लाइव टीवी

CAA Protests Updates:हिंसक हुआ प्रदर्शन,उत्तर प्रदेश में मृतकों की संख्या बढ़कर हुई 15, कई पुलिस कर्मी घायल

Updated Dec 21, 2019 | 22:28 IST

Citizenship Amendment Act protests live updates: नागरिकता कानून को लेकर देश के कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शनों का दौर जारी है। उत्तर प्रदेश में आज भी कई जिलों में इंटरनेट सेवाएं बंद रहीं।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspANI
नागरिकता कानून को लेकर देशभर में शनिवार को भी हुए प्रदर्शन
मुख्य बातें
  • संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के कई जिलों में हुए हिंसक प्रदर्शन
  • सीएए के खिलाफ आज भी दिल्ली सहित देश के कई हिस्सों में हो रहे हैं विरोध प्रदर्शन
  • राजधानी दिल्ली में हालत सामान्य, मेट्रो की सेवाए सुचारू रूप से हो रही हैं संचालित

नई दिल्ली: नागरिकता संशोधन कानून (Citizenship Amendment Act) के खिलाफ देश के अलग-अलग हिस्सों में आज भी प्रदर्शन हुए। शुक्रवार को उत्तर प्रदेश में हुए हिंसक प्रदर्शनों में 14 लोगों की मौत हो गई थी जबकि कई लोग घायल हुए थे। वहीं शनिवार को भी कई राज्यों में विरोध प्रदर्शन आयोजित किए जा रहे हैं। बिहार में शनिवार को आरजेडी ने बंद बुलाया था। उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था को देखते हुए सरकार ने कई जगहों पर अभी भी इंटरनेट सेवाएं बंद की हैं। जानिए सीएए से जुड़े विरोध प्रदर्शनों के  अपडेट्स: 

Citizenship Amendment Act Protests Updates: -

  • केरल के तिरुवनंतपुरम में लेफ्ट पार्टियों के युवा विंग ने शनिवार की देर रात नागरिकता कानून के खिलाफ मशाल रैली निकाली।
  • नागरिकता कानून और जामिया मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय की घटना के विरोध में जादवपुर विश्वविद्यालय, कलकत्ता विश्वविद्यालय, प्रेसीडेंसी विश्वविद्यालय और अलीया विश्वविद्यालय के छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं।
  • राजस्थान में सुरक्षा के मद्देनजर इंटरनेट सेवायें सुबह 6 से रात 8 तक रहेंगी बंद वहीं सुरक्षा और सुरक्षा कारणों से, जयपुर मेट्रो सेवाएं रविवार सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक निलंबित रहेंगी।
  • तीस हजारी कोर्ट ने भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर की जमानत अर्जी खारिज कर दी,उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इससे पहले भीम आर्मी के प्रमुख चंद्र शेखर आज़ाद को दिल्ली की अदालत में पेश किया गया था,दिल्ली पुलिस ने भीम आर्मी के प्रमुख चंद्रशेखर आज़ाद की 14 दिन की न्यायिक हिरासत मांगी थी।
  • पुलिस ने स्थिति से निपटने के लिए रैपिड एक्शन (RAF) फोर्स, वज्र वाहन और पीएसी को दंगा प्रभावित क्षेत्रों में लिए उतार दिया है। 
  • कानपुर के यतीम खाना थाना क्षेत्र में CAA के विरोध में प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव किया, और पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे
  • उत्तर प्रदेश के आईजी कानून व्यवस्था प्रवीण कुमार द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, 10 दिसंबर से राज्य में हो रहे प्रदर्शनों में अबतक 15 लोगों की मौत हुई है। इन हिंसक प्रदर्शनों में 705 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। 
