लाइव टीवी

'ये क्या नाटक है, क्यों गाड़ी रुकवाए, कोई राजा महाराजा आ रहा है क्या?'; आखिर क्यों DC पर भड़के असम CM हिमंत बिस्वा सरमा, VIDEO

Updated Jan 16, 2022 | 08:11 IST

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने राष्ट्रीय राजमार्ग 127 पर अपना काफिला गुजरते समय यातायात रोकने को लेकर नागांव के उपायुक्त निसर्ग हिवारे को सार्वजनिक रूप से फटकार लगाई। यह वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया है।

Loading ...
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा
मुख्य बातें
  • असम के मुख्यमंत्री ने अपने काफिले के लिए यातायात रोकने को लेकर नगांव के डीसी को फटकार लगाई
  • वीडियो में दिख रहा है कि सरमा राजमार्ग पर खड़े हैं और एक बस तथा एक ट्रक उनके सामने प्रतीक्षा कर रहा है

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने शनिवार को नागांव जिले के उपायुक्त (DC) को उनकी यात्रा के लिए यातायात रोकने के लिए फटकार लगाई। इसके कारण राष्ट्रीय राजमार्ग 37 पर गुमोथागांव के पास यातायात जाम हो गया था। इस घटना के बारे में बोलते हुए सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि मैंने अपनी यात्रा के दौरान लोगों के लिए असुविधा पैदा न करने के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद मेरे लिए यातायात रोकने के लिए संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई। 15 मिनट से अधिक समय तक राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया गया, जिसमें एंबुलेंस भी शामिल थी। यह वीआईपी संस्कृति आज के असम में स्वीकार्य नहीं है।

वीडियो में मुख्यमंत्री अपने गार्डों से घिरी सड़क पर दिखाई दे रहे हैं, वह पुलिस अधीक्षक को बुलाते हैं। DC को देखते ही वो कहते हैं कि अरे डीसी साहब ये क्या नाटक है, क्यों गाड़ी रुकवाए हैं? कोई राजा महाराजा आ रहा है क्या? इसके बाद सरमा ने सरकारी अधिकारी पर चिल्लाते हुए कहा कि भविष्य में इसे दोहराया नहीं जाना चाहिए। 

इस पर उन्होंने ट्वीट कर कहा कि हमारे राज्य में हम एक ऐसी संस्कृति बनाना चाहते हैं, जहां डीसी, एसपी या कोई भी सरकारी कर्मचारी/जन प्रतिनिधि- पृष्ठभूमि, बौद्धिक क्षमता या लोकप्रियता के बावजूद केवल लोगों के लिए काम करेगा। बाबू मानसिकता को बदलना कठिन है, लेकिन हम अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए दृढ़ हैं- जनता ही जनार्दन।

असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा गुमुथा गांव और महा मृत्युंजय मंदिर को NH37 से जोड़ने वाली सड़क की आधारशिला रखने के लिए नागांव जिले में थे।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।