लाइव टीवी

ये हैं टेलीविजन जगत के सबसे लंबे समय तक चलने वाले 13 टीवी शो, जिन्होंने तोड़े थे TRP के रिकॉर्ड

Updated Jan 25, 2021 | 11:42 IST

13 TV Show Longest Running List: आज हम आपको बता रहे हैं उन सबसे लंबे समय तक चलने वाले टीवी शोज के बारे में, जो छोटे परदे के लॉगेस्ट रनिंग सीरियल कहे जाते हैं...

Loading ...
टीवी सीरियल।
मुख्य बातें
  • टेलीविजन प्रोग्राम हर किसी की लाइफ का एक अभिन्न अंग बन गए हैं।
  • कई ऐसे शोज रहे जो लंबे समय तक टेलिकास्ट हुए और अब विरासत की तरह देखे जाते हैं।
  • जानें सबसे लंबे समय तक चलने वाले टीवी शोज के बारे में।

2021 साल में छोटे परदे पर दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए एक के बाद एक कई नए टीवी सीरियल और रियलिटी शोज लॉन्च हो रहे हैं। एकबार फिर जनता के एंटरटेनमेंट के लिए सेलिब्रिटीज नए शोज ला रहे हैं। वैसे टेलीविजन प्रोग्राम हर किसी की लाइफ का एक अभिन्न अंग बन गए हैं। जैसे-जैसे दर्शकों की संख्या में वृद्धि हो रही है, वैसे ही टीवी पर नए-नए शोज लॉन्च में कामयाब हो रहे हैं। इनमें कुछ ऐसे भी हैं जो बहुत लंबे समय से टेलिकास्ट होते आ रहे हैं और एंड के बाद भी एक विरासत की तरह देखे जाते हैं। आज हम आपको बता रहे हैं ऐसे सबसे लंबे समय तक चलने वाले टीवी शोज के बारे में, जो छोटे परदे के लॉगेस्ट रनिंग सीरियल कह जाते हैं...

1. कहानी घर घर की
बालाजी टेलीफिल्म्स का ये एक बहुत प्रसिद्ध शो रहा। टेलीविजन जगत में इसने सफलता के कई परचम लहराए। इसकी कहानी एक ऐसी बहू के बारे में रही, जो खुद के लिए फैसले लेने के लिए मजबूत इरादों वाली थी। शो खत्म होने से पहले प्लॉट ने 20 साल का लीप लिया था। आज भी कहानी घर घर की को सबसे अधिक देखे जाने वाले भारतीय टीवी शो में से एक माना जाता है। एकता कपूर का ये शो 2000 से 2008 तक ऑनएयर रहा। 

2. क्योंकि सास भी कभी बहू थी
अब तक के सबसे लोकप्रिय टीवी शो की लिस्ट में क्योंकि सास भी कभी बहू थी को ऊपर रखना कोई गलत बात नहीं होगी। 8 साल की लंबी जर्नी के साथ इसके कुल 1833 एपिसोड टेलिकास्ट हुए। कहानी एक बहू के इर्द-गिर्द थी जो सभी बाधाओं को पार करती है और अपनी सास का प्यार हासिल करती है। हालांकि इसकी लीड स्टार स्मृति ईरानी का प्रभाव था कि उनके किरदार की मौत के बाद फैन्स ने शो का विरोध शुरू कर दिया। इसके बाद स्मृति ईरानी को वापस लाया गया। इस शो को आज तक सबसे अधिक टीआरपी मिली है।

3. कसौटी जिंदगी की
श्वेता तिवारी और सिजेन खान स्टारर इस शो को एकता कपूर लेकर आई थीं। इसने बड़े पैमाने पर पॉपुलैरिटी हासिल की, 1423 एपिसोड के साथ कसौटी जिंदगी की सफलता की सीढ़ियां चढ़ने में कामयाब रहा। यह शो 2001 से 2008 तक यानि लगभग सात वर्षों तक चला। अनुराग और प्रेरणा एक ड्रीम कपल बन गए। साथ ही शो ने टीआरपी के कई रिकॉर्ड तोड़े। श्वेता तिवारी, सिजेन खान, उर्वशी ढोलकिया, रोनित रॉय और गीतांजलि टिकेकर जैसे कई लोकप्रिय चेहरों को इस शो से घर-घर पहचान मिली। 

4. पवित्र रिश्ता
यह शो पांच साल तक चला और इसके करीब 1424 एपिसोड टेलिकास्ट हुए। शुरुआत में पवित्र रिश्ता शो साउथ इंडियन सीरियल' तिरुमथी सेल्वम' से इंस्पायर था हालांकि बाद में इसका प्लॉट बदल दिया गया। ये शो टीवी का सुपर-डुपर हिट सीरियल बना। इस शो की लोकप्रियता इतनी थी कि लगभग हर घर अर्चना-मानव का नाम पॉपुलर हो गया था। पवित्र रिश्ता को बड़ी संख्या में अवॉर्ड्स भी मिले थे।

