लाइव टीवी

इटली से राहुल गांधी ने किया ट्वीट- किसान बचाओ, देश बचाओ!

Updated Dec 28, 2020 | 17:52 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

नए साल से पहले निजी विदेश यात्रा पर गए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने किसानों के प्रति अपना समर्थन दिखाते हुए ट्वीट किया कि किसान की आत्मनिर्भरता के बिना देश कभी आत्मनिर्भर नहीं बन सकता।

Loading ...
राहुल गांधी

नई दिल्ली: कांग्रेस के 136वें स्थापना दिवस से एक दिन पहले निजी यात्रा पर विदेश गए राहुल गांधी ने ट्वीट कर एक बार फिर किसानों को अपना समर्थन दिया है। राहुल गांधी ने ट्वीट किया है, 'किसान की आत्मनिर्भरता के बिना देश कभी आत्मनिर्भर नहीं बन सकता। कृषि विरोधी कानून वापस लो। किसान बचाओ, देश बचाओ!'

रविवार को कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि राहुल गांधी अपनी संक्षिप्त निजी यात्रा पर विदेश गए हैं। सुरजेवाला ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी संक्षिप्त व्यक्तिगत यात्रा के लिए विदेश रवाना हुए हैं और वह कुछ दिनों तक बाहर रहेंगे। यह पूछे जाने पर कि पूर्व कांग्रेस प्रमुख कहां गए हैं, सुरजेवाला ने कोई खुलासा नहीं किया। हालांकि सूत्रों ने बताया कि राहुल गांधी सुबह कतर एयरवेज की उड़ान से इटली में मिलान रवाना हुए। 

राहुल गांधी की नानी इटली में रहती हैं और वह पहले भी उनसे मिलने गए थे। 

सोनिया, राहुल की अनुपस्थिति में मनाया गया कांग्रेस का 136वां स्थापना दिवस

इससे पहले स्थापना दिवस पर राहुल गांधी ने ट्वीट किया, 'देश हित की आवाज़ उठाने के लिए कांग्रेस शुरू से प्रतिबद्ध रही है। आज कांग्रेस के स्थापना दिवस पर, हम सच्चाई और समानता के अपने इस संकल्प को दोहराते हैं। जय हिंद!' पार्टी ने अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी की अनुपस्थिति में कांग्रेस ने अपना 136वां स्थापना दिवस मनाया। इस खास मौके पर पार्टी के वरिष्ठ नेता ए.के. एंटनी ने पार्टी का झंडा फहराया। पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता पार्टी की स्थापना दिवस के अवसर पर 24 अकबर रोड पर स्थित पार्टी के मुख्यालय पर मौजूद रहे।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।