लाइव टीवी

बास्केटबॉल के बाद डांस करती नजर आईं BJP सांसद प्रज्ञा ठाकुर, कांग्रेस का तंज- बगैर सहारे के चलते हुए या...

Updated Jul 10, 2021 | 09:41 IST

बीजेपी सांसद प्रज्ञा ठाकुर का बास्केटबॉल खेलने के बाद डांस करने का वीडियो वायरल हो रहा है। उन्होंने कोर्ट में पेश न होने के लिए याचिका दी है, जिसमें उन्होंने अपने बीमार होने का दावा किया है।

Loading ...
प्रज्ञा ठाकुर

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (BJP) की लोकसभा सांसद प्रज्ञा ठाकुर एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वो एक शादी में डांस करने को लेकर चर्चा में है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मध्य प्रदेश कांग्रेस नेता नरेंद्र सलूजा ने इस पर  प्रतिक्रिया देते हुए कटाक्ष किया है। दरअसल, मालेगांव विस्फोट मामले में पेशी से दूर रहने के लिए सांसद ने याचिका दी है, जिसमें उन्होंने खराब स्वास्थ्य का हवाला दिया है।

सलूजा ने सांसद पर निशाना साधते हुए ट्वीट किया, 'जब भी हम भोपाल की सांसद बहन प्रज्ञा ठाकुर को बास्केटबॉल खेलते और बिना सहारे के चलते हुए या इस तरह खुशी से नाचते हुए देखते हैं, तो हमें खुशी होती है...?' 

इससे पहले सलूजा ने प्रज्ञा ठाकुर के उस वीडियो पर भी कटाक्ष किया था जिसमें वह भोपाल में बास्केटबॉल खेलती नजर आ रही थीं। ट्विटर पर वीडियो को पोस्ट करते हुए कांग्रेस नेता ने कहा था, 'हमने भोपाल की सांसद प्रज्ञा ठाकुर को केवल व्हीलचेयर पर देखा था, लेकिन आज हम उन्हें भोपाल स्टेडियम में बास्केटबॉल में हाथ आजमाते हुए देखकर बहुत खुश हैं...अब तक हम जानते थे कि चोट के कारण वह ठीक से चल भी नहीं पा रहा थी या ठीक से खड़ी भी नहीं हो पा रहा था...भगवान उन्हें हमेशा स्वस्थ रखें।' 

सांसद का ये डांस वीडियो 7 जुलाई का है जब प्रज्ञा ठाकुर ने भोपाल में अपने आवास पर आयोजित एक प्री-वेडिंग समारोह में हिस्सा लिया था। उन्होंने मदद के रूप में गरीब परिवारों की दो युवतियों की शादी की मेजबानी की थी। सांसद के हवाले से कहा गया कि वह दोनों लड़कियों को अपनी बेटियां मानती हैं और उनकी अभिभावक बनी रहेंगी। हालांकि डांस वीडियो पर ठाकुर की ओर से अभी तक कोई बयान नहीं दिया गया है। 

प्रज्ञा ठाकुर 2008 के मालेगांव बम धमाकों की आरोपी हैं और जमानत पर बाहर हैं। 2017 में जमानत मिलने से पहले वह नौ साल तक जेल में रहीं। सांसद ने हिरासत में प्रताड़ना के कारण गंभीर रूप से घायल होने का दावा किया था। उनको ज्यादातर मौकों पर व्हीलचेयर पर ही देखा गया है।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।