लाइव टीवी

TV Show 2021: नए साल में शुरू हो रहे ये 10 नए टीवी सीरियल, पुण्याश्लोक अहिल्याबाई से मेरा पति तक हैं शामिल

Updated Dec 26, 2020 | 06:58 IST

Upcoming TV Serial 2021: छोटे परदे पर कई नए सीरियल और शोज नए साल 2021 में ऑन एयर होने वाले हैं। जो दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करेंगे। आइए एक नजर डालते हैं उन टीवी शोज की लिस्ट पर...

Loading ...
टीवी सीरियल।
मुख्य बातें
  • नए साल की शुरुआत के साथ टेलीविजन जगत पर भी कुछ नए शोज दस्तक देने को तैयार हैं।
  • छोटे परदे पर एक बार फिर से दर्शकों के लिए नए टीवी शोज की कतार लगनी शुरू होने वाली है।
  • तो आइए एक नजर डालते हैं 2021 में लॉन्च होने को तैयार टीवी सीरियल की लिस्ट पर...

2020 खत्म होने को है और जल्द नया साल 2021 शुरू होने वाला है। नए साल की शुरुआत के साथ टेलीविजन जगत पर भी कुछ नए शोज दस्तक देने को तैयार हैं। जी हां, छोटे परदे पर एक बार फिर से दर्शकों के लिए नए टीवी शोज की कतार लगनी शुरू होने वाली है। 2020 के आखिर में मोलकी, इमली जैसे कई टीवी सीरियल शुरू हुए हैं और अब 2021 में कई लॉन्च होने वाले हैं। इतना ही नहीं कई सुपरहिट टीवी शोज के फैन्स के लिए मेकर्स सीजन 2 भी लेकर आ रहे हैं। तो आइए एक नजर डालते हैं 2021 में लॉन्च होने को तैयार टीवी सीरियल की लिस्ट पर....

1. पुण्याश्लोक अहिल्याबाई
सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन पर नए साल में एक नया पीरियड ड्रामा सीरियल पुण्यशलोक अहिल्याबाई लॉन्च हो रहा है। 18वीं शताब्दी के महाराष्ट्र की पृष्ठभूमि में आधारित ये एक ऐतिहासिक शो एक सामान्य लड़की, अहिल्याबाई होल्कर के असाधारण जीवन की कहानी पर आधारित है। उन्हें पितृसत्तात्मक समाज की धारणाओं के बीच अपने ससुर मल्हार राव होल्कर का समर्थन मिला, जिससे वो महिलाएं के अधिकारों के लिए आवाज उठा सकीं। उन्होंने हर किसी के लिए एक उदाहरण स्थापित किया कि कोई लिंग या जन्म से नहीं बल्कि कर्मों से महान बनता है। पुण्याश्लोक अहिल्याबाई टीवी सीरियल 4 जनवरी से प्रसारित हो रहा है। 

2. कुबूल है 2.0
सुरभि ज्योति और करण सिंह ग्रोवर एकबार फिर अपना फेमस टीवी शो कुबूल है लेकर लौट रहे हैं। घर-घर जोया और असद के रूप में पहचान बनाने वाली ये जोड़ी फिर सीजन 2 से एकसाथ आ रही है। कुबूल है का सीजन 2 आ रहा है। मेकर्स ने हिट शो का दूसरा पार्ट यानी कुबूल है-2 की शूटिंग शुरू कर दी है। इस बार कुबूल है-2 के सिर्फ 10 एपिसोड होंगे और ये ओटीटी प्लेटफॉर्म पर स्ट्रीम करेगा। शो को फिलहाल Qubool Hai 2.0 टाइटल दिया गया है। करण और सुरभि का शो नए साल यानि 2021 में फ्लोर पर होगा। 

3. मेरा पति
टेलीविजन पर नया आगामी शो मेरा पति भी अगले साल लॉन्च हो सकता है। जी टीवी पर आने वाला ये शो कॉमेडी जोनर का होगा। इसमें टेलीविजन इंडस्ट्री के लोकप्रिय चेहरे अदा खान और राजवीर सिंह मुख्य भूमिकाएं निभाएंगे। साथ ही ओजस्वी अरोड़ा भी अहम रोल में होंगी। मेरा पति शो की लॉन्च डेट अभी तक निर्माताओं द्वारा आउट नहीं की गई है लेकिन इसके अगले साल लॉन्च होने के अनुमान है।

4. सास बीना ससुराल 2
लोकप्रिय शो सास बीना ससुराल का भी सीजन 2 नए रूप में वापसी कर रहा है।  पहले सीजन में रवि दुबे और ऐश्वर्या सकूजा लीड में थे। इसबार कुणाल सलूजा मेल लीड रोल निभाने वाले हैं। सास बीना ससुराल 2 के लिए मेकर्स पिछले सीजन से कई अभिनेताओं के साथ काम करने की प्लानिंग में हैं। दर्शन जरीवाला और राजेंद्र चावला को अपने पुराने किरदार केदीलाल चतुर्वेदी और पशुपतिनाथ चतुर्वेदी के रूप में देखा जाएगा। विष्णु भोलवानी और वैभव मंगल भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं। सास बीना ससुराल सीजन-2 नए साल में लॉन्च होने वाला है। 

