लाइव टीवी

आज की ताजा खबर : Aaj Ki Taza Khabar, 4 सितंबर, 2022 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार

Updated Sep 05, 2022 | 00:19 IST

आज की ताजा खबर (Aaj ki Taza Khabar), 4 सितंबर, 2022 और बड़ी खबरें: यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं, पढ़ें 4 सितंबर (रविवार) की ताजा खबरें और प्रमुख समाचार :

Loading ...
Aaj Ki Taza Khabar, 4 सितंबर की बड़ी खबरें

Aaj ki Taza Khabar: देश को बांटते हैं बीजेपी और आरएसएस के नेता, दिल्ली के रामलीला मैदान से बोले राहुल गांधी। भारत जोड़ो यात्रा के जरिए आम जनता तक पहुंचेगी कांग्रेस- राहुल गांधी। जम्मू में रैली में गुलाम नबी आजाद ने कहा, मेरा दिल जम्मू-कश्मीर के लिए धड़कता है। नेपाल में 22 यात्रियों को लेकर उड़ान भर रहे विमान की इमरजेंसी लैंडिंग। बांग्लादेश के स्टार क्रिकेटर मुश्फिकुर रहीम ने टी 20 इंटरनेशनल से लिया संन्यास। जेडीयू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक का आज दूसरा दिन। एशिया कप में आज फिर भारत और पाकिस्तान की टीमें होंगी आमने-सामने। गुलाम नबी आजाद की आज जम्मू में रैली। सोनाली फोगाट केस में सीबीआई जांच की मांग को लेकर गोवा हाई कोर्ट में याचिका लगाएगा परिवार। जम्मू कश्मीर में चुनाव आयोग ने सोमवार को ऑल पार्टी मीटिंग बुलाई, मतदाता सूची के संशोधन पर होगी चर्चा। यूएस ओपन में फ्रांस के रिचर्ड गैस्केट को हराकर चौथे राउंड में पहुंचे राफेल नडाल। देश और दुनिया के आज के ताजा घटनाक्रम कुछ इस प्रकार हैं-

एशिया कप 2022 के ग्रुप मैच में पाकिस्तान को 5 विकेट से मात देने के बाद भारतीय टीम को रविवार को बाबर आजम ब्रिगेड के खिलाफ हार का मुंह देखना पड़ा। पाकिस्तान ने सुपर-फोर राउंड मुकाबले में भारत को 5 विकेट से हराया। दुबई अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेले गए मैच में भारत ने विराट कोहली की अर्धशतकीय पारी के दम पर 182 रन का स्कोर खड़ा किया, जिसे पाकिस्तान ने 5 विकेट खोने के बाद 1 गेंद बाकी रहते हासिल कर लिया। पाकिस्तान के लिए सर्वाधिक रन विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान (71) ने बनाए।

IND vs PAK Highlights: विराट कोहली की अर्धशतकीय पारी पर फिरा पानी, पाकिस्तान ने रोमांचक मैच में भारत को हराया

बिहार सीएम नीतीश कुमार ने जदयू कार्यकारणी की बैठक में कहा कि 2017 में बीजेपी के साथ फिर से जाना उनकी बहुत बड़ी गलती थी। इस गलती के कारण उनके कई साथी उन्हें छोड़कर चले गए। 

Bihar: बीजेपी के साथ जाने से कई करीबी साथ छोड़ कर चले गए- नीतीश कुमार से स्वीकारी 'गलती'

टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप के सुपर फोर के मुकाबले में 44 गेंद में 60 रन की पारी खेली। यह इस टूर्नामेंट में उनका लगातार दूसरा अर्धशतक है। हांगकांग के खिलाफ 59* रन की पारी खेली थी। फॉर्म में लौटते ही विराट ने रोहित शर्मा का अंतरराष्ट्रीय टी20 में सबसे ज्यादा 50 रन से ज्यादा की पारियां खेलने का विश्व रिकॉर्ड तोड़ दिया।

