लाइव टीवी

गाजियाबाद में सामने आया कास्टिंग काउच का मामला, हीरोइन बनाने के नाम पर करता था डायरेक्टर छेड़छाड़

Updated Aug 03, 2022 | 14:32 IST

Ghaziabad Crime News: एक लड़की ने आरोप लगाया है कि एक डायरेक्टर ने फिल्म में रोल देने का नाम पर उसके साथ छेड़छाड़ और दुष्कर्म किया है। मामला गाजियाबाद के सिहानी गेट पुलिस थाने का है। आरोपी डायरेक्टर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। डायरेक्टर की पहचान विवेक सक्सेना के तौर पर हुई है।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspRepresentative Image
गाजियाबाद में सामने आया कास्टिंग काउच का बड़ा मामला
मुख्य बातें
  • एक डायरेक्टर ने फिल्म में रोल देने के नाम पर छेड़छाड़ और दुष्कर्म किया
  • आरोपी 2019 से दुष्कर्म और छेड़छाड़ करने के मामले में फरार चल रहा था
  • हीरोइन का रोल करने के लिए एक एग्रीमेंट करवाया

Ghaziabad Crime News: फिल्म इंडस्ट्री कहीं की भी हो अभिनेत्रियां और लड़कियां अक्सर कास्टिंग काउच जैसी घटना का शिकार होती रहती हैं। अक्सर लड़कियां अपने साथ हुई ऐसी दर्दनाक घटना के बारे में बताती रहती हैं। ऐसा ही एक मामला गाजियाबाद में सामने आया है, जहां एक लड़की ने आरोप लगाया है कि एक डायरेक्टर ने फिल्म में रोल देने के नाम पर उसके साथ छेड़छाड़ और दुष्कर्म किया है। 

मामला गाजियाबाद के सिहानी गेट पुलिस थाने का है। आरोपी डायरेक्टर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। डायरेक्टर की पहचान विवेक सक्सेना के तौर पर हुई है। वह आगरा के सिकंदरा में हरदीप एंक्लेव का रहने वाला है। वह नोएडा के सेक्टर 137 में लाजिक ब्लास्म काउंटी में रह रहा था।

एक महिला पीड़िता को लेकर गई आरोपी के पास

इस मामले के जानकारी देते हुए सिहानी गेट थाना प्रभारी नरेश कुमार शर्मा ने कहा है कि पकड़ा गया आरोपी विवेक साल 2019 से दुष्कर्म और छेड़छाड़ करने के मामले में फरार चल रहा था। वह खुद को पुलिस से बचाने के लिए अक्सर अपने ठिकाने बदल रहा था। दिल्ली की रहने वाली एक युवती ने साल 2019 में विवेक सक्सेना के खिलाफ सिहानी गेट थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता ने अपनी शिकायत में कहा था कि उसकी मुलाकात 2019 में गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन की सोसायटी केडीपी ग्रांड सवाना में रहने वाली प्रज्ञा तिवारी से हुई। प्रज्ञा तिवारी ने पीड़िता को अपना परिचय एक प्रोड्यूसर के तौर पर दिया था। प्रज्ञा ने पीड़िता को अपनी एक फिल्म में हीरोइन का रोल करने के लिए एक एग्रीमेंट करा लिया था। 

नशीला पदार्थ पीलाकर करता था अश्लील हरकतें

इसके बाद प्रज्ञा ने उसकी मुलाकात नोएडा के रहने वाले विवेक सक्सेना से करवाई। प्रज्ञा ने विवेक को फिल्म का निदेशक बताया। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि विवेक ने उसके माता-पिता से बात कर वर्कशॉप और शूटिंग में आने से मना कर दिया। इतना ही नहीं आरोपी विवेक ने पीड़िता का फोन भी अपने पास रख लिया था। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि विवके उसे अलग-अलग जगह ले जाता था। वह खाने में नशीला पदार्थ डालकर उसके साथ अश्लील हरकतें और छेड़छाड़ करता था। उसकी इन हरकतों के बारे में पीड़िता ने जब प्रज्ञा को बताया तो उसने कहा कि जैसा विवेक बोलेगा वैसा करना पड़ेगा। इसके बाद पीड़िता ने बीच में ही शूटिंग छोड़ने का फैसला किया। काफी हिम्मत करके पीड़िता ने इस घटना के बारे में अपने माता-पिता को बताया। इसके बाद सिहानी गेट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।