  • उत्तराखंड के  विरोध प्रदर्शनों के मद्देनजर हरिद्वार में धारा 144 (एक क्षेत्र में 4 से अधिक लोगों की सभा पर प्रतिबंध) लगाया गया है
  • दिल्ली वक्फ बोर्ड यूपी में मारे गए 9 लोगों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये, मंगलौर में मारे गए मृतकों के परिजनों को सहायता देगा, अमानतुल्ला खान ने इस बारे में घोषणा की।
  • यूपी प्रशासन ने लिया बड़ा फैसला लखनऊ सहित कई जिलों में सोमवार को 12 बजे तक इंटरनेट और एसएमएस सेवाएं बंद रहेंगी। इस बाबत मोबाइल ऑपरेटर्स को गृहमंत्रालय द्वारा आदेश भेजे गए हैं।
  • लखनऊ, बरेली, मऊ, संभल, आजमगढ़, आगरा,  सहारनपुर, मेरठ, शामली, मुजफ्फरनगर, गाजियाबाद, कानपुर, उन्नाव, मुरादाबाद, प्रयागराज जिले में सोमवार दोपहर 12 बजे तक इंटरनेट सेवा बंद रहेगी।
  •  उत्तर प्रदेश में हिंसा के बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए अब तक तकरीबन तीन हजार लोगों को हिरासत में लिया गया है।
  • उत्तर प्रदेश के रामपुर में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई। नागरिकता संशोधन विधेयक के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों ने पुलिस पर पत्थरबाजी की और इस दौरान पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। इस दौरान आगजनी की भी घटनाएं हुई है। 
  • 4. 00 PM: राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) को राज्य में लागू करने की संभावना को एक बार फिर खारिज किया। गहलोत ने कहा कि यह कानून और एनआरसी देश में लागू होने के लायक ही नहीं है।
  • 3. 50 PM: कर्नाटक: सुरक्षा बलों ने नागेश्वर स्कूल से कलबुर्गी में जगत सर्किल तक मार्च निकाला। ADGP आलोक कुमार ने बताया, "आम जनता के मन में विश्वास पैदा करने के लिए और बुरे तत्वों के मन में डर पैदा करने के लिए, हम लोगों को सही संदेश भेजने के लिए बल दिखाना चाहते थे।
  • 3. 30 PM: नागरिकता कानून के खिलाफ देश के कई हिस्सों में जारी प्रदर्शनों का असर आम जनजीवन पर पड़ रहा है। असम के तिनसुकिया में आज रात 8 बजे से लेकर कल सुबह पांच बजे तक कर्फ्यू जारी रहेगा।
  • 3. 20 PM: कानपुर: नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ लोगों ने धरना जारी रखा है। एडीजी, प्रेम प्रकाश ने कहा- "स्थिति नियंत्रण में है। अतिरिक्त बलों को तैनात किया गया है। कल रात 40 लोगों को गिरफ्तार किया गया। 2 लोगों ने अपनी जान गवाई है और कुछ घायल लोग अस्पताल में भर्ती हैं।
  • 3. 10 PM:  दिल्ली:  नागरिकता संशोधन कानून के मुद्दे को लेकर आज शाम 4:30 बजे पार्टी के अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी के आवास पर कांग्रेस कोर ग्रुप की बैठक होगी। इस बैठक में कई दिग्गज नेताओं के शामिल होने की संभावना है।
  • 2. 55 PM: कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा बोले मेंगलुरु में, आज दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक कर्फ्यू में राहत दी गई है।  रात में  कर्फ्यू जारी रहेगा। मेंगलुरु में दिन के समय कर्फ्यू में ढील दी गई और 23 दिसंबर से धारा 144 लागू कर दी गई।
