लाइव टीवी

Meerut: मेरठ में सरेआम गुंडागर्दी, हॉस्टल के सामने कार खड़ी करने को लेकर कई युवकों ने लड़के को बेरहमी से पीटा

Updated Aug 18, 2022 | 19:29 IST

Meerut Crime News: मेरठ में त्यागी हॉस्टल के सामने गाड़ी पार्क करने को लेकर युवक की जमकर पिटाई की गई। युवकों ने उसे सड़क पर बेरहमी से पीटा। इसके बाद हॉस्टल में ले जाकर जमकर पिटाई की।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspTwitter
युवकों ने बीच सड़क पर लड़के को जमकर पीटा
मुख्य बातें
  • मेरठ में त्यागी हॉस्टल के सामने गाड़ी पार्क करने को लेकर विवाद
  • कई युवकों ने एक लड़के को सड़क पर बेरहमी से पीटा
  • पुलिस मामले की जांच में जुटी

Meerut Crime: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में सरेआम गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। बुधवार देर रात हॉस्टल में कार खड़ी करने को लेकर कुछ युवकों ने एक लड़के की जमकर पिटाई की। लड़के को बीच सड़क पर गिराकर जमकर लातें बरसाईं। इसके बाद युवक उस लड़के को उठाकर त्यागी हॉस्टल में ले गए। यहां जमीन पर गिराकर लड़के की डंडों से पिटाई की। ये घटना मेरठ के लालकुर्ती थाना इलाके में कचहरी रोड के त्यागी हॉस्टल में हुई। हालांकि इस मारपीट की वीडियो भी वायरल हो रही है। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है। 

जानकारी के अनुसार, कचहरी रोड स्थित त्यागी हॉस्टल के बाहर पार्किंग बनी हुई है। हॉस्टल के सामने होप हॉस्पिटल है। आस पास में ही अधिकतर डॉक्टरों के क्लीनिक हैं। फईम नाम का युवक अपने एक साथी के साथ यहां पहुंचा और पार्किंग में कार खड़ी कर दी। 

कार पार्किंग में खड़ी करने को लेकर विवाद

कार पार्किंग में खड़ी करने को लेकर हॉस्टल में रहने वाले छात्रों से विवाद हो गया है। बुधवार रात करीब एक बजे त्यागी हॉस्टल के बाहर सड़क पर लड़के को घेरकर पीटा जा रहा था। पहले युवक को बीच सड़क पर गिराकर पीटा जाता है। फिर उसे उठाकर हॉस्टल में ले जाते हैं। सामने आए वीडियो में सात से आठ लड़के फहीम की पिटाई करते हुए दिख रहे हैं। यहां आस-पास खड़े होकर लोग देख रहे हैं, लेकिन किसी ने पीड़ित को बचाने का प्रयास नहीं किया हैं। 

कई युवकों ने मिलकर अकेले लड़के को पीटा

वीडियो में मेडिकल स्टोर भी दिखाई दे रहा है। हॉस्टल में 20 से 25 युवक दिख रहे हैं। कई लड़के मिलकर अकेले युवक को बुरी तरह से पीटते नजर आ रहे हैं। पिटाई से वह लड़का बेहोश हो जाता है। लालकुर्ती थाने के इंस्पेक्टर अतर सिंह ने बताया कि देर रात मारपीट की घटना की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने घटना की जानकारी ली है। पुलिस ने तहरीर ले ली है। इसी आधार पर कार्रवाई की जा रही है।