5. साथ निभाना साथिया 
इस शो का सीजन 2 टेलिकास्ट हो चुका है। हालांकि पहले सीजन को खूब सराहा गया था। साल 2010 में टेलिकास्ट हुआ साथ निभाना साथिया 2017 में एंड हुआ था। इन 7 सालों में गोपी बहू और राशि दो बहनों की कहानी दिखाई गई थी। मोदी परिवार में दोनों बहनों की शादी अहम और जिगर मोदी से हो दाती है इस तरह से कहानी आगे बढ़ती है। साथ निभाना साथिया के 2,184 एपिसोड्स टेलिकास्ट हुए थे। 

6. तारक मेहता का उल्टा चश्मा 
टीवी का फेमस सीरियल तारक मेहता का उल्टा चश्मा दर्शकों के पसंदीदा शो में से एक हैं। साल 2008 में शुरू हुए इस सीरियल के दुनिया भर में लाखों फैन्स हैं। जेठालाल और दयाबेन की कॉमेडी सबको खूब हंसाती है। पिछले 12 साल से अपने यूनिक कॉमेडी कॉन्सेप्ट से तारक मेहता दर्शकों को खूब गुदगुदाता आ रहा है। 

7. कुमकुम एक प्यारा सा बंधन
भारत में सबसे ज्यादा देखे जाने वाले टीवी शो में कभी कुमकुम चौथे स्थान पर था। ये टीवी शो 7 साल तक टेलिकास्ट हुआ और अपने 1449 एपिसोड पूरे करने में कामयाब रहा। इसमें जूही परमार और हुसैन कुवाजरवाला ने मुख्य भूमिका निभाई थी। यह शो 13 मार्च 2009 को समाप्त हुआ।

8. दीया और बाती हम
संध्या बिंदनी का किरदार आज भी हमारी यादों में है। दीया और बाती हम के कुल 1487 एपिसोड टेलिकास्ट हुए। इसकी कहानी एक महत्वाकांक्षी लड़की की है जो अपने सपनों तक पहुंचने के लिए कड़ी मेहनत करती है। साल 2011 से 2016 तक चले इस शो के निर्माताओं ने आखिरकार इसे समाप्त करने का फैसला किया है और सीजन 2 के साथ वापसी भी की। सीजन 2 भी कामयाब रहा और ये सबसे लंबे टीवी टीवी शो में गिना जाता है।

9. उतरन
रश्मि देसाई और टीना दत्ता का टीवी शो उतरन भी खूब पसंद किया गया। इसने सफलता पूर्वक 1549 एपिसोड पूरे किए। शो की कहानी दो लड़कियों की दोस्ती के इर्द-गिर्द घूमती है। यह शो कलर्स पर प्रसारित किया गया था। शो 1 दिसंबर 2008 को शुरू हुआ और 16 जनवरी 2015 तक चला। इसकी छह सालों की एक यादगार जर्नी रही।

10. ससुराल सिमर का
टेलीविजन के सबसे लोकप्रिय शो में से एक ससुराल सिमर का ने गर्व से 1622 एपिसोड पूरे किए। मूल रूप से ये दो बहनों रोली और सिमर की कहानी कहता था जिनकी एक ही घर में शादी हो जाती हैं। साल 2011 से ये 2018 तक टेलिकास्ट हुआ और इसने दीपिका कक्कड़ को खूब पॉपुलैरिटी दिलाई।

11. ये रिश्ता क्या कहलाता है
साल 2009 में शुरू हुए सीरियल ये रिश्ता क्या कहलाता है को हमेशा अच्छी रेटिंग मिली है। साल दर साल शो की पॉपुलैरिटी में खासी बढ़ोत्तरी दिखी। राजन शाही द्वारा निर्मित इस सीरियल में पहले अक्षरा और नैतिक की लव स्टोरी दिखाई गई। बाद सीरियल में कार्तिक और नायरा की जोड़ी को पसंद किया गया। अब सीरियल में नायरा की मौत हो चुकी है और सैराट की नई एंट्री हुई। ये रिश्ता क्या कहलाता है में अब थर्ड जेनरेशन की कहानी दिखाई जाएगी। 

12. बालिका वधू
छोटे परदे के सबसे पसंदीदा शोज में बालिका वधू भी शामिल है। इसे भारत के अब तक के सबसे लंबे चलने वाले हिंदी टीवी शो में गिना जाता है। यह शो 21 जुलाई 2008 को टीवी पर प्रसारित हुआ और 31 जुलाई 2016 तक टेलिकास्ट रहा। इसके करीब 2245 एपिसोड आए। इसमें बाल विवाह जैसे अहम मुद्दे को उठाया गया।  

13. हम लोग
भारतीय टीवी पर हम लोग शो की एक खास जगह है। इस शो का प्रसारण यूं तो 1984-85 के बीच हुआ था लेक‍िन 3 दशक बीत जाने के बावजूद आज भी हम लोग का क्रेज दर्शकों के बीच बना हुआ है। शुरुआती समय का इसे लंबा चलने वाला शो कहा जाता है।

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।