5. मे आई कम इन मैडम
मे आई कम इन मैडम का दूसरा सीजन जल्द छोटे परदे पर आने की तैयारी में है। सूत्रों के अनुसार, निर्माता यह सुनिश्चित करने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं कि सीजन दो पहले वाले की तरह दर्शकों पर अपना जादू फिर से बनाए। लॉकडाउन से पहले मे आई कम इन मैडम के सीज़न दो की योजना बनाई गई थी। हालांकि, इंडस्ट्री के बंद होने के कारण प्रोजेक्ट का काम धीमा हो गया। अब नए साल में मे आई कम इन मैडम-2 भी लॉन्च हो सकता है। 

6. कहानी घर घर की-2
कहानी घर घर की सीजन 2 शो भी चर्चा में है। ये टीवी जगत के सबसे लोकप्रिय शो में से एक है। अब एकता कपूर कहानी घर घर की सीरियल का भी दूसरा सीजन लाने की योजना बना रही हैं। लॉकडाउन में इस सीरियल को लेकर चर्चाएं तेज हुई थीं लेकिन बाद में ये ठंडे बस्ते में चली गईं। अब नए साल में कहानी घर घर की सीजन 2 को लेकर मेकर्स फिर से प्लानिंग कर सकते हैं। 

7. प्यार की ये एक कहानी पार्ट 2
प्यार की ये एक कहानी, एक ऐसा शो था जो सास-बहू के ड्रामों के बीच टेलीविजन पर खासा पॉपुलर हुआ था। सुपरनैचुरल थ्रिलर टीवी शो ने दर्शकों को पिशाचों की दुनिया से परिचित कराया था। विवियन डीसेना (अभय रायचंद) और सुकीर्ति कांडपाल (पिया) अभिनीत शो 2010 में प्रसारित हुआ। सीरियल को प्रसारित हुए लगभग एक दशक हो चुका है, लेकिन यह अभी भी दर्शकों के दिलों में एक विशेष स्थान रखता है। हाल ही में एक रिपोर्ट से पता चला था कि यह शो सीजन 2 के साथ वापस आने के लिए बिल्कुल तैयार है। प्यार की ये एक कहानी 2 जल्द ही टीवी स्क्रीन पर दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए वापस आ रहा है। कयास हैं कि नए साल की शुरुआत में प्यार की ये एक कहानी के फैन्स को गुड न्यूज मिल सकती है। 

8. गुस्ताखियां 
कलर्स चैनल पर बहुत जल्द एक नया टीवी शो गुस्ताखियां आने वाला है। टीवी शो गुस्ताखियां लोकप्रिय मराठी टीवी शो से प्रेरित होगा। गुस्ताखियां के निर्माताओं ने शो में फीमेल लीड रोल निभाने के लिए किंजल धमेचा को चुना है। जबकि मराठी इंडस्ट्री के दिग्गज अभिनेता मोहन जोशी शो में एक महत्वपूर्ण भूमिका में होंगे। पंकज खामकर भी इस टीवी शो के कलाकारों में शामिल होंगे। गुस्ताखियां टीवी शो नए साल में लॉन्च होने की संभावना है। 

9. ऐसी दीवानगी देखी नहीं कहीं-2
ऐसी दीवानगी देखी नहीं कहीं छोटे परदे पर टेलिकास्ट हुआ रोमांटिक ड्रामा सीरियल था। इस टीवी शो का साल 2017 में पहला सीजन प्रसारित किया गया था। जिसे दर्शकों ने खूब सराहा था। अब मेकर्स ऐसी दीवानगी देखी नहीं कहीं का सीजन 2 प्लान कर रहे हैं। खबर है कि इसे भी कुबूल है की तरह डिजिटल टेलिकास्ट किया जाएगा। कोरोना महामारी की वजह से इसकी ऑनएयर डेट इस साल निश्चित नहीं हो सकी है इसीलिए अब ये सीरियल नए साल पर दर्शकों को लिए लॉन्च किया जाएगा। 

10. नामकरण 
नामकरण शो भी अपने सीजन 2 को लेकर चर्चा में है। नामकरण शो 1998 में आई बॉलीवुड की फिल्म जख्म से प्रेरित था। जिसका प्रसारण 2016 में स्टार प्लस पर प्रीमियर हुआ था और ऑन एयर होते ही यह सुर्खियों में आ गया था। हालांकि शो के जल्दी ऑफ-एयर होने से दर्शकों का दिल टूट गया था। शो नामकरण में लीड जोड़ी अवनी और नील उर्फ अदिति राठौर और जैन इमाम ने निभाया था। अब नए साल में इस शो का भी सीजन-2 दर्शकों के सामने होगा। 

आपको बता दें, खिचड़ी, साराभाई v/s साराभाई, बा बहू और बेबी जैसे नामी सीरियल बना चुका प्रोडक्शन हाउस भी नए शो को लेकर चर्चा में है। सुनने में आ रहा है कि निर्माता SAB TV के लिए एक नया टीवी शो लाने की योजना बना रहे हैं। कयासों के मुताबिक, यह शो एक कॉमेडी जॉनर का होगा और इसमें सुमित राघवन लीड किरदार निभाएंगे। अनुभवी अभिनेत्री सुप्रिया पिलगांवकर को भी इस प्रोजेक्ट में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए चुना गया है। इस नए टीवी शो की घोषणा अगले साल यानि 2021 में की जाएगी।

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।