लाइव टीवी

इलाज के लिए इंग्लैंड जाएंगी सोनिया गांधी, राहुल-प्रियंका भी होंगे साथ; बीमार मां से भी मुलाकात करेंगी कांग्रेस अध्यक्ष

Updated Aug 24, 2022 | 09:45 IST

इलाज के बाद कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी अपनी बीमार मां से मिलने जाएंगी। इस दौरान भी राहुल गांधी और प्रियंका गांधी उनके साथ होंगे।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspPTI
इलाज के लिए विदेश जाएंगी सोनिया गांधी
मुख्य बातें
  • ब्रिटेन में होगा सोनिया गांधी का मेडिकल टेस्ट
  • कांग्रेस पार्टी की ओर से जारी की गई है जानकारी
  • वापसी के समय को लेकर नहीं दी गई है जानकारी

2024 के लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस अपनी खोई हुई जमीन को पाने की कोशिश कर रही है। इसी बीच कांग्रेस के शीर्ष लीडर कुछ दिनों के लिए देश से बाहर जाने वाले हैं। मिली जानकारी के अनुसार कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी जहां इलाज के लिए विदेश जा रही हैं, तो वहीं राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी उनके साथ जा रहे हैं। जिसके कारण कांग्रेस को कुछ दिनों बिना शीर्ष नेतृत्व के ही लड़ाई लड़नी पड़ेगी।

हालांकि कांग्रेस की ओर से जारी किए गए बयान के अनुसार कांग्रेस की महंगाई पर हल्ला बोल रैली को, जोकि चार सितंबर को होनी है, राहुल गांधी संबोधित करेंगे। मतलब तब तक गांधी परिवार के विदेश से लौट आने की संभावना है। 

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने इस मामले पर जानकारी देते हुए कहा- "कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी मेडिकल जांच के लिए विदेश जा रही हैं। वह नई दिल्ली लौटने से पहले अपनी बीमार मां से भी मिलेंगी। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा कांग्रेस अध्यक्ष के साथ विदेश जाएंगे। राहुल गांधी 4 सितंबर, 2022 को नई दिल्ली में कांग्रेस की 'महंगाई पर हल्ला बोल' रैली को संबोधित करेंगे।"

गांधी परिवार की विदेश यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब पार्टी अपनी कन्याकुमारी से कश्मीर तक 'भारत जोड़ो यात्रा' के लिए तैयारियां कर रही है। साथ ही इस समय कांग्रेस में अध्यक्ष पद को लेकर भी चर्चाएं हैं। इस पद के लिए चुनाव होना है, जिसमें कांग्रेस के कई नेता राहुल गांधी को इस पद पर देखना चाह रहे हैं, लेकिन शायद राहुल इसके लिए तैयार नहीं है। 

इस विदेश यात्रा की जानकारी से पहले जयराम ने संकेत दिया था कि अध्यक्ष पर के चुनाव के लिए कार्यक्रम की घोषणा कुछ दिनों में की जाएगी।उन्होंने कहा- "कुछ दिनों में... मुझे उम्मीद है कि नामांकन दाखिल करने, जांच, नाम वापस लेने आदि का कार्यक्रम और चुनाव की तारीख की घोषणा कर दी जाएगी। मोटे तौर पर, हम जानते हैं कि यह प्रक्रिया 20 अगस्त को शुरू होगी और 21 सितंबर को समाप्त होगी। लेकिन चुनाव की सही तारीखों की घोषणा कुछ दिनों में की जाएगी। देखते हैं क्या होता है।"

ये भी पढ़ें-  Rahul Gandhi: 'भारत जोड़ो यात्रा' को लेकर सिविल सोसायटी से मिले कांग्रेस नेता राहुल गांधी, कहा- लंबी लड़ाई के लिए हूं तैयार

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।