  • 2. 45 PM: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों से संशोधित नागरिकता कानून को लेकर फैलाये जा रहे बहकावे में नहीं आने की अपील करते हुए ट्वीट कर कहा, 'कानून को हाथ में लेकर उपद्रव और हिंसा करने की छूट किसी को नहीं दी जा सकती। संशोधित नागरिकता कानून पर फैलाए जा रहे भ्रम और बहकावे में कोई भी न आए।'
  • 2. 25 PM: नागरिकता कानून के खिलाफ लखनऊ में विरोध प्रदर्शन के दौरान मारे गए लोगों के परिजनों से मिलने के लिए अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) का चार सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल लखनऊ जाएगा।
  • 2. 10 PM: शिया धर्मगुरु मौलाना कल्बे जवाद ने कहा- 'सीएए और एनआरसी दो अलग-अलग चीजें हैं। एनआरसी अब तक केवल असम में लागू किया गया है, पूरे भारत में लागू नहीं किया गया है और हमें अभी यह भी नहीं पता कि इसमें क्या नियम होने जा रहे हैं। राजनैतिक दल इस पर गुमराह कर रहे हैं, मैं मुसलमानों से इस पर संयम बरतने की अपील करता हूं।'
  • 1. 50 PM:  देशभर के विश्वविद्यालयों के लगभग 1100 प्रमुख शिक्षाविदों ने नागरिकता (संशोधन) अधिनियम के समर्थन में समर्थन में बयान जारी किया। उन्होंने लोगों से किसी भी झूठे प्रचार के लिए नहीं आने की अपील की है। इसमें कई प्रोफेसर, विभिन्न विश्वद्यालयों के चांसलर शामिल हैं। 
  • 1. 35 PM: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बोले- यदि NRC (नागरिकों का राष्ट्रीय रजिस्टर) लागू किया जाता है, तो मैं पहला व्यक्ति होऊंगा जो रजिस्टर पर हस्ताक्षर नहीं करेगा। इससे पहले बंगाल, बिहार, केरल और पंजाब सहित कई राज्य एनआरसी लागू करने से मना कर चुके हैं।
  • 1. 15 PM: जामिया मिल्लिया इस्लामिया में आज भी नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ हो रहे हैं प्रदर्शन। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एकत्र होकर हाथों में पोस्टर लिए कर रहे हैं सीएए का विरोध।
  • 12. 55 PM: तेलंगाना: जामिया मिलिया इस्लामिया की छात्राएं लादेदा सखालून और आयशा रेना आज हैदराबाद में होनी वाली AIMIM नेता असदुद्दीन ओवैसी की जनसभा में मौजूद रहेंगी। ये दोनों छात्राएं उस समय सुर्खियों में आ गईं थी जब जामिया में हुए हिंसक प्रदर्शनों के दौरान उन्होंने साथी को पुलिस लाठीचार्ज से बचाया था।
  • 12.35 PM: तमिलनाडु: MGR चेन्नई सेंट्रल रेलवे स्टेशन के पास प्रदर्शनकारियों ने नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान पुलिस बैरिकेड तोड़े। यहां पर इस विरोध प्रदर्शन का आयोजन लेफ्ट द्वारा किया जा रहा है।
  • 12. 15 PM: कांग्रेस नेता सिद्धारमैया बोले- नोटिस के अनुसार, मैं ट्रेन, बस या कार से मेंगलुरु नहीं जा सकता। मुझे नहीं पता कि राज्य में या केंद्र में लोकतंत्र है या नहीं। अगर स्थिति उनके लिए अनुकूल है, तो मेरे लिए क्यों नहीं हैं। हम लोगों को भड़काने नहीं जा रहे हैं। हमें उनसे कानून और व्यवस्था के बारे में सबक सीखने की ज़रूरत नहीं है।
  • 11. 55 AM: बेंगलुरु शहर के पुलिस आयुक्त भास्कर राव ने बताया कि नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ एसजे पार्क पुलिस स्टेशन और उल्सूर गेट पुलिस स्टेशन में 8 मामले दर्ज किए। बेंगलुरु में धारा 144 लागू करने पर भास्कर राव ने बताया कि अभी तक, हमारे पास इसे बढ़ाने की कोई योजना नहीं है लेकिन हम शाम को स्थिति का जायजा लेंगे। ये ऐसी चीजें हैं, जहां हमें तत्काल फैसले लेने की जरूरत है।