विराट कोहली ने जड़ा लगातार दूसरा अर्धशतक, तोड़ा रोहित शर्मा का वर्ल्ड रिकॉर्ड

कश्मीर में सुरक्षाबलों को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। सोपोर से एक हाईब्रिड आतंकी गिरफ्तार किया गया है, जिसके पास से एक स्टिकी बम बरामद किया गया है। 

Jammu Kashmir: स्टिकी बम के साथ हमले की तैयारी में था हाइब्रिड आतंकवादी, सुरक्षा बलों ने लिया दबोच

रविवार को दिल्ली में कांग्रेस की बड़ी रैली हुई। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केंद्र पर जमकर निशाना साधा। इधर राहुल पार्टी को मजबूत करने के लिए रैली कर रहे थे, उधर गुजरात कांग्रेस के युवा अध्यक्ष विश्वनाथ सिंह वाघेला ने पार्टी पर कई गंभीर आरोप लगाते हुए इस्तीफा दे दिया। 

इधर दिल्ली में राहुल गांधी कर रहे थे रैली, उधर गुजरात युवा कांग्रेस अध्यक्ष ने दे दिया इस्तीफा

Barack Obama Receives Emmy Award: बराक ओबामा अमेरिका के दूसरे राष्ट्रपति हैं जिन्हें एमी पुरस्कार से नवाजा गया है। इससे पहले ड्वाइट डी आइजनहावर को वर्ष 1956 में विशेष एमी पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।

Barack Obama: नेशनल पार्क श्रृंखला के लिए बराक ओबामा को मिला Emmy Award

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टाटा संस के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री के निधन पर रविवार को शोक व्यक्त किया और कहा कि उनका निधन वाणिज्य और उद्योग जगत के लिए एक बड़ी क्षति है। 

Tribute To Cyrus Mistry: साइरस मिस्त्री की मौत, पीएम मोदी से लेकर उद्योग जगत ने याद किया TATA Sons के पूर्व चेयरमैन को 

एशिया कप 2022 में रविवार (चार सितंबर, 2022) को भारत के खिलाफ अपने दूसरे मुकाबले के लिए पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने लाज बचाने के लिए खास प्लान बनाया है। इंडिया के साथ पिछले मैच में जिस तरह उसकी नाक कटी थी, उससे बचने के लिए बने गेम प्लान के तहत कुछ खास चीजों पर टीम मैदान में जोर आजमाइश करती दिखेगी। पाकिस्तान के पेसर (तेज गेंदबाज) हारिस रऊफ ने इस बारे में बताया है।

Asia Cup 2022: भारत के सामने न कटे नाक, इसलिए लाज बचाने को ये चीजें करेगा PAK, जानें- क्या है प्लान?

टाटा संस के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री का निधन हो गया है। एक सड़क दुर्घटना में उनकी मौत हो गई है। मुंबई जाने के क्रम में यह दुर्घटना हुई जिसमें मिस्त्री की मौत हो गई।

Cyrus Mistry: सड़क दुर्घटना में टाटा संस के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री की मौ

अमेरिका को रूस ने अब सीधी-सीधी चेतावना दे दी है। रूस ने कहा है कि अगर उसे छेड़ा जाएगा तो ये ठीक नहीं होगा। रूस ने पश्चिमी देशों को परमाणु हमले की धमकी दी है।

Russia: हमें छेड़ा गया तो कयामत आ जाएगी- अमेरिका को रूस की खुली धमकी

देश में बढ़ती महंगाई के खिलाफ दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को कांग्रेस की रैली में पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर निशाना साधते कहा कि ये दोनों देश में जानबूझकर नफरत एवं डर का माहौल पैदा कर रहे हैं।राहुल ने कहा कि बीजेपी और आरएसएस के नेता देश को बांटते हैं और जानबूझकर लोगों में भय पैदा करते हैं। साथ ही कहा कि नरेंद्र मोदी के सत्ता में आने के बाद से नफरत और बंटवारा बढ़ा है।

