लाइव टीवी

कोरोना वायरस समाचार, 24 March: देश में कोरोना के मामले 500 के पार, हिमाचल प्रदेश में अनिश्चितकालीन कर्फ्यू

Updated Mar 25, 2020 | 01:02 IST

Coronavirus News India UPDATES, 24 March 2020: कोरोना वायरस के खिलाफ भारत ने लड़ाई तेज कर दी है। देश के 560 जिलों में लॉकडाउन का ऐलान कर दिया गया है।

Loading ...
कोरोनावायरस का समाचार: देश के 560 जिलों में लॉकडाउन
मुख्य बातें
  • दुनियाभर में कोरोना वायरस के मामले 3,84,000 से ज्यादा, 16,500 से ज्यादा मौतें
  • इटली में सबसे ज्यादा 6000 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है
  • स्पेन में 2300 से ज्यादा और ईरान में 1800 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है

नई दिल्ली: कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए देश के 32 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के 560 जिलों में लॉकडाउन का ऐलान कर दिया गया है। पंजाब और महाराष्ट्र में कर्फ्यू लगा दिया गया है। भारत में कोरोना वायरस के कुल मामलों की संख्या 492 हो गई है। देश में 10 लोगों की मौत हो चुकी है। दुनियाभर में 3,84,000 से ज्यादा मामले हो गए हैं, जबकि 16,500 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।

पहले दिन लोगों ने लॉकडाउन का अच्छे से पालन नहीं किया, इसलिए अब कई जगह कर्फ्यू लगाया जा रहा है। लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराने का आदेश है। कोरोना का सबसे ज्यादा असर इटली में हुआ है, जहां 6000 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने दुनिया के सभी कोनों में 'तत्काल वैश्विक संघर्षविराम' का आह्वान किया है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि यह समय सशस्त्र युद्ध को पूरी तरह रोकने और कोरोना वायरस महामारी के प्रसार के खिलाफ लड़ाई पर ध्यान केंद्रित करने का है। 

Coronavirus India News in Hindi, 24 March

हिमाचल प्रदेश में अनिश्चितकालीन कर्फ्यू
हिमाचल प्रदेश सरकार ने कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए पूरे राज्य में मंगलवार को अनिश्चितकाल के लिए कर्फ्यू लगा दिया। लोगों के लॉकडाउन (बंद) का आदेश नहीं मानने की वजह से यह फैसला लिया गया। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि कर्फ्यू राज्य के सभी 12 जिलों में मंगलवार शाम पांच बजे से लागू हो गया। ठाकुर की ओर से इस घोषणा से पहले ऊना, कांगड़ा और मंडी में संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए कर्फ्यू लगा दिया गया था। मुख्यमंत्री ने मंत्रियों और अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक में हालत की समीक्षा के बाद समूचे राज्य में कर्फ्यू लगाने का निर्णय किया। बैठक के बाद ठाकुर ने पत्रकारों से कहा कि कई लोग सोमवार से लागू हुए बंद (लॉकडाउन) का पालन नहीं कर रहे थे, इस वजह से राज्य सरकार को यह कदम उठाने पर मजबूर होना पड़ा।

मामले 500 के पार, मृतकों की संख्या हुई 9
भारत में कोरोना वायरस के मामलों की संख्या 500 को पार कर गई है तथा एक और व्यक्ति की मौत के साथ देश में इस विषाणु से मरने वालों की संख्या अब 9 हो गई है। इसके साथ ही केंद्र ने राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से जरूरत वाले क्षेत्रों में कर्फ्यू लगाने को कहा है क्योंकि देश के अनेक हिस्सों में लोग लॉकडाउन का उल्लंघन कर रहे हैं। महामारी से निपटने के लिए 32 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों ने 31 मार्च तक पूर्ण लॉकडाउन की घोषणा की है। लॉकडाउन के बावजूद लोगों के बाहर घूमने का अधिकारी गंभीर रूप से संज्ञान ले रहे हैं। उनका मानना है कि विषाणु संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए आगामी दिन और सप्ताह अत्यंत महत्वपूर्ण होने जा रहे हैं।