  • 11. 45 AM: नागरिकता कानून के खिलाफ उत्तर प्रदेश में विभिन्न जगहों पर हुई हिंसा के दौरान अभी तक 14 लोगों की मौत हो गई है जिसमें मेरठ में 4, संभल में 2, बिजनौर में 2, कानपुर में 2, लखनऊ, फिरोजबाद, मुजफ्फरपुर में भी 1-1 की मौत हुई है। वाराणसी में एक 8 साल के बच्चे की भगदड़ के दौरान हुई मौत।
  • 11. 35 AM:  तमिलनाडु में भी नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन। वामदलों द्वारा एमजीआर चेन्नई सेंट्रल रेलवे स्टेशन के बाहर प्रदर्शन किया जा रहा है। प्रदर्शन को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस की तैनाती की गई है।
  • 11. 20 AM: भारतीय रेलवे ने ट्वीट कर बताया कि नागरिकता कानून के विरोध में हुए प्रदर्शनों की वजह से 88 करोड़ रुपये की रेलवे संपत्ति का नुकसान हुआ है। पूर्वी रेलवे को 72 करोड़ रुपये, दक्षिण पूर्व रेलवे को 13 करोड़ रुपये और नॉर्थईस्ट फ्रंटियर ज़ोन में 3 करोड़ रुपये की संपत्ति क्षतिग्रस्त हुई है।
  • 11. 00 AM: पश्चिम बंगाल के भाजपा प्रमुख दिलीप घोष ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर पाकिस्तान की भाषा बोलने का आरोप लगाया। दिलीप घोष ने ममता के नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ दिए गए यूएन वाले बान पर कहा कि उन्हें सरकार में बने रहने का कोई हक नहीं हैं और उनकी सरकार को तत्काल प्रभाव से हटा देना चाहिए। घोष ने कहा कि ममता का न्यायिक व्यवस्था, संसद और कानून पर कोई भरोसा नहीं है।
  • 10. 40  AM:  नागरिकता कानून के खिलाफ शुक्रवार को दिल्ली में हुए विरोध प्रदर्शनों के दौरान दरियागंज में हुई हिंसा के मामले में पुलिस ने 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। इन पर हिंसा, ड्यूटी करने से पुलिसकर्मियों को रोकने के लिए बल का प्रयोग करना और दंगे भड़काने का आरोप लगा है। 
  • 10. 20  AM: संशोधित नागरिकता कानून को लेकर उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को हुई हिंसक प्रदर्शन हुए। कई जगहों पर पुलिस पर पथराव किया गया और पुलिस वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया। हिंसा की चपेट में आने से करीब 11 लोगों की मौत हो गई है जबकि कई लोग घायल भी बताए जा रहे हैं जिनका उपचार चल रहा है।
  • 10. 00 AM: उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आज भी इंटरनेट बंद कर दिया गया है जो आज रात 12 बजे तक बंद रहेगा। जहां इंटरनेट बंद किया गया है उनमें इलाहाबाद, मुरादाबाद, वाराणसी, अलीगढ़, सहारनपुर, मेरठ, शाहजहांपुर, मथुरा, आगरा, मुजफ्फरनगर,  गाजियाबाद, आजमगढ़, लखनऊ, कानपुर, बरेली, रामपुर, मऊ, संभल, पीलीभीत, अमरोहा शामिल हैं।
  • 9.45 AM: हरियाणा सरकार के महिला एवं बाल विकास विभाग के प्रवक्ता ने कहा: परिणीति चोपड़ा जो कि 'बेटी बचाओ, बेटी पढाओ' की ब्रांड एंबेसडर है  उनके साथ केवल एक साल के लिए अनुंबध था जिसे आगे नहीं बढ़ाया गया था। ऐसा कहना कि उन्हें CAA के खिलाफ ट्वीट करने के बाद हटाया गया, इस तरह की खबर गलत, आधारहीन और दुर्भावनापूर्ण है।
  • 9.30 AM: कर्नाटक कांग्रेस के नेता यूटी खादर ने 17 दिसंबर को कहा था कि 'देश आग की लपटों में है, लेकिन कर्नाटक शांति का एक द्वीप है। मैं कर्नाटक के सीएम को चेतावनी दे रहा हूं कि अगर आप यहां नागरिकता कानून लागू करते हैं तो मैं शपथ लेता हूं कि कर्नाटक को भस्म कर दिया जाएगा।'  उनका जवाब देते हुए कर्नाटक के मंत्री सीटी रवि ने कहा कि लोगों ने ऐसी मानसिकता के साथ गोधरा में आग लगा दी थी और कारसेवकों को मार डाला था। उसे याद है कि क्या जवाब दिया गया था।