देश को बांटते हैं बीजेपी और आरएसएस के नेता, दिल्ली के रामलीला मैदान से बोले राहुल गांधी

देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस साल 2014 में मोदी सरकार के आने के बाद से लगातार हाशिये पर है। अब कांग्रेस पार्टी की हालत ऐसी हो गई है कि वो अपने अब तक के सबसे खराब दौर से गुजर रही है। स्थिति का अंदाजा इसी बात से लग सकता है कि पिछले कई साल से पार्टी का कोई अध्यक्ष नहीं है और पार्टी फिलहाल अंतरिम अध्यक्ष के भरोसे ही चल रही है। इसके अलावा कांग्रेस के कई बड़े नेता पार्टी को अलविदा कह चुके हैं, इससे भी पार्टी काफी कमजोर हुई है। 

कभी अन्ना आंदोलन ने कांग्रेस की उखाड़ दी थी सत्ता, अब उसी रामलीला मैदान के भरोसे गांधी परिवार

भारतीय सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे आज से अपना नेपाल दौरा शुरू कर रहे हैं। ये दौरा अग्निपथ योजना के तहत नेपाली नागरिकों की संभावित भर्ती पर असमंजस को खत्म कर सकता है। भारतीय सेना के अधिकारियों ने कहा कि 4-8 सितंबर के दौरान सेना प्रमुख की नेपाल की पहली यात्रा के दौरान जनरल मनोज पांडे को नेपाल सेना प्रमुख की मानद उपाधि भी दी जाएगी। 

आज से नेपाल दौरे पर आर्मी चीफ जनरल मनोज पांडे, क्या अग्निपथ योजना पर साफ होगा नेपाल का रुख?

लव जिहाद वो शब्द जो पिछले कुछ दिनों से सुर्खियों में हैं। हो भी क्यों ना चाहे महाराष्ट्र का अहमदनगर हो या फिर गुजरात का बनासकांठा। दोनों ही जगह 'लव जिहादी' गैंग एक्टिव है। झारखंड के दुमका में हुए अंकिता मर्डर केस में भी लव जिहाद का कनेक्शन जोड़ा जा रहा है। गुजरात के बनासकांठा में लव जिहादी गैंग ना सिर्फ लड़की बल्कि उसके परिवार का भी धर्म परिवर्तन करा दिया।  इसके विरोध में लोग हाथों में भगवा झंडे और पोस्टर लेकर सड़क पर मार्च कर रहे हैं जो लोगों का आक्रोश है।

Gujarat: हैरान करता है गुजरात के बनासकांठा के लव जिहाद का यह मामला, जानकर आप भी रह जाएंगे दंग

बांग्‍लादेश के पूर्व कप्‍तान मुश्फिकुर रहीम ने रविवार को टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्‍यास की घोषणा कर दी है। रहीम ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल के जरिये टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्‍यास की जानकारी दी और साथ ही बताया कि वो वनडे व टेस्‍ट क्रिकेट खेलना जारी रखेंगे। इसके अलावा रहीम ने अपने आप को फ्रेंचाइजी टी20 लीग के लिए भी उपलब्‍ध बताया है। टी20 वर्ल्‍ड कप 2022 से पहले मुश्फिकुर रहीम का संन्‍यास लेना बांग्‍लादेश के लिए मुश्किल का कारण साबित हो सकता है।

बांग्‍लादेश के पूर्व कप्‍तान ने T20I प्रारूप से लिया संन्‍यास, वनडे और टेस्‍ट में खेलना जारी रखेंगे

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज अहमदाबाद में छठी अखिल भारतीय जेल ड्यूटी मीट का उद्घाटन किया। इस अवसर पर शाह ने सजायाफ्ता कैदियों को लेकर कई अहम बातें कहीं। शाह ने कहा कि समाज में जेलों को किस नजरिए से देखा जाता है, इसे बदलने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि जेल में बंद प्रत्येक व्यक्ति स्वभाव से अपराधी नहीं होता, कभी-कभी ऐसी परिस्थितियां होती हैं जो उनकी संलिप्तता को मजबूर करती हैं।

अमित शाह बोले- जेल में हर कैदी स्वभाव से अपराधी नहीं होता, कई बार कुछ घटनाएं ऐसी....

