लाइव टीवी

मौसम 25 सितंबर: दिल्ली-NCR में गर्मी और उमस से राहत नहीं, जानें राजधानी में आज मौसम का हाल

Updated Sep 25, 2020 | 06:00 IST

Aaj Ka Mausam (मौसम का हाल): गर्मी और उमस से दिल्ली वासियों को राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। जानिए आज कैसा रहेगा राजधानी का मौसम

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspTwitter
दिल्ली एनसीआर में आज कैसा रहेगा मौसम

नई दिल्ली : भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक 29 सितंबर तक राजधानी में मौसम शुष्क रहेगा। इसका साफ मतलब है कि इस महीने के अंत तक राजधानी में बारिश के कोई आसार नजर नहीं आ रहे हैं। गुरुवार को आसमान में बादल छाए, बारिश की संभावना बनी लेकिन बारिश नहीं हुई। पिछले कई दिनों से राजधानी में ऐसे ही हालात हैं। 

शुक्रवार 25 सितंबर को भी दिल्ली एनसीआर में मौसम में कोई खास बदलाव नहीं देखने मिलेगा। अधिकतम तापमान 32 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 25 डिग्री रहने की संभावना है। बारिश होने की संभावना 10 फीसदी बताई जा रही है। जबकि वातावरण में 89 फीसदी तक नमी रहेगी। हवा की रफ्तार 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हो सकती है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बृहस्पतिवार को कहा कि दिल्ली में मॉनसून की आखिरी बारिश संभवत: हो चुकी है और फिलहाल बारिश होने की संभावना नहीं के बराबर है। आईएमडी ने बताया कि बारिश नहीं होने की वजह से शहर में अगले कुछ दिनों में तापमान कुछ डिग्री सेल्सियस बढ़ सकता है।

सितंबर में राजधानी में सिर्फ तीन दिन बारिश हुई, जो 2016 के बाद से सबसे कम दिन है। 2016 में सिर्फ दो दिन ही बारिश हुई थी। सफदरजंग वेधशाला ने आखिरी बार आठ सितंबर को 1.3 मिमी बारिश दर्ज की थी। आईएमडी के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि दिल्ली में अब बारिश होने की बहुत ही कम संभावना है।

राजस्थान से 26 सितंबर से मॉनसून का लौटना शुरू हो जाएगा। इसके बाद मानसून सितंबर के अंतिम सप्ताह से दिल्ली, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश से भी लौटने लगेगा। राष्ट्रीय राजधानी के लोगों को फिलहाल गर्मी और उमस भरे मौसम से राहत नहीं मिलने जा रही है। दिल्ली में बुधवार को अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक है।

आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार सितंबर में दिल्ली में 81 फीसदी तक बारिश कम हुई। सफदरजंग वेधशाला ने शहर में इस महीने की सामान्य 109.3 मिमी बारिश के बजाय 20.9 मिमी ही बारिश दर्ज की।

वहीं, अगस्त में यहां 237 मिमी बारिश दर्ज हुई, जो पिछले सात वर्षों में इस महीने में सबसे ज्यादा है। शहर में मानसून ने एक जून को दस्तक दी थी और तब से शहर में 576.5 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य 633.1 मिमी बारिश से नौ फीसदी कम है।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।