहले बिग बॉस 15 के लिए अन्य 4 और नामों की पुष्टि हो चुकी थी। ये नाम आसिम रियाज के भाई उमर रियाज, टीवी एक्ट्रेस डोनल बिष्ट, बिग बॉस ओटीटी के कंटेस्टेंट प्रतीक सहजपाल, डांस कोरियोग्राफर निशांत भट्ट और शमिता शेट्टी हैं। इस तरह से कुल 8 कंटेस्टेंट के नाम अब तक सामने आ चुके हैं।

अर्जुन बिजलानी बने KKK 11 के विजेता 
रिएलिटी शो खतरों के खिलाड़ी 11 का फिनाले अर्जुन बिजलानी ने जीत लिया है। अर्जुन बिजलानी को बतौर विनर 20 लाख रुपए मिले। इसके अलावा उन्हें नई मारुति कार भी मिली। वहीं, दिव्यांका त्रिपाठी दाहिया रनर अप रहीं। फिनाले में वरुण सूद, विशाल आदित्य सिंह, दिव्यांका त्रिपाठी दाहिया, अर्जुन बिजलानी और श्वेता तिवारी टॉप पांच कंटेस्टेंट थे। रोहित शेट्टी ने बताया कि दिव्यांका और अर्जुन बिजलानी के बीच फिनाले टास्क में केवल 20 सेकंड का अंतर था। खतरों के खिलाड़ी शो 11 में 13 कंटेस्टेंट ने हिस्सा लिया। श्वेता तिवारी, अभिनव शुक्ला, दिव्यांका त्रिपाठी, राहुल वैद्य, निक्की तंबोली, आस्था गिल, वरुण सूद, सौरभ राज जैन, विशाल आदित्य सिंह, अनुष्का सेन, महक चलाल और सना मकबूर को पीछे छोड़कर अर्जुन ने ये खिताब जीता है।

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।