आज से कांग्रेस एक तरह से मिशन 2024 का आगाज करने जा रही है। राजधानी दिल्ली के रामलीला ग्राउंड में देशभर से कांग्रेस कार्यकर्ताओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है। यहां होने वाली महारैली के जरिए कांग्रेस पार्टी न सिर्फ बीजेपी को घेरने की तैयारी कर रही  बल्कि अपने 'मिशन-2024' का भी आगाज करने जा रही है। इस रैली में महंगाई, बेरोजगारी और आवश्यक वस्तुओं पर जीएसटी थोपने को लेकर केंद्र की मोदी सरकार पर चौतरफा हमला किया जाना है।

Congress Rally: आज 'मिशन-2024' का आगाज करेगी कांग्रेस, मंहगाई और बेरोजगारी को लेकर रामलीला मैदान में मेगा रैली

बाबा भोलेनाथ की नगरी केदारघाटी में फिर से श्रद्धालुओं की चहल पहल देखने को मिल रही है, जून में मानसून के आगमन के साथ यात्रा की रफ्तार में कमी आ गई थी, जो एक बार फिर से रफ्तार पकड़ने लगी है। अब तक कुल 10.60 लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा केदारनाथ के दर्शन कर चुके है और यात्रा के मिजाज को देखते हुए कहा जा सकता है कि ये संख्या जल्दी ही 11 लाख के आंकड़े को भी पार कर लेगी।

Kedarnath Yatra: मानसून के विदा होते ही केदारनाथ में लगा भक्तों का तांता, हर रोज पहुंच रहे हैं हजारों तीर्थ यात्री

भारतीय जनता पार्टी की नेता और बिग बॉस की पूर्व प्रतियोगी सोनाली फोगाट की हत्या के मामले में अब उनका परिवार इस मामले की सीबीआई जांच चाहता है। सोनाली फोगाट के भतीजे विकास सिंह ने कहा है कि परिवार सीबीआई जांच के लिए गोवा हाई कोर्ट में याचिका दायर करेगा।

Sonali Phogat Case: सीबीआई जांच की मांग को लेकर गोवा हाई कोर्ट में याचिका लगाएगा परिवार

भारत और पाकिस्तान की क्रिकेट टीमें एशिया कप 2022 में रविवार (चार सितंबर, 2022) को दूसरी बार भिड़ेंगी। टॉप ऑर्डर और फास्ट बॉलर पर इस दौरान सबकी निगाह रहेगी, जबकि हिंदुस्तान के आवेश खान अस्वस्थ हैं। टीम इंडिया को अगर अपने चिर प्रतिद्वंदी पाकिस्तान के खिलाफ इस टूर्नामेंट के 'सुपर फोर' में इससे पहले वाले मुकाबले की तरह जीत हासिल करनी है तो उसके टॉप ऑर्डर को भी बढ़िया परफॉर्मेंस करनी होगी। साथ ही तेज बॉलर्स को भी अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभानी होगी।

Asia Cup 2022 में दूसरी बार India vs Pakistan, जानिए किसकी कितनी तैयारी और कौन कितना मजबूत?

भारतीय टीम की आज एशिया कप के सुपर-4 चरण में चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्‍तान से दुबई में भिड़ेगी। पिछले सप्‍ताह जब दोनों टीमों के बीच घमासान हुआ था तो मुकाबला काफी रोमांचकारी रहा था। भारतीय टीम ने यह मैच 5 विकेट से अपने नाम किया था। आज जब भारत-पाकिस्‍तान एक बार फिर आपस में भिड़ेंगे। फैंस को उम्‍मीद है कि मुकाबला एक बार फिर कांटे की टक्‍कर का होने वाला है।

VIDEO: जब 'Sexy' शब्द कहने से राहुल द्रविड़ ने खुद को रोका: देखें- कैसे उलझे, हंसे और फिर...

