लाइव टीवी

रास्ते में गंदगी दिखी तो खुद कूड़ा उठाने लगे BJP प्रदेश अध्यक्ष, लोगों ने सराहा 

Updated Feb 01, 2021 | 18:28 IST

छात्र राजनीति से सार्वजनिक जीवन की शुरुआत करने वाले स्वतंत्र देव सिंह लंबे वक्त तक विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता रहे हैं। 90 के दशक में वह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के संगठन मंत्री बनाए गए।

Loading ...
रास्ते में गंदगी दिखी तो खुद कूड़ा उठाने लगे BJP प्रदेश अध्यक्ष।

लखनऊ : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्‍वच्‍छ भारत मिशन को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता कितने गंभीर हैं इसका उदाहरण हाल ही में उत्‍तर प्रदेश में देखने को मिला। यूपी बीजेपी के प्रदेश अध्‍यक्ष स्‍वतंत्र देव सिंह अलीगढ़ के दौरे पर थे और इस दौरान वह एक वार्ड में संपर्क के लिए गए। जहां रास्‍ते और नालियों में गंदगी देख वह खुद कूड़ा उठाने लगे। उसके बाद उनके साथ चल रहे पार्टी के कार्यकर्ता भी इस सफाई अभियान में जुट गए। सोशल मीडिया पर स्‍वतंत्र देव सिंह के इस कदम की सराहना हो रही है। 

बृज क्षेत्र के दौरे पर हैं प्रदेश अध्यक्ष
बता दें कि भारतीय जनता पार्टी उत्‍तर प्रदेश के प्रदेश अध्‍यक्ष इन दिनों बृज क्षेत्र के दौरे पर हैं। हाल ही में वह आगरा, मथुरा, वृंदावन गए थे और कई कार्यक्रमों के जरिए लोगों से मिले। उसके बाद वह अलीगढ़ पहुंचे। यहां क्‍वारसी मण्डल के वार्ड 42 में उन्‍होंने श्रमदान किया और उसके बाद इसे ‘प्लास्टिक मुक्त वार्ड’ बनाने का संकल्प अपने कार्यकताओं को दिलाया। उनकी तस्‍वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं।

भाजपा के कई पदों पर किया है काम
बता दें कि छात्र राजनीति से सार्वजनिक जीवन की शुरुआत करने वाले स्वतंत्र देव सिंह लंबे वक्त तक विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता रहे हैं। 90 के दशक में वह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के संगठन मंत्री बनाए गए। इसके बाद उन्होंने बीजेपी युवा मोर्चा के साथ कानपुर और बुंदेलखंड के हिस्सों में काम किया। वह युवा मोर्चा के महामंत्री और फिर 2001 में युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष बने। अपने संगठनात्मक कौशल के कारण स्‍वतंत्र देव सिंह ने आसानी से पार्टी में अपना महत्वपूर्ण स्थान बना लिया। 2017 में वह योगी सरकार में परिवहन मंत्री भी बने। 

पंचायत चुनाव की तैयारियों में जुटे
स्‍वतंत्र देव सिंह ने उत्तर प्रदेश में होने वाले पंचायत चुनाव से पहले जिला प्रभारियों की लिस्ट जारी कर दी है। इसके तहत उत्‍तर प्रदेश भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को किसी एक जिले की जिम्‍मेदारी दी गई है। वेस्‍ट यूपी को खास तरजीह देते हुए लोकप्रियता और जनाधार को देखते हुए पंकज स‍िंह, सुरेंद्र नागर, डॉ. चंद्रमोहन जैसे चेहरों को जिम्‍मेदारी दी गई है।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।