लाइव टीवी

धरती में समाई माता सीता, सीता नवमी के दिन टेलिकास्ट हुआ रामायण का आखिरी एपिसोड

Updated May 02, 2020 | 23:08 IST

Uttar Ramayan Final Episode: रामायण के बाद अब उत्तर रामायण का आखिरी एपिसोड आज टेलिकास्ट हो गया है। सीता नवमी के दिन आज रामायण सीरियल में माता सीता धरती में समा गई हैं।

Loading ...
Uttar Ramayan
मुख्य बातें
  • उत्तर रामायण का आखिरी एपिसोड आज टेलिकास्ट हो गया है।
  • उत्तर रामायण के आज के एपिसोड में सीता माता धरती में समा गई हैं।
  • आखिरी एपिसोड टेलिकास्ट होने के बाद सोशल मीडिया पर उत्तर रामायण फिनाले और थैंक यू रामायण ट्रेंड हो रहा है।

मुंबई. टीआरपी के मामले में वर्ल्ड रिकॉर्ड बना चुके सीरियल रामायण के बाद अब उत्तर रामायण का आखिरी एपिसोड आज टेलिकास्ट हो गया है। आज के एपिसोड में सीता माता धरती में समा गई हैं। खास बात ये है कि ये एपिसोड आज सीता नवमी के दिन टेलिकास्ट किया जा रहा है।  

 इस साल दो मई को सीता नवमी मनाई गई है। सीता नवमी के दिन ही धरती पर माता सीता प्रकट हुईं थीं। मिथिला के राजा जनक को हल जोतते वक्त धरती से सीता माता की प्राप्ति हुई थी।  माता सीता पहले जन्म में वेदवती नाम की स्त्री थीं। 

उत्तर रामायण के आखिरी एपिसोड टेलिकास्ट होने के बाद सोशल मीडिया पर उत्तर रामायण फिनाले और थैंक यू रामायण ट्रेंड हो रहा है। इसके अलावा राम का किरदार निभाने वाले एक्टर अरुण गोविल सोशल मीडिया पर अपने फैंस के साथ सवाल-जवाब सेशन कर रहे हैं। 

गेम ऑफ थ्रोन्स को छोड़ा पीछे 
रामायण ने हॉलीवुड सीरीज गेम ऑफ थ्रोन्स को पीछे छोड़ दिया है। गेम ऑफ थ्रोन्स को पूरी दुनिया में लगभग डेढ़ करोड़ से ज्यादा लोगों ने देखा था। वहीं, रामायण को पूरी दुनिया में 7.7 करोड़ लोगों ने देखा है। 

दूरदर्शन ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकांउट से लिखा- 'वल्र्ड रिकॉर्ड! दूरदर्शन पर पुन: प्रसारित रामायण ने दुनियाभर में कई सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। 16 अप्रैल को 7.7 करोड़ दर्शकों के साथ यह शो सर्वाधिक देखे जाने वाला मनोरंजक कार्यक्रम बन गया है।'

प्रकाश जावड़ेकर ने लिखा लेटर
सूचना प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने रामायण के आखिरी एपिसोड के बाद रामानंद सागर के बेटे प्रेम सागर को लेटर लिखकर धन्यवाद कहा है।  प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि ‘लॉकडाउन के दौरान रामायण का पुन:प्रसारण करने की हमारी इच्छा थी। इस इच्छा को पूरा करने में हमारी मदद करने के लिए आपके परिवार के प्रति मैं बड़ा आभारी हूं।’

जावड़ेकर ने कहा कि 32-33 साल पहले जब यह रामायण धारावाहिक रिलीज हुआ था तब कई लोगों के पास टेलीविजन नहीं था लेकिन वर्तमान स्थिति भिन्न है क्योंकि कम से कम 18 करोड़ परिवारों के पास टेलीविजन हैं। मैं दूरदर्शन की ओर से रामायण सीरियल की पूरी टीम को धन्यवाद देता हूं, सभी को बधाई।’

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।