लाइव टीवी

Oral Health Care : दांतों को कैसे रखें स्वस्थ? ये सात स्टेप्स जरूरी

Updated May 01, 2022 | 15:51 IST

Oral health care: शरीर को स्वस्थ रखने और चेहरे की सुंदरता बनाए रखने के लिए दांतों का ध्यान रखना बहुत जरूरी होता है। बढ़ती उम्र के साथ दांत कमजोर होने लगते हैं और टूटकर गिरने लगते हैं। ऐसे में दांतों को स्वस्थ बनाए रखने के लिए उनका खास ख्याल रखना चाहिए।

Loading ...
Oral health care
मुख्य बातें
  • दांतों के दर्द से राहत दिलाएगा लहसुन
  • दांतों को कीड़ा लगने से बचाएगी लौंग
  • नमक के पानी के इस्तेमाल से दांत होंगे मजबूत

Oral health care: शरीर में ज्यादातर बीमारियों की वजह मुंह की गंदगी होती है। हेल्थ एक्सपर्ट्स दांतों के स्वास्थ्य के लिए रोज सुबह उठकर दांतों की अच्छे से सफाई करने की सलाह देते हैं। दरअसल, रातभर मुंह में कई तरह के हानिकारक बैक्टीरिया पनपते हैं, जो दांतों और मसूड़ों को कमजोर बनाते हैं। इसलिए सुबह उठकर सबसे पहले ब्रश करने की सलाह दी जाती है। कई बार लोगों की बैड टी पीने की आदत की वजह से भी दांत जल्दी खराब होने लगते हैं। हालांकि, 30-35 की उम्र तक तो आपके दांत इन सभी गलत आदतों को झेलते रहते हैं, लेकिन जैसे-जैसे उम्र बढ़ती है, वैसे-वैसे दांत तेजी से खराब होने लगते हैं। बढ़ती उम्र में भी दांतों को स्वस्थ बनाए रखना एक चुनौती होती है। इसलिए हम आपको बताने जा रहे हैं कुछ ऐसे तरीके, जिन्हें अपनाकर आप अपने दांतों को हमेशा चमकदार और स्वस्थ रख सकते हैं। चलिए जानते हैं ये उपाय-

पढ़ें- Herpes Remedies: क्या है हर्पीस रोग, जानिए घरेलू उपायों से कैसे पाएं इस दर्दनाक बीमारी से राहत

दांतों को स्वस्थ रखने के लिए अपनाएं ये स्टेप्स-

नमक के पानी के इस्तेमाल से दांत होंगे मजबूत
रोज सुबह हल्के गुनगुने पानी में नमक डालकर गरारे करने से दांतों की गंदगी साफ होती है। इसके साथ ही दांतों की जड़े मजबूत होती हैं। नमक और गर्म पानी से मसूड़ों में होने वाली सूजन से भी राहत मिलती है।

दांतों को कीड़ा लगने से बचाएगी लौंग
लौंग में एंटी-इंफ्लेमेटरी और एंटी-बैक्टीरियल तत्व मौजूद होते हैं, जो दांतों में कीड़ा लगने से रोकता है। इसके साथ ही दांतों को जड़ों से मजबूत भी बनाती है। इसके लिए साबुत लौंग को दांतों के बीच में रख सकते हैं। इसके अलावा दांतों पर लौंग का तेल भी लगा सकते हैं।

दांतों के दर्द से राहत दिलाएगा लहसुन
लहसुन में एंटी-बैक्टीरियल तत्व होते हैं, जो दांतों को मजबूत बनाए रखने में कारगर सिद्ध होता है। लहसुन के पेस्ट को दांत के दर्द से आराम पाने के लिए भी इस्तेमाल कर सकते हैं।  

सरसों के तेल-नमक से पायरिया होगा दूर
दांतों में होने वाली पायरिया की समस्या को दूर करने के लिए सरसों के तेल में नमक को मिलाकर लगाया जा सकता है। इसके लिए सरसों के तेल की कुछ बूंदों में आधा चुटकी नमक को मिलाएं और रोज अपने दांतों पर मसाज करें, फायदा मिलेगा।  

दूध से बनी चीजों का करें सेवन
दांतों की मजबूती के लिए कैल्शियम और प्रोटीन बहुत जरूरी होता है। इसके लिए दूध का सेवन करना चाहिए, लेकिन कई लोगों को दूध पीना पसंद नहीं होता। ऐसे लोग दूध की जगह दूध से बनी अन्य चीजों को अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं, ताकि दांत मजबूत बने रहें।

दिन में दो बार करें ब्रश
दांतों को मजबूत बनाए रखने के लिए उनकी साफ-सफाई रखना बहुत जरूरी होता है। डेंटिस्ट की मानें तो दिन में दो बार ब्रश किया जाना चाहिए, ताकि दांत सालों-साल तक मजबूत और स्वस्थ बने रहें।  

मजबूत दांतों के लिए इन चीजों से करें परहेज
मजबूत दांतों के लिए अच्छी डाइट का होना बहुत जरूरी होता है। दांतों को कैविटी फ्री और मजबूत बनाए रखने के लिए अचार, कॉफी, सिगरेट, टॉफी-चॉकलेट और ज्यादा मीठी चीजों से परहेज करना चाहिए।

(डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।)