लाइव टीवी

Punjab: पंजाब कांग्रेस में फूट? AAP ने सिद्धू को दिया नई सरकार के लिए ऑफर

Updated Nov 30, 2019 | 22:37 IST

जहां कांग्रेस एक तरफ महाराष्ट्र में एनसीपी और शिवसेना के साथ गठबंधन कर नई सरकार में शामिल हुई है वहीं पंजाब से उसके लिए अच्छी खबर नहीं आ रही है।

Loading ...
पंजाब कांग्रेस में फूट! सिद्धू को मिला सरकार बनाने का ऑफर
मुख्य बातें
  • अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी ने पंजाब में चली बड़ी सियासी चाल
  • पार्टी ने कांग्रेस के नाराज विधायकों के साथ सिद्धू को नई सरकार बनाने के लिए दिया निमंत्रण
  • विधायक अमन अरोड़ा ने एक बयान जारी कर किया दावा- कांग्रेस के 40 से ज्यादा विधायक नाराज

चंडीगढ़: महाराष्ट्र में नई सरकार के गठन में अभी कुछ समय भी नहीं बीता था कि पंजाब से एक बड़ी खबर आ रही है। दिल्ली की सत्ता पर काबिज आम आदमी पार्टी ने नयी सियासी बिसात बिछाते हुए दावा किया है कि कांग्रेस के कई विधायक सरकार से नाराज चल रहे हैं। आप का दावा है कि ये विधायक मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह से नाराज हैं।

आम आदमी पार्टी के पंजाब सह- अध्यक्ष और विधायक अमन अरोड़ा के मुताबिक 'मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के गृह जिले के चार विधायकों ने सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए दावा कि किया कि उनके पास 40 विधायकों का समर्थन है। मैं उन्हें (40 विधायकों) और नवजोत सिंह सिद्धू को नई सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करता हूं। हम इस संबंध में कांग्रेस विधायकों के साथ बातचीत कर रहे हैं।'

सूनाम से आप विधायक अमन अरोड़ा का दावा है कि नाराज विधायक आरोप लगा रहे हैं कि अफसरशाही विधायकों पर हावी है और उनकी बातों को नजरंदाज किया जा रहा है। आप के इस दावे से पंजाब की राजनीति गर्मा गई है। 

आपको बता दें कि पंजाब में इस समय कांग्रेस की पूर्ण बहुमत की सरकार है। मार्च 2017 में हुए चुनावों में कांग्रेस ने 117 में से 77 सीटें जीतकर कैप्टन अमरिंदर सिंह के नेतृत्व में सरकार बनाई थी। वहीं आम आदमी पार्टी को 19 सीटें मिली थी। जबकि शिरोमणि अकाली दल के खाते में 14, भाजपा के खाते में 2 और लोक इंसाफ पार्टी के खाते में 2 सीटें आईं थी।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।