लाइव टीवी

BJP का स्थापना दिवस: नड्डा ने की विदेशी दूतों से चर्चा, पार्टी की विचारधारा-संस्कृति-कामकाज से अवगत कराया

Updated Apr 06, 2022 | 18:11 IST

BJP's 42nd Foundation Day: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के 42वें स्थापना दिवस के मौके पर भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने दिल्ली में पार्टी मुख्यालय में पहली बार विदेशी दूतों के एक समूह के साथ बातचीत की।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspANI
बीजेपी का 42वां स्थापना दिवस
मुख्य बातें
  • 6 अप्रैल 1980 को भारतीय जनता पार्टी की स्थापना हुई
  • भाजपा की गरीबों के आंसू पोंछने वाली पार्टी की छवि बनी: नड्डा
  • भाजपा राष्ट्र भक्ति को समर्पित, वहीं विरोधी दल परिवार भक्ति को समर्पित: मोदी

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पार्टी के स्थापना दिवस पर पार्टी मुख्यालय में 13 विदेशी दूतों से मुलाकात की। भारत में वियतनाम के दूत फाम सान चाऊ, सिंगापुर के दूत साइमन वोंग वी कुएन, हंगरी के दूत एंड्रास लास्जलो किराली और बांग्लादेश के दूत मुहम्मद इमरान भाजपा मुख्यालय पहुंचे। फ्रांसीसी राजदूत इमैनुएल लेनिन, यूरोपीय संघ के प्रतिनिधिमंडल के राजदूत उगो एस्टुटो, पुर्तगाली दूत कार्लोस परेरा मार्क्स भी जेपी नड्डा से मिलने के लिए भाजपा मुख्यालय पहुंचे।

नड्डा ने इन्हें पार्टी की विचारधारा, संस्कृति और कामकाज से अवगत कराया। पार्टी के प्रवासी मामलों के प्रकोष्ठ के प्रभारी विजय चौथाईवाले ने कहा था कि नड्डा की एशियाई और यूरोपीय देशों के 13 राजदूतों के साथ बातचीत 'भाजपा को जानो' नामक कार्यक्रम के तहत है। दूतों को पार्टी की यात्रा पर एक वृत्तचित्र भी दिखाया गया।  

जेपी नड्डा पार्टी के 42वें स्थापना दिवस के अवसर पर करोल बाग, नई दिल्ली में आयोजित शोभा यात्रा में भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि हमें आज के दिन संकल्प लेना है कि जो प्राइवेट लिमिटेड पार्टियां हैं, जो अपने परिवार के आगे कुछ नहीं देखती हैं, उन्हें घर बैठाना है। साथ ही जो समाज की सेवा के साथ आगे बढ़ते हैं, उन्हें ताकत प्रदान करनी है। संकल्प लें कि हम परिवारवाद को मुंहतोड़ जवाब देंगे। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद पार्टी की छवि बदली है और आज वह गरीबों के आंसू पोंछने वाली व महिलाओं को सशक्त करने वाली पार्टी के रूप में उभरी है। प्रधानमंत्री मोदी की सूझबूझ और मार्गदर्शन में आज भाजपा की छवि में बहुत बड़ा अंतर आया है।
उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा राष्ट्रीयता से ओत-प्रोत तो थी ही, लेकिन अब पार्टी की छवि बदली भी है।

'बीजेपी एक भारत श्रेष्ठ भारत को सशक्त कर रही', भाजपा के 42वें स्‍थापना दिवस पर बोले PM मोदी

उन्होंने हाल ही में संपन्न पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों के नतीजों का जिक्र करते हुए कहा कि ये नतीजे प्रधानमंत्री मोदी की नीति और कार्यक्रमों पर पूरी ताकत के साथ भारत की जनता की मुहर हैं। आज 12 राज्यों में भाजपा की सरकार और 18 राज्यों में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की सरकार है। आज हमारे 402 सांसद हैं और राज्यसभा में 1988 के बाद 100 का आंकड़ा पार करने वाली भारतीय जनता पार्टी अकेली पार्टी है। आज हमारे विधायकों की संख्या 1379 है और हम हर प्रदेश में अपने आप को स्थापित करने की ओर अग्रसर हैं।

भारतीय जनता पार्टी के 42वां स्थापना दिवस पर जानिए पार्टी से जुड़ी दिलचस्प कहानियां

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।