लाइव टीवी

CAA protests:यूपी के अलग अलग शहरों में अब तक 6 लोगों की मौत, सीएम योगी की शांति अपील

Updated Dec 21, 2019 | 00:16 IST

नागरिकता संशोधन कानून (Citizenship Act Protest): शुक्रवार के दिन यूपी के कई शहर हिंसा के शिकार बन गये। गुरुवार की लखनऊ में हुई मौत के बाद कुल 6 लोग काल के गाल में समा चुके हैं।

Loading ...
CAA Protest :अफवाह की आग में शुक्रवार को भी जले कई शहर
मुख्य बातें
  • नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ विरोध प्रदर्शनों का सिलसिला जारी
  • उत्तर प्रदेश सहित कई शहरों में विरोध प्रदर्शन, गाजियाबाद सहित कई शहरों में इंटरनेट सेवा बंद
  • असम में हालात धीरे-धीरे सामान्य हो रहे हैं, शुक्रवार को पूरे असम में इंटरनेट सेवा हुई बहाल

नई दिल्ली: यूपी के कई शहर शुक्रवार को हिंसा की भेंट चढ़ गए। फिरोजबाद, बहराइच, गोरखपुर और मेरठ में जमकर आगजनी हुई। गुरुवार से लेकर शुक्रवार तक कुल 6 लोग काल के गाल में समा चुके हैं। इस बीच सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वो लोगों से अपील करते हैं कि किसी के बहकावे में न आएं। इसके साथ ही असम के सीएम सर्वानंद सोनोवाल ने कहा कि असम मूल तौर पर असमी लोगों का ही है, उन्हें किसी से डरने की जरूरत नहीं है।   जानिए सीएए को लेकर शुक्रवार को  देशव्यापी प्रदर्शनों का ये थी जानकारी 

  • सीएए के विरोध में उत्तर प्रदेश के कई शहर चपेट में हैं। शुक्रवार को अलग अलग शहरों में कुल पांच लोगों की मौत हो चुकी है। गुरुवार के आंकड़े को देखें तो यह संख्या 6 हो चुकी है। इन सबके बीच सीएम योगी आदित्यनाथ ने शांति की अपील की है।
  • असम के सीएम सर्वानंद सोनोवाल ने कहा कि राज्य असमी लोगों का है और उनके हितों पर किसी तरह से चोट नहीं आने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को भ्रम है उसे दूर करने के लिए सरकार की तरफ से जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। 
  • नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ लोग सड़कों पर हैं। मध्य प्रदेश सरकार ने कुल 52 जिलों में से 50 जिलों में धारा 144 लागू कर दिया है, इसके साथ ही गुजरात सरकार ने राजकोट में एक जनवरी तक धारा 144 लागू कर दिया है ।
  • सिटीजनशिप एक्ट को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने गरीबों के खिलाफ बताया। उन्होंने कहा कि इस कानून से सबसे ज्यादा गरीब लोग प्रभावित होंगे। रोजाना काम करने वालों का क्या होगा। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से होना चाहिए।उन्होंने कहा कि वो बिल का विरोध करने वालों के साथ हैं। 
  • उत्तर प्रदेश के अतिरिक्त मुख्य सचिव अवनीश कुमार अवस्थी ने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ जारी विरोध प्रदर्शनों में शुक्रवार को पांच लोगों की मौत हुई। गाजियाबाद में इंटरनेट सेवाएं शनिवार सुबह 10 बजे तक बंद रहेंगी। जिले के सभी स्कूलों को भी बंद रखा गया है।
  • नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में मेरठ बुरी तरह सुलग चुका है। फिलहाल दो लोगों के मरने की खबर है जबकि सात लोग घायल हो गए हैं। पुलिस के मुताबिक अभी यह सुनिश्चित कर पाना मुश्किल है कि मारे लोग प्रदर्शनकारी थे या कोई और थे।
  • वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि कोई सीएम यह कैसे कह सकता है कि युएन की अगुवाई में सीएए को लागू किया जाना चाहिए। उन्होंने ममता बनर्जी के बयान की आलोचना करते हुए कहा कि गैरजिम्मेदार रवैये की वो आलोचना करती हैं। निर्मला सीतामरण ने कहा कि ऐसा लगता है कि ममता बनर्जी को भारतीय संस्थाओं में भरोसा नहीं है। 
  • केरल की राजधानी तिरुअनंतपुरम में प्रदर्शनकारियों ने इसरो की गाड़ी को निशाना बनाया। इसरो का कहना है कि प्रदर्शनकारियों के इस कृत्य को कैसे उचित ठहराया जा सकता है। 
  • महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे ने नागपुर में कहा कि वो राज्य के लोगों से शांति की अपील करते हैं। इसके साथ यह भी कहा कि किसी के अधिकार को छीना नहीं जाएगा किसी को परेशान होने की जरूरत नहीं है।
  • ममता बनर्जी ने कहा कि अटल जी राजधर्म की बात किया करते थे। वो कहते थे कि राजधर्म का पालन करो। लेकिन जो राजधर्म का पालन नहीं करते वो अब देश में बैठे हुए हैं।                                                                                                         
     
  • पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने कहा कि अगर कैब इतना अच्छा है तो प्रधानमंत्री जी आपने वोट क्यूं नहीं डाला। आप दो दिन संसद में थे लेकिन जब आपने वोट नहीं डाला तो मुझे यह अंदाजा है कि आप भी इसे सपोर्ट नहीं करते। आप इस मानने से इंकार कर दीजिए। 
  • महाराष्ट्र के पुणे और नागपुर में लोग नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ सड़कों पर हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि भारतीय संविधान की भावना के खिलाफ फैसला किया गया है। 
  • यूपी के बहराइच, बुलंदशहर और मेरठ में प्रदर्शनकारियों और पुलिस में जबरदस्त भिड़ंत हुई। मेरठ के लिसाड़ी गेट पर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इसके साथ ही बुलंदशहर में मोबाइल और इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है।
  • उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में हिंसक प्रदर्शन। उपद्रवियों ने पुलिस की गाड़ी को किया आग के हवाले। उपद्रवियों ने पुलिस पर पथराव किया। कुछ पुलिसकर्मियों को चोट भी लगी है। वहीं गाजियाबाद और हापुड़ में भी विरोध प्रदर्शन जारी हैं। 
  • मेंगलुरु दक्षिण पुलिस ने बयान जारी कर कहा कि केरल के जिन 6 या 7 पत्रकारों को आज सुबह हिरासत में लिया गया उन सभी को आधे घंटे पहले रिहा कर दिया गया है। इससे पहले केरल के मुख्यमंत्री ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री येदियुरप्पा को खत लिखकर इन पत्रकारों को रिहा करने की मांग की थी। 
  • उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में भी उपद्रवियों ने नागरिकता कानून के खिलाफ हिंसक प्रदर्शन शुरू कर गिए हैं। यहां पर उपद्रवियों ने पुलिस की कई गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया। पुलिस इन उपद्रवियों को काबू में पाने की हरसंभव कोशिश कर रही है।
  • गोरखपुर में उपद्रवियों ने पुलिस पर की पत्थरबाजी। नागरिकता बिल के खिलाफ हो रहे प्रदर्शन के दौरान हुई पत्थरबाजी। फिलहाल किसी के घायल होने की खबर नहीं है। पुलिस के मुताबिक हालात नियंत्रण में हैं।
  • बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बोले- राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (NRC) बिहार में लागू नहीं किया जाएगा। आपको बता दें कि नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ बिहार में भी व्यापक विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं।
  • गोरखपुर एसएसपी सुनील गुप्ता बोले-, इलाके में धारा 144 लागू है और किसी को भी धरना प्रदर्शन या विरोध रैली की अनुमति नहीं है। मैं लोगों से कानून और व्यवस्था बनाए रखने की अपील करता हूं।
  • नागरिकता कानून के खिलाफ विरोध प्रदर्शन हिंसक होते जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश के कानपुर, हमीरपुर, बहराइच और गोरखपुर में प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव किया है। प्रदर्शन हिंसक होते जा रहे हैं। वहीं कोलकाता में कुछ जगहों पर इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं।
  • नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ जामा मस्जिद में विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने भीम आर्मी के प्रमुख चंद्रशेखर आज़ाद को हिरासत में लेने की कोशिश की थी, लेकिन उन्हें उनके समर्थकों ने मौके से हटा दिया। इससे पहले पुलिस ने आजाद को जामा मस्जिद से जंतर मंतर तक एक विरोध मार्च के लिए अनुमति देने से इनकार कर दिया गया था।
  • पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपने यूएन वाले बयान पर दी सफाई, कहा- मैंने केवल ओपनियन पोल का जिक्र किया था। मैंने मानवाधिकार आयोग और संयुक्त राष्ट्र की बात की थीष। बीजेपी नकली वीडियो बनाकर और गलत जानकारी फैलाकर मेरी छवि खराब करने की योजना बना रही है।
  • महाराष्ट्र में भी नागरिकता कानून के खिलाफ विरोध प्रदर्शन तेज। मुंबई के हरी मस्जिद के बाद लोगों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर निकाला मार्च।
  • नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ तेलंगाना में भी विरोध प्रदर्शन तेज, हैदराबाद के चारमीनार के नजदीक बड़ी संख्या में लोग विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
  • नागरिकता कानून के खिलाफ विरोध प्रदर्शन तेज हो गए हैं। इसे देखते हुए नोएडा में भी धारा 144 लागू कर दी गई है। नोएडा के एसएसपी ने ट्वीट कर दी जानकारी।
  • केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी बोलीं- नागरिकता संशोधन बिल भारत के किसी भी नागरिक के अधिकारों को नहीं छीनता है। जो लोग हिंसक तत्वों को समर्थन प्रदान कर रहे हैं, मैं राज्य सरकारों से उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की अपील करता हूं।
  • उत्तर प्रदेश में विरोध प्रदर्शनों के दौरान तोड़फोड़ करने वाले लोगों की पहचान की गई है। पूरे उत्तर प्रदेश से लगभग 3500 लोगों को हिरासत में लिया गया है।
  • तमिलनाडु: पुलिस ने कल चेन्नई के वल्लुवर कोट्टम में एकत्रित हुए अभिनेता सिद्धार्थ, संगीतकार टीएम कृष्णा, सांसद थिरुमावलवन और एमएच जवाहिरुल्ला सहित 600 प्रदर्शनकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
  •  एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी बोले: विरोध करना हमारा अधिकार है, लेकिन हम हिंसा की निंदा करते हैं और जो कोई भी हिंसा में शामिल है वह पूरे आंदोलन का दुश्मन है। विरोध प्रदर्शन किया जाना चाहिए, लेकिन शांति बनाए रखने पर ही यह सफल होगा।
  • कर्नाटक के गृह मंत्री बसवराज बोम्मई बोले: बहुत से लोग पड़ोसी राज्य से आए थे और उनकी उपस्थिति के कारण बहुत सारी हिंसा पैदा हुई है। आज स्थिति शांतिपूर्ण है, यह नियंत्रण में है। हम अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों से बातचीत कर रहे हैं।
  • गृह राज्य मंत्री जी किशन रेड्डी बोले: मैं लोगों से नागरिकता संशोधन अधिनियम का विरोध न करने की अपील करता हूं। इस कानून में किसी भी भारतीय नागरिक के खिलाफ एक भी शब्द या लाइन नहीं है। मैं राजनीतिक दलों और बुद्धिजीवियों से पूछता हूं, क्या आप लोगों को धर्म के आधार पर विभाजित करने की कोशिश कर रहे हैं?
  • नागरिकता संशोधन कानून पर यूएन कमिटी बनाने की ममता बनर्जी की टिप्पणी पर गृह राज्य मंत्री जी किशन रेड्डी ने कहा- 'तृणमूल कांग्रेस का जनाधार खिसक रहा है, इसीलिए वह तनाव में हैं और वह जो कह रही हैं उन्हें भी नहीं पता है। यह एक मुख्यमंत्री का गैरजिम्मेदाराना बयान है।'
  • बसपा सुप्रीमो मायावती बोलीं- हमने हमेशा नागरिकता संशोधन कानून का विरोध किया है और हम शुरू से ही इसका विरोध करते रहे हैं लेकिन अन्य पार्टियों की तरह हम सार्वजनिक संपत्ति और हिंसा को नष्ट करने में विश्वास नहीं करते हैं। सड़कों पर नहीं उतरें पार्टी कार्यकर्ता।
  • संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ लखनऊ में गुरुवार को हुए हिंसक प्रदर्शन के बाद जिले में इंटरनेट सेवाएं आधी रात के बाद से बंद कर गई हैं। कल हुए हिंसक प्रदर्शन और आगजनी के बाद उत्पन्न माहौल को देखते हुए इंटरनेट सेवाएं आधी रात के बाद बंद कर दी गईं। यह प्रतिबंध अगले आदेश तक लागू रहेगा।
  • हैदराबाद: नागरिकता संशोधन कानून को लेकर AIMIM के मुख्यालय में यूनाइटेड मुस्लिम ऐक्शन कमिटी, हैदराबाद की बैठक हुई। बैठक में एआईएमआईएम के मुखिया असदुद्दीन ओवैसी भी मौजूद थे।
  • यूपी के संभल में उपद्रवियों ने गुरुवार को रोडवेज की दो बसों को आग के हवाले कर दिया था। इसके बाद भड़की हिंसा में पुलिस की गाड़ियों को भी निशाना बनाया गया। पुलिस ने इस मामले में एसपी सांसद शफीकुर्रहमान बर्क, एसपी जिलाध्यक्ष फिरोज खान सहित 17 लोगों के खिलाफ एक एफआईआर दर्ज की है।  
  • असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल बोले- मैं लोगों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि कोई भी असम की धरती के बेटों का अधिकार छीन नहीं सकता है, हमारी भाषा या हमारी पहचान को कोई खतरा नहीं है।
  • अहमदाबाद पुलिस ने कल नागरिकता कानून के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के दौरान हिंसा के सिलसिले में 49 लोगों को हिरासत में लिया है। हिरासत में लिए गए लोगों में कांग्रेस पार्षद शहजाद खान (सादे सफेद शर्ट में बीच में) भी है।

गुरुवार को लखनऊ में हुई हिंसा में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अभी तक 150 को गिरफ्तार किया गया है और 19 प्राथमिकी दर्ज की गई है। यूपी के जिन शहरों में आज इंटरनेट सेवा बंद की गई है उनमें गाजियाबाद,  लखनऊ, प्रयागराज, अलीगढ़, मेरठ,  सहारनपुर,  बरेली, आगरा, पीलीभीत, प्रयागराज,  मऊ, आजमगढ़ और संभल शामिल हैं। 

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।