सरकार का इरादा लॉकडाउन को पूरी तरह लागू करने का है, जरूरी सेवाएं जारी रहेंगी
स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने मंगलवार शाम अपनी मीडिया ब्रीफिंग में कहा कि सरकार का इरादा लॉकडाउन को पूरी तरह से लागू करने का है। आंशिक लॉकडाउन से लक्ष्य की पूर्ति नहीं होगी। इस दौरान जरूरी सेवाएं जारी रहेंगी। वेंटीलेटर्स के निर्माण में डीआरडीओ की भी सेवा ली जा रही है। आईसीएमआर ने कहा कि जांच में 118 लैब्स और जुड़ गए हैं। जबकि 22 निजी लैब्स को जांच की मंजूरी दी गई है।

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में मंगलवार को एक व्यक्ति के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई। इसके साथ ही प्रदेश में वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है। इनमें से छह लोग जबलपुर में और एक-एक भोपाल एवं ग्वालियर में हैं। श्रीनगर में कोरोना वायरस से संक्रमण के दो नए मामले सामने आने के बाद जम्मू कश्मीर में कुल मामलों की संख्या बढ़ कर 6 हो गई है। 

महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के मामले बढ़कर 106 हो गए। राज्य में अब तक तीन मौतों की सूचना। COVID 19 के तीन नए सकारात्मक मामले जालंधर जिले के फिल्लौर सिटी में सामने आए। हिमाचल प्रदेश सरकार ने राज्य में आज शाम 5 बजे से पूरे राज्य में कर्फ्यू लगाने का फैसला किया है।

कर्नाटक: मंगलुरु में सीआरपीसी की धारा 144 के तहत लगाए गए प्रतिबंधात्मक आदेशों के उल्लंघन के लिए सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

नोएडा के सेक्टर-137 में लॉजिक्स ब्लॉसम सोसायटी को 26 मार्च सुबह 10 बजे तक के लिए सील कर लिया गया। यहां का एक निवासी कोरोना वायरस से पॉजिटिव है। नोएडा से अभी तक कोरोना के 9 मामले सामने आ चुके हैं।

कोलकाता का मेडिकल कॉलेज और अस्पताल अब कोरोना अस्पताल में परिवर्तित हो रहा है। सभी पॉजिटिव मामलों का इलाज यहां किया जाएगा। सभी मरीजों को अब दूसरे अस्पतालों में शिफ्ट किया जा रहा है। यहां 3000 बेड की सुविधा होगी।

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि काम चल रहा है और जल्दी ही आर्थिक पैकेज की घोषणा की जाएगी। ITR भरने की तारीख 30 जून तक बढ़ाई गई। विलंबित भुगतानों के लिए ब्याज दर 12% से घटाकर 9% कर दी गई है।

श्रम और रोजगार मंत्रालय में राज्य मंत्री संतोष कुमार गंगवार ने सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को श्रम कल्याण बोर्ड द्वारा एकत्रित सेस फंड से डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) मोड के माध्यम से निर्माण श्रमिकों के खाते में धनराशि स्थानांतरित करने के लिए एडवायजरी जारी की है। लगभग 52,000 करोड़ रुपए उपकर निधि के रूप में उपलब्ध हैं और लगभग 3.5 करोड़ निर्माण श्रमिक इन निर्माण कल्याण बोर्डों के साथ पंजीकृत हैं। 

एक महिला को कोरोना पॉजिटिव होने के बाद मणिपुर ने राज्यव्यापी अनिश्चितकालीन कर्फ्यू की घोषणा की। वहीं गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज, जम्मू को जम्मू प्रांत के लिए समर्पित COVID19 अस्पताल के रूप में घोषित किया गया।

गोवा में आज आधी रात से 31 मार्च तक पूर्ण तालाबंदी होगी। मध्य प्रदेश में भोपाल मेमोरियल अस्पताल को समर्पित COVID19 अस्पताल बनाया गया है। तेलंगाना में COVID19 मामलों की कुल संख्या 36 है जिसमें 3 नए मामले शामिल हैं।

यूपी के सभी जिलों में लॉकडाउन
उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में अगले 3 दिनों तक लॉकडाउन रहेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसका ऐलान किया। अभी तक उत्तर प्रदेश के 16 जिलों में 25 मार्च तक लॉकडाउन का ऐलान किया गया था, लेकन अब सभी 75 जिलों में लॉकडाउन का ऐलान 27 मार्च तक के लिए कर दिया गया है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कहा, 'नेशनल सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल सभी संभावित कोरोना वायरस रोगियों पर नजर रखे हुए है। आज, सामुदायिक निगरानी के माध्यम से देश में 1,87,000 से अधिक लोगों की निगरानी की जा रही है।'

