लाइव टीवी

Tips for Healthy Eyes: खूबसूरत व स्वस्थ आंखों के लिए अपनाएं ये घरेलू नुस्खे, तकलीफों से मिलेगा छुटकारा

Updated Jul 10, 2020 | 11:50 IST

Tips for Healthy Eyes: लैपटॉप या डेस्कटॉप की एलईडी स्क्रीन से निकलने वाली खतरनाक किरणें सीधे हमारी आंखों तक पहुंचती है और उन्हें कमजोर बनाती है। हेल्दी आंखों के लिए घर पर ही अपनाएं ये टिप्स-

Loading ...
हेल्दी आईज टिप्स
मुख्य बातें
  • आंखें हमारी शरीर का सबसे नाजुक व संवेदनशील हिस्सा होता है
  • आंखें स्वस्थ हों तो दुनिया खूबसूरत लगती है वरना सब कुछ विरान लगता है
  • आंखों को स्वस्थ व खूबसूरत बनाने के लिए घरेलू नुस्खों का इस्तेमाल किया जा सकता है

आंख हमारे शरीर का सबसे संवेदनशील हिस्सा है, यही कारण है कि इसकी सबसे ज्यादा देखभाल की जरूरत पड़ती है। इन्हीं आंखों के कारण हम दुनिया की खूबसूरती देख पाते हैं। आंखें सही हों तो दुनिया खूबसूरत लगती है वरना हर कुछ वीरान लगता है। आंखों से जुड़ी किसी भी परेशानी को कम नहीं समझना चाहिए, यह खतरनाक साबित हो सकती है। आंखों पर अधिक दबाव बनाने की वजह से मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य दोनों पर बुरा असर पड़ता है। यही वजह है कि ज्यादातर लोग आंखों से जुड़ी समस्या और सिरदर्द से परेशान हैं।

लैपटॉप या डेस्कटॉप की एलईडी स्क्रीन से निकलने वाली खतरनाक किरणें सीधे हमारी आंखों तक पहुंचती है और उन्हें कमजोर बनाती है। इससे आंखों के आस-पास काला घेरा बन जाता है। कई बार उम्र ढलने के कारण ये समस्या आती है जबकि कई बार आमतौर पर भी आंखों के नीचे सूजन हो जाता है जिससे चेहरे की बनावट की बदल जाती है। आज हम आपको आंखों को स्वस्थ व खूबसूरत बनाने के लिए कुछ घरेलू नुस्खों के बारे में बताने जा रहे हैं-

कैफीन

कैफीन का इस्तेमाल आप मास्क या फिर स्क्रब की तरह कर सकते हैं। कई सारे ब्यूटी प्रोडक्ट में कैफीन का इस्तेमाल किया जाता है। इसमें एंटीऑक्सीडेंट गुण पाया जाता है जो त्वचा पर झुर्रियां पड़ने से रोकता है साथ ही त्वचा में आया लचीलापन खत्म करता है। कॉफी का फेस मास्क बनाकर आप अपने आंखों के नीचे के हिस्से समेत पूरे चेहरे पर लगा सकते हैं 

खीरा

आंखों के स्वस्थ रखने के लिए खीरा एक बेहतर उपचार का साधन है। खीरे की गोल स्लाइस काट कर इसे अपने आंखों पर रखें इसे थोड़ी देर रखा रहने दें इसके बाद साफी पानी से धो लें। इससे आंखों के नीचे की त्वचा में कसावट आता है। खीरे में 70 फीसदी तक पानी पाया जाता है जो त्वचा को कसावट बनाने में मदद करता है।

पानी अधिक पीएं

हर कोई ज्यादा से ज्यादा पानी पीने की सलाह देता है क्योंकि इससे त्वचा में कसावट आती है और त्वचा तरोताजा होती है। इसलिए आंखों के नीचे की सूजन को कम करने के लिए भी ज्यादा से ज्यादा पानी पीने की सलाह दी जाती है। हर रोज कम से कम 2 से 3 लीटर पानी नियमित रुप से पीएं साथ ही हरी साग सब्जियां भी अपने भोजन में नियमित रुप से शामिल करें।

ग्रीन टी

कैफीन की तरह ही ग्रीन टी में भी प्रचुर मात्रा में एंटी ऑक्सीडेंट गुण पाया जाता है। ग्रीन टी ना सिर्फ वजन घटाने में मददगार होता है बल्कि ब्यूटी के मामलों में भी इसका इस्तेमाल किया जाता है। ग्रीन टी के बैग को अपनी आंखों के नीच रख लें और आप आराम से लेट जाएं। 

बेकिंग सोडा

2 कप पानी और आधा चम्मच बेकिंग सोडा लें। सबसे पहले पानी को एक पैन में गर्म कर लें। पानी उबलने लगे तो उसमें बेकिंग सोडा मिला दें। अब गैस को ऑफ कर दें और पानी को ठंडा होने दें। ठंडा होने पर एक कपड़े को इस पानी में डालकर भिगो लें और फिर इस गीले कपड़े से बंद आंखों की सिंकाई करें। अगर सप्ताह में 4 से 5 बार इस प्रक्रिया को दोहराते हैं आपको इसका जबरदस्त फायदा मिलता है।

ब्लूबेरी

अपने आंखों को स्वस्थ्य बनाने के लिए ब्लूबेरी का सेवन करें। इसके सेवन से आंखों की कई परेशानियों को दूर किया जा सकता है। जी हां इसमें मौजूद एंथोसायनिन आंखों से जुड़ी बीमारियों के खतरे को कम करता है और उन्हें स्वस्थ्य रखता है।

टमाटर

टमाटर में पाया जाने वाला लायकोपीन आंखों के लिए भी बेहतर माना जाता है। इतना ही नहीं इसमें ल्यूटिन और बीटा कैरोटिन भी पाया जाता है। रिसर्च के मुताबिक ये सभी पोषक तत्व आंखों की रोशनी बढ़ाने में व आंखों के सेहत के लिए फायदेमंद होते हैं।

खरबूजा

खरबूजे में एंटी ऑक्सीडेंट बीटा कैरोटीन पाया जाता है जो ओवरऑल आंखों के हेल्थ के लिए बेहद फायदेमंद होता है। इसे खाने से आंखों की रोशनी भी बढ़ती है साथ ही उम्र बढ़ने के साथ आंखों मे होने वाली परेशानी से भी छुटकारा दिलाता है।

गुलाब जल

गुलाब जल की कुछ बूंद आंखों में डालने से थकान और जलन दोनों दूर हो जाएंगी। अगर आप चाहे तो गुलाब जल में रूई डुबोकर आंखों पर रख सकते हैं, इससे आपको राहत मिलेगी।

डिस्क्लेमर: इन सभी उपायों को अपनाने से पहले आप अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर ले लें। टाइम्सनाऊ हिंदी इस तरह के किसी भी दावे की पुष्टि नहीं करता है।