  • 9.10 AM: कर्नाटक के मैंगलोर पुलिस आयुक्त ने पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को नागरिकता कानून के खिलाफ उनकी मेंगलुरु की यात्रा के संबंध में नोटिस जारी किया, जिसमें कहा गया है कि 'शहर में उनके प्रवेश से कानून व्यवस्था बिगड़ सकती है।'  
  • 8.55 AM: असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि नागरिकता (संशोधन) अधिनियम, 2019 के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के दौरान हिंसा के कृत्यों की जांच के लिए एक एसआईटी का गठन किया गया है, और जो लोग हिंसा में शामिल थे, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।
  • 8.40 AM: फिल्म निर्माता मुकेश भट्ट ने नागरिकता कानून के खिलाफ हो रहे विरोध प्रदर्शनों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा,  'मैं व्यक्तिगत रूप से बहुत परेशान हूं क्योंकि पूरा देश जल रहा है। उसके बाद भी अगर कोई नहीं देख सकता है, तो यह वास्तव में दुर्भाग्यपूर्ण है। यदि युवा सड़कों पर है, तो हमें इस पर गौर करने और चर्चा करने की जरूरत है कि आखिर क्या गलत हुआ है?'
  • 8.30 AM: त्रिवेंद्रम: केरल छात्र संघ (केएसयू) के सदस्यों ने नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ अपने विरोध प्रदर्शन के दौरान कल रात पेरोकोर्दा जंक्शन में इसरो (भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन) की बसों को रोक दिया।
  • 8.20 AM:  गुजरात में अहमदाबाद के मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट ने 13  लोगों को पुलिस हिरासत में भेज दिया है। इन सब पर नागरिकता कानून के खिलाफ हिंसा भड़काने का आरोप है। जिन लोगों को हिरासत में भेजा गया है उसमें कांग्रेस पार्षद शहजाद खान भी शामिल हैं।
  • 8.10 AM: दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC के मुताबिक आज सभी स्टेशनों पर प्रवेश और निकास द्वार खोले गए हैं। सभी स्टेशनों पर मेट्रो की सेवाएं सुचारू रूप से चल रही हैं। इससे पहले शुक्रवार को दिल्ली में हुए प्रदर्शनों की वजह से कुछ स्टेशनों पर आवाजाही बंद कर दी गई थी जिस वजह से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा था।
  • 8.00 AM: भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद को जामा मस्जिद से पुलिस ने देर रात हिरासत में लिया है। नागरिकता कानून के खिलाफ जामा मस्जिद में विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कल उन्हें हिरासत में लेने की कोशिश की, लेकिन उनके समर्थकों द्वारा उन्हें मौके से हटा दिया गया था।

संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के खिलाफ शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के कई जिलों में हुए हिंसक प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य की जनता से नागरिकता कानून पर फैलाए जा रहे 'भ्रम और बहकावे' में नहीं आने की अपील करते हुए कहा कि लोग अफवाहों में न पड़ें और उपद्रवी तत्वों के उकसावे में भी न आएं।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।