लाइव टीवी

फ्रांस से भारत आए 3 और राफेल लड़ाकू विमान, वायु सेना की ताकत में हुआ और इजाफा

Updated Jan 27, 2021 | 23:22 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

Rafale aircraf: भारतीय वायु सेना की ताकत में और इजाफा हुआ है। दरअसल, फ्रांस से 3 और राफेल लड़ाकू विमान भारत आ गए हैं। तीनों ने फ्रांस से भारत के लिए सीधी उड़ान भरी।

Loading ...
राफेल लड़ाकू विमान
मुख्य बातें
  • तीन और राफेल लड़ाकू विमान फ्रांस से भारत आए
  • अभी तक 11 राफेल विमान भारत आ चुके हैं
  • 36 विमानों के लिए 4 साल पहले भारत ने फ्रांस के साथ 59 हजार करोड़ रुपए का समझौता किया था

नई दिल्ली: फ्रांस से राफेल लड़ाकू विमान का तीसरा बैच भी भारत आ गया है। आज 3 राफेल एयरक्राफ्ट भारत पहुंच गए हैं। भारतीय वायुसेना ने जानकारी दी कि 3 राफेल विमानों का तीसरा बैच कुछ समय पहले IAF बेस पर उतरा है। तीनों लड़ाकू विमानों ने 7000 किलोमीटर से अधिक की उड़ान भरी। रास्ते में हवा में ही यूएई एयरफोर्स के द्वारा इनमें फ्यूल भरा गया, जिसके लिए इंडियन एयरफोर्स ने सराहना की। 

पांच राफेल जेट का पहला बैच 29 जुलाई, 2020 को भारत आया था। तीन राफेल जेट का दूसरा बैच 3 नवंबर को भारत आया था। भारत ने फ्रांस के साथ 36 रफाल विमान हासिल करने के लिए एक करार किया है। इस सौदे की कुल कीमत 59 हजार करोड़ रुपए है। भारतीय वायुसेना के प्रमुख एयर चीफ मार्शल आरकेएस भदौरिया ने कहा था कि सभी 36 राफेल विमानों को 2023 तक सेना में शामिल कर लिया जायेगा।

गणतंत्र दिवस की परेड में पहली बार दिखा राफेल 

देश के 72वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर राजपथ पर परेड में राफेल लड़ाकू विमान ने पहली बार हिस्सा लिया और एकल प्रदर्शन के तहत आकाश में 'ब्रह्मास्त्र' की आकृति और चार अन्य लड़ाकू विमानों के साथ 'एकलव्य' आकृति बनाने का अद्भत नजारा प्रस्तुत किया। एकलव्य आकृति का निर्माण करते हुए राफेल विमान का साथ दो जगुआर और दो मिग-29 विमानों ने दिया । राफेल की अगुवाई में इन लड़ाकू विमानों ने आसमान में 'वी' आकृति उकेरी। गणतंत्र दिवस परेड देखने करीब 25 हजार की संख्या में आए लोग आकाश की ओर टकटकी लगाये हुए थे। जब राफेल ने आसमान में ब्रह्मास्त्र की आकृति उकेरी और कुछ दूरी तक नीचे की ओर आकर फिर 90 डिग्री पर उड़ान भरी तब लोगों का उत्साह देखते ही बनता था।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।