केरल के इडुक्की जिले में एक आदिवासी व्यक्ति ने शनिवार को आत्मरक्षा में एक तेंदुए को काटकर मार डाला। इडुक्की जिले के मंकुलम में एक आदिवासी बस्ती में रहने वाले गोपालन ने हाथ और पैर पर हमला करने के बाद तेंदुए को अपने हथियार से मार डाला। वहीं केरल सरकार ने पुष्टि की है कि उसके खिलाफ कोई केस दर्ज नहीं किया जाएगा, क्योंकि उसने खुद को बचाने के लिए ये काम किया। 

केरल के आदिवासी शख्स ने 'आत्मरक्षा' में तेंदुए को काटकर मार डाला, राज्य सरकार नहीं दर्ज करेगी मामला

राजस्थान में एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर को कन्हैयालाल हत्याकांड की तरह सिर तन से जुदा करने की धमकी मिली है। धर्म परिवर्तन नहीं करने पर युवक को जान से मारने की धमकी मिली है। धमकीबाज पहले पत्र लिखकर सिर तन से जुदा की धमकी दी उसके बाद युवक को फोन करके धमकाया। इस धमकी के बाद पूरा परिवार दहशत में है। पुलिस ने कॉल डिटेल के आधर पर एक संदिग्ध को यूपी से हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। उसकी हैंडराइटिंग मिलाई जा रही है।

Rajasthan में फिर 'सिर तन से जुदा' की धमकी, सॉफ्टवेयर इंजीनियर पर बनाया जा रहा है धर्म परिवर्तन का दबाव

भारत के खिलाफ एशिया कप 2022 में होने वाले दूसरे मैच से पहले पाकिस्तान को तगड़ा झटका लगा है। टीम के तेज गेंदबाज शाहनवाज दहानी रविवार (तीन सितंबर, 2022) को एशिया कप टूर्नामेंट 2022 से बाहर हो गए। वजह- उनकी मांसपेशियों में खिंचाव है। 

पाकिस्तान को तीसरा तगड़ा झटकाः भारत के खिलाफ मैच से पहले यह खिलाड़ी टूर्नामेंट से आउट, PCB चीफ चिंतित

सीएम योगी अदित्यनाथ के गृह जिले गोरखपुर में आधे से ज्यादा वार्डों का नाम बदल दिया गया है। गोरखपुर में हुए इस उलटफेर में वार्डों का परिसीमन हुआ है लेकिन सबसे बड़ा बदलाव नाम को लेकर है। जिले में अब वार्डों की संख्या 70 से बढ़कर 80 हो गई हैं। इन अस्सी में से 50 के नाम बदल दिए गए हैं। दरअसल गोरखपुर नगर निगम के परिसीमन के प्रारुप को शासन की मंजूरी मिल गई है। इस परिसीमन में 32 गांवों को नगर निगम में शामिल किया गया है।

Gorakhpur: उर्दू बाजार हुआ अब हिंदी बाजार तो अली नगर बना आर्य नगर, CM योगी के शहर में बदले गए 50 वार्डों के नाम

एशिया कप 2022 में भारत के खिलाफ दूसरे मैच से पहले पाकिस्तान के विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान ने माना है कि हिंदुस्तानी टीम के खिलाफ खेलने में उन लोगों पर हमेशा दबाव रहता है। यह मुकाबला हर बार किसी ‘फाइनल’ सरीखा होता है। ये बातें उन्होंने हांगकांग क्रिकेट टीम के खिलाफ जीत हासिल करने के बाद कहीं। दो सितंबर, 2022 (शुक्रवार) को शारजाह में वह पत्रकारों के सामने उत्साहित दिखे। उन्होंने कहा कि उनकी टीम के साथी मजाक में कह रहे हैं कि इस टूर्नामेंट में इन दोनों टीमों (भारत और पाकिस्तान) के बीच तीन मैचों की सीरीज की तरह है।

