लाइव टीवी

कांग्रेस को एक और बड़ा झटका, आज टीएमसी में शामिल होंगे कीर्ति आजाद- सूत्र

Updated Nov 23, 2021 | 10:37 IST

क्रिकेटर से राजनेता बने कीर्ति आजाद कांग्रेस छोड़कर ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी में शामिल होंगे।

Loading ...
कीर्ति आजाद
मुख्य बातें
  • कीर्ति आजाद कांग्रेस में शामिल होने से पहले वे बीजेपी में थे।
  • लंबे समय से कांग्रेस से नाराज चल रहे थे।
  • वे बिहार में बड़ी जिम्मेदारी चाहते थे।

नई दिल्ली: कांग्रेस को आज एक और बड़ा झटका लगेगा। क्योंकि क्रिकेटर से राजनेता बने कीर्ति आजाद कांग्रेस छोड़कर ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी में शामिल होंगे। हालांकि अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सूत्रों ने बताया कि कीर्ति आजाद आज शाम 5 बजे टीएमसी में शामिल होंगे। सूत्रों के मुताबिक वे लंबे समय से कांग्रेस से नाराज चल रहे थे। उन्हें बड़ी जिम्मेदारी नहीं मिलने से नाराज थे। वे बिहार में बड़ी जिम्मेदारी चाहते थे। कांग्रेस में शामिल होने से पहले वे बीजेपी में थे। 

टीएमसी प्रमुख और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी दिल्ली के दौरे पर हैं और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मिलने की संभावना है। पिछले महीने, उत्तर प्रदेश के दो कांग्रेस नेता राजेशपति त्रिपाठी और उनके बेटे ललितेशपति त्रिपाठी तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए और बनर्जी के नेतृत्व में बीजेपी को केंद्र से बाहर करने की कसम खाई।

पूर्व क्रिकेटर और बिहार के दरभंगा निर्वाचन क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के पूर्व सांसद आजाद को 2015 में बीजेपी से निलंबित कर दिया गया था, जब उन्होंने पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए खुले तौर पर आलोचना की थी।

18 फरवरी, 2019 को आजाद कांग्रेस में शामिल हो गए। उन्होंने कांग्रेस के टिकट पर धनबाद लोकसभा क्षेत्र से 2019 का लोकसभा चुनाव भी लड़ा। हालांकि, वह भाजपा के पशुपति नाथ सिंह से 4.8 लाख मतों के अंतर से हार गए।

कीर्ति आजाद 1983 की विश्व कप विजेता टीम के हिस्सा थे। दिल्ली के गोले मार्केट निर्वाचन क्षेत्र से विधान सभा (एमएलए) के सदस्य के रूप में भी काम किया। वह बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री भागवत झा आजाद के बेटे हैं। उनकी पत्नी पूनम आजाद नवंबर 2016 में आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल हो गईं। हालांकि, उन्होंने 2017 में पार्टी छोड़ दी थी और कांग्रेस में शामिल हो गई थीं।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।