लाइव टीवी

359 मीटर की ऊंचाई, एफिल टावर से भी ऊंचा; जानें भारत में बने दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे आर्क ब्रिज के बारे में

Updated Mar 18, 2021 | 20:55 IST

Arch Bridge: रेलवे जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में चेनाब नदी पर दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे पुल आर्क ब्रिज का निर्माण कर रही है। यहां जानें इसके बारे में।

Loading ...
आर्क ब्रिज

जम्मू और कश्मीर में चेनाब नदी पर दुनिया का सबसे ऊंचा रेल पुल (Railway Arch bridge) निर्माण अंतिम चरण में है। हाल ही में रेल मंत्रालय ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर एक वीडियो पोस्ट किया जिसमें दिखाया गया है कि किस तरह से ये ब्रिज तैयार हुआ है। साथ ही इसमें रेलवे आर्क ब्रिज से जुड़े कुछ रोचक तथ्य भी बताए गए हैं।

एक और वीडियो में रेलवे मंत्रालय ने लिखा, 'ऐतिहासिक पल। चेनाब पुल का निचला आर्च पूरा हो गया। अब इंजीनियरिंग का बेहतरीन नमूना ऊपरी आर्च का काम भी पूरा होगा। यह दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे पुल है।' मंत्री ने इस पल का वीडियो साझा करते हुए कहा कि यह दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे पुल होने वाला है।

यहां आप चेनाब नदी पर दुनिया के सबसे ऊंचे रेल पुल के बारे में जानें:

  • जम्मू और कश्मीर के रियासी जिले में दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे पुल लगभग तैयार है। 
  • यह पुल नदी तल से 359 मीटर की ऊंचाई पर है, जो पेरिस के एफिल टावर से भी 35 मीटर ऊंचा है। पुल की कुल लंबाई 1315 मीटर है।
  • एक बार पूरा होने के बाद यह चीन में बीपन नदी शुआईबाई रेलवे पुल (275 मीटर) के रिकॉर्ड को पार कर जाएगा।
  • कोंकण रेलवे कॉर्पोरेशन लिमिटेड (KRCL) द्वारा बनाया जा रहा यह पुल 111 किमी ऊधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल लिंक परियोजना (USBRL) का एक हिस्सा है, जिसका उद्देश्य कश्मीर घाटी को देश के बाकी हिस्सों से रेलवे लाइन के माध्यम से जोड़ना है।
  • पुल रिक्टर पैमाने पर 7 और उससे अधिक की तीव्रता के भूकंपों को झेल सकता है। 266 किमी प्रति घंटा की रफ्तार की हवा में भी डटा रहेगा। 
  • इसका निर्माण कार्य 3 साल पहले शुरू हुआ था। यह पुल कुतुब मीनार के मुकाबले लगभग 5 गुना अधिक ऊंचा है।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।