India के खिलाफ खेलने में हमेशा दबाव रहता है, मुकाबला ‘फाइनल’ सरीखा होता है- PAK के मोहम्मद रिजवान ने माना

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के एक गांव में एक दूसरे धर्म की 19 साल की लड़की के साथ कथित रूप से संबंध रखने के आरोप में 22 साल के एक लड़के की हत्या कर दी गई। लड़के की पहचान सुनील कुमार के तौर पर हुई है और वह शुक्रवार शाम से लापता था। द टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक उसका शव एक पेड़ से बंधा हुआ पाया गया था।

Uttar Pradesh: बरेली में दूसरे धर्म की लड़की से संबंध रखने पर लड़के की हत्या, पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लिया

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को कहा कि अगर सभी विपक्षी दल बीजेपी के खिलाफ एकजुट हो जाते हैं तो 2024 के लोकसभा चुनाव में ये 50 सीटों पर आ जाएगी। न्यूज एजेंसी पीटीआई ने सूत्रों से बताया कि जेडीयू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी को अपने संबोधन में नीतीश कुमार ने कहा कि विपक्षी दलों को उन लोगों के कल्याण के लिए अपने मतभेदों को दफनाने की जरूरत है जो "विकल्प" की तलाश में हैं। उन्होंने दावा किया कि उनका एकमात्र लक्ष्य विपक्षी दलों को एकजुट करने के लिए काम करना है।  

'बीजेपी 50 सीटों पर आ जाएगी अगर...', नीतीश कुमार ने 2024 के लिए विपक्षी एकजुटता का लिया संकल्प

शक्तिशाली INS विक्रांत भारतीय नौसेना के बेड़े में शामिल हो चुका है। इससे हर हिंदुस्तानी गदगद है।  कई बड़े देश विक्रांत की तारीफें कर रहे हैं। लेकिन चीन और पाकिस्तान में हड़कंप मचा हुआ है। सुपरपावर होने का दम भरने वाला ड्रैगन तो दहशत से भरा हुआ है। सवाल ये है कि आखिर क्यों। आइए समझते हैं। विहंगम, विराट, समंदर का सम्राट, विक्रांत। भारतीय नौसेना को जैसे ही ये नई और स्वदेशी शक्ति हासिल हुई, दुश्मनों के सीने पर सांप लोटने लगा। चीन जो खुद को सुपरपावर कहता है, वो बौखला गया। पाकिस्तान में तो भारत के इस बाहुबली ने खलबली मचा दी। 

INS Vikrant : समंदर में उतरा हिंदुस्तान का बाहुबली, देखिए कैसे पाकिस्तान से लेकर चीन तक में मची है खलबली

आदर्श ग्राम पंचायत पहल के तहत, बरेली जिले का भरतौल गांव उत्तर प्रदेश का पहला गांव बन गया है जहां हर घर में पीने के लिए आरओ पानी उपलब्ध है। सभी को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गांव में चार आरओ प्लांट लगाए गए हैं। अधिकारियों ने निकट भविष्य में और अधिक आरओ स्थापित करने की योजना बनाई है। यह गांव पहले ही पंडित दीनदयाल उपाध्याय पंचायत सशक्तिकरण और मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार हासिल कर चुका है।

UP का पहला आदर्श गांव जहां हर निवासी पीता है RO का पानी, सरकारी स्कूल के बच्चे करते हैं अंग्रेजी में बातचीत

