लाइव टीवी

Home remedies for bloating: पेट फूलने और गैस की दिक्कत से हैं परेशान तो आजमाएं ये घरेलू नुस्खे, मिलेगा आराम

Updated Aug 24, 2021 | 12:09 IST

Home Remedies: गलत खानपान के चलते हाजमा गड़बड़ा सकता है। इससे पेट फूलने और गैस की समस हो सकती है। इसे ठीक करने के लिए घरेलू नुस्खे आजमाएं जा सकते हैं।

Loading ...
पेट की तकलीफों से छुटकारा पाने के तरीके (pic: Istock)
मुख्य बातें
  • खाना ठीक से न पचने पर पेट फूल सकता है।
  • हर्बल पेय पदार्थ से गैस्ट्रिक कम हो सकती है।
  • अजवायन और जीरे का सेवन भी फायदेमंद होता है।

Home Remedies for bloating and gas: कई बार ज्यादा तेल-मसाले वाला खाना खाने या बासी खाना खाने से हाजमा गड़बड़ा जाता है। इससे कई लोगों को अपच, पेट फूलना और ​गैस्ट्रिक की समस्या आती है। परेशानी बढ़ने पर पाचन तंत्र पर बुरा असर पड़ सकता है। अगर आप भी ऐसी परेशानी से ग्रस्त हैं तो कुछ घरेलू नुस्खे आपके लिए कारगर साबित हो सकते हैं। 

अजवायन

इसमें थाइमोल नामक एक यौगिक होता है जो गैस्ट्रिक को खत्म करने के लिए पाचन तंत्र को दुरुस्त करने में मदद करता है। आप दिन में एक बार पानी के साथ लगभग आधा चम्मच अजवायन ले सकते हैं। इससे पेट फूलना बंद होगा।

जीरे का पानी

जीरे का पानी गैस्ट्रिक या गैस की समस्या के लिए सबसे अच्छे घरेलू उपचारों में से एक है। ये लार ग्रंथियों को उत्तेजित करते हैं जो भोजन के बेहतर पाचन में मदद करते हैं और गैस के गठन को रोकते हैं। रोजाना एक बड़ा चम्मच जीरा लें और इसे दो कप पानी में 10-15 मिनट तक उबालें। खाना खाने के बाद इसे ठंडा करके छानकर पी लें। ऐसा करने से तीन से चार दिनों में लाभ दिखेगा।

हींग

आधा चम्मच हींग को गुनगुने पानी में मिलाकर लेने से गैस की समस्या को कम होती है। हींग एक एंटी-फ्लैटुलेंट के रूप में कार्य करता है जो आंतों में बैक्टीरिया के विकास को रोकता है। यही पेट में अतिरिक्त गैस पैदा करने का कारण होता है। आयुर्वेद के अनुसार हींग शरीर के वात दोष को संतुलित करने में मदद करती है। 

अदरक

भोजन के बाद लगभग एक चम्मच ताजा अदरक के रस को एक चम्मच नीबू के रस के साथ लें। गैस और पेट फूलने की दिक्कत से राहत पाने के लिए अदरक की चाय पीना भी एक कारगर उपाय है। अदरक एक प्राकृतिक कार्मिनेटिव (पेट फूलने वाले एजेंट) के रूप में कार्य करता है। 

बेकिंग पाउडर

पेट फूलने की दिक्कत को कम करने के लिए बेकिंग पाउडर के साथ नीबू का रस का सेवन करें। इसके लिए कप पानी में 1 चम्मच नीबू का रस और आधा चम्मच बेकिंग सोडा मिलाएं। भोजन के बाद इसका सेवन करें। ऐसा करने से कार्बन डाई ऑक्साइड बनेगी जो पाचन प्रक्रिया को आसान बनाने में मदद करेगा।

त्रिफला

गैस, अपच और पेट फूलने की शिकायत दूर करने के लिए त्रिफला के आधे चम्मच पाउडर को दो कप पानी में डालकर 5 से 7 मिनट तक उबालें। अब सोने से पहले इसे पी लें। इसमें फाइबर की मात्रा अधिक होती है। इसे लेने पर पेट की सूजन भी कम हो सकती है।
 

Disclaimer: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का  बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।