भारत में कोरोना से 10वीं मौत
महाराष्ट्र: यूएई के एक 65 साल के कोरोना वायरस मरीज का कल मुंबई में निधन हो गया। उन्हें कस्तूरबा अस्पताल में भर्ती कराया गया था। महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के अभी तक 101 मामले सामने आ चुके हैं। 

कोरोना वायरस का असर राज्यसभा चुनाव पर भी पड़ा है। निर्वाचन आयोग ने 26 मार्च को होने वाले चुनाव को टाल दिया है। 

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आग्रह किया कि कोरोना वायरस के संकट के मद्देनजर निर्माण क्षेत्र में काम करने वाले कामगारों के लिए आपात कदम उठाए जाएं और कुछ निश्चित राशि की मदद उन्हें दी जाए। प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में सोनिया ने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि निर्माण क्षेत्र के कामगारों के कल्याण के लिए बने राज्य बोर्डों ने उपकर के माध्यम से 31 मार्च, 2019 तक 49,688 करोड़ रुपये की राशि का संग्रह किया था और इसमें से सिर्फ 19,380 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं।

गुजरात में कोरोना वायरस के 2 नए सकारात्मक मामले। राज्य में कोरोनो वायरस रोगियों की कुल संख्या 33 हो गई है। गुजरात की प्रधान सचिव (स्वास्थ्य) जयंती रवि ने बताया कि हम राज्य में 27,000 लोगों का सर्वेक्षण कर रहे हैं जो हाल ही में विदेश यात्रा करके आए हैं।

भारतीय सेना के प्रवक्ता कर्नल अमन आनंद ने बताया, 'सशस्त्र बलों ने विदेशों से 1186 (इनमें मेडिकल स्टाफ और एयर क्रू शामिल हैं) निकाले हैं। वर्तमान में सैन्य पर्यवेक्षण के तहत 796 लोग क्वारंटाइन हैं। अब तक केवल 2 पॉजिटिव केस आए हैं। 2 और व्यक्तियों को  कुछ लक्षणों के सिविल अस्पतालों में रखा गया है। अन्य सभी को पूरे प्रोटोकॉल के बाद छोड़ दिया गया है।'

32 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में लॉकडाउन की घोषणा। 560 जिलों में पूर्ण तालाबंदी। ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने तय किया है कि राज्य में COVID 19 के प्रकोप को रोकने के लिए पूरे राज्य में (सभी 30 जिले) मंगलवार आधी रात से 29 मार्च की मध्यरात्रि तक बंद रहेंगे। 

भारत में कोरोना वायरस मामलों की संख्या 492 हुई; वर्तमान में संक्रमित लोगों की संख्या 446: स्वास्थ्य मंत्रालय 

दिल्ली में पूरी तरह से तालाबंदी के बीच जाफराबाद में भारी सुरक्षा तैनाती 

नोएडा पुलिस ने सोमवार को जिले में लॉकडाउन और धारा 144 का उल्लंघन करने के लिए 1995 वाहनों का चालान किया गया और 96 एफआईआर दर्ज कीं। 

दिल्ली की ऐतिहासिक जामा मस्जिद कोरोना वायरस महामारी की वजह से नमाजियों के लिए 31 मार्च तक बंद रहेगी। जामा मस्जिद के इमाम सैयद अहमद बुखारी ने सोमवार को कहा कि बीमारी के प्रसार को रोकने के लिए एहतियाती उपाय के तहत इस बाबत फैसला लिया गया है, क्योंकि विदेश से लौटने वाले कई लोग मस्जिद में नमाज अदा करने आते हैं।

फ्रांस में कोरोना वायरस से 186 और लोगों की मौत हो गई है। विदेश मंत्री ने सोमवार को बताया कि इन मौतों के साथ ही देश में इस महामारी से मरने वालों की कुल संख्या 860 हो गई है।

राजस्थान में कोरोनावायरस के मामले सोमवार 32 तक पहुंच गए। सोमवार को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्य के लोगों से आह्वान किया कि वे 31 मार्च तक घोषित लॉकडाउन का पूरी तरह से पालन करें नहीं तो मजबूरी में सख्ती करनी पडे़गी और बुधवार से कर्फ्यू लगाना पडे़गा। 

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।