कांग्रेस छोड़ने के बाद गुलाम नबी आजाद आज जम्मू में अपनी पहली रैली करने जा रहे हैं। गुलाम नबी आजाद आज सुबह 11 बजे जम्मू पहुंचेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री के एक करीबी ने शनिवार को बताया कि जम्मू में गुलाम नबी आजाद की पहली जनसभा के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पूर्व मंत्री जीएम सरूरी ने कहा कि गुलाम नबी आजाद के रविवार सुबह दिल्ली से पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया जाएगा और उनके साथ सैनिक कॉलोनी में जनसभा स्थल तक जुलूस निकाला जाएगा। सरूरी दो दर्जन से अधिक प्रमुख विधायकों में से हैं, जिन्होंने गुलाम नबी आजाद के समर्थन में कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया। जम्मू की रैली में आज गुलाम नबी आजाद के अपने स्वयं के राजनीतिक दल के गठन की घोषणा करने की संभावना है।

Ghulam Nabi Azad: कांग्रेस छोड़ने के बाद आज गुलाम नबी आजाद की पहली रैली, जम्मू में दिखाएंगे अपना दम

एशिया कप 2022 में भारत और पाकिस्तान के बीच रविवार को दुबई में सुपर फोर राउंड का मुकाबला होना है। मौजूदा टूर्नामेंट में खेले जाने वाले इस दूसरे महामुकाबले से पहले प्रेस से मुखातिब होने आए टीम इंडिया के कोच राहुल द्रविड़ के एक बयान ने भारतीय क्रिकेट प्रेमियों की दिल की धड़कनें बढ़ा दी हैं। द्रविड़ के मुताबिक टीम इंडिया के तेज गेंदबाज आवेश खान बीमार हैं। मौसम की वजह से उन्हें बुखार है और डॉक्टर उनकी देखभाल कर रहे हैं। वो आज प्रैक्टिस में शामिल नहीं हुए लेकिन उनकी तबीयत ज्यादा गंभीर नहीं है आशा करता हूं कि वो कल के मैच के लिए फिट हो जाएंगे। नहीं तो आने वाले मैचों के लिए उपलब्ध होंगे।

पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले से पहले राहुल द्रविड़ के बयान ने बढ़ाई भारतीय प्रशंसकों की धड़कनें

आज रद्द या डायवर्ट किए गए ट्रेनों की बात करें तो 264 ट्रेनों को कैंसिल किया गया है, 09 ट्रेनों को रिशेड्यूल जबकि 27 ट्रेनों को डायवर्ट किया गया है। रेलवे की ओर से लगातार इस लिस्ट को अपडेट किया जाता है और ऐसे में कैंसिल, डायवर्ट और रिशेड्यूल ट्रेनों की संख्‍या बढ़ भी सकती है। इसलिए जरूरी है कि आप इस संबंध में लेटेस्‍ट जानकारी बेवसाइट से हासिल करें। अब अगर आपका सवाल है कि इसे वेबसाइट से कैसे चेक करें तो इसे कुछ आसान स्‍टेप्‍स को फॉलो करते हुए देखा जा सकता है।

IRCTC Railway Train Cancelled List Today, 04 Sept 2022: कई ट्रेनें रद्द, डायवर्ट, रिशेड्यूल हुई हैं, यहां देखें लिस्ट

यह तो हम आप सभी जानते हैं कि दुनिया का सबसे बड़ा, वाष्प आधारित यात्री जहाज टाइटैनिक, इंग्लैंड के साउथहैंप्टन से अपनी प्रथम यात्रा पर, 10 अप्रैल 1912 को रवाना हुआ और कभी अपनी मंजिल पर नहीं पहुंचा। दुनिया का सबसे सुरक्षित और कभी न डूबने वाला बताया गया यह जहाज चार दिन की यात्रा के बाद, 14 अप्रैल 1912 को एक हिमशिला से टकरा कर डूब गया था। समुद्र में डूबे इस जहाज की पहली तस्वीरें इसके डूबने के 73 बरस बाद 4 सितंबर 1985 को पहली बार सामने आईं। इतिहास की शांतिकाल की सबसे बड़ी समुद्री आपदाओं में से एक इस घटना में 1500 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी।

आज का इतिहास, 04 सितंबर: टाइटैनिक के डूबने के 73 साल बाद पहली बार सामने आई थीं तस्वीरें

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।