लाइव टीवी

जयपुर में आज कांग्रेस की 'महंगाई हटाओ महारैली', सोनिया, राहुल, प्रियंका करेंगे संबोधित

Updated Dec 12, 2021 | 10:14 IST

Mehangai Hatao Maharally : राजस्थान के जयपुर में कांग्रेस पार्टी आज 'महंगाई हटाओ महारैली' करने जा रही है। इस रैली को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत पार्टी के कई दिग्गज नेता संबोधित करेंगे।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspTwitter
कांग्रेस की महंगाई हटाओ रैली
मुख्य बातें
  • कांग्रेस पार्टी आज जयपुर में 'महंगाई हटाओ महारैली' कर रही है।
  • इस महारैली को कांग्रेस के दिग्गज नेता संबोधित करेंगे।
  • बीजेपी ने इसे सियासी पाखंड बताया।

जयपुर : महंगाई की ओर देश का ध्यान खींचने के लिए कांग्रेस आज राजस्थान के जयपुर में एक विशाल 'महंगाई हटाओ महारैली' करने जा रही है। रैली को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और देश भर के अन्य कांग्रेस नेता संबोधित करेंगे। कांग्रेस पार्टी के राजस्थान प्रभारी अजय माकन के अनुसार, "राष्ट्रीय रैली" में अन्य राज्यों के मुख्यमंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री भी शामिल हो रहे हैं। यह रैली जयपुर के विद्याधर नगर स्टेडियम में हो रही है। रैली की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा चुका है और इसमें देश भर से बड़ी संख्या में लोगों के भाग लेने की संभावना है।

रैली से पहले मुख्यमंत्री गहलोत ने ट्वीट किया कि आज राजस्थान के लिये एक ऐतिहासिक दिन है जब केन्द्र सरकार की गलत नीतियों के कारण बढ़ती अप्रत्याशित मंहगाई के विरोध में जयपुर में राष्ट्रीय महारैली का आयोजन किया जा रहा है जिसमें शीर्ष कांग्रेस नेतृत्व समेत पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैं राजस्थान की धरा पर पधार रहीं कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी तथा प्रियंका गांधी का स्वागत करता हूं। कांग्रेस पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं का भी मैं स्वागत करता हूं जो इस महत्वपूर्ण अवसर पर सहभागी बने हैं।

गहलोत ने कहा कि इस महारैली से देश भर में एक संदेश जायेगा कि अब केन्द्र की भाजपा सरकार की गलत नीतियों के व्यापक रूप से विरोध का वक्त आ गया है और पूरे देश में इस रैली से उठी जनजागरण की लौ, एक मशाल बनकर केन्द्र सरकार के पतन का मार्ग प्रशस्त करेगी। महारैली के लिए कांग्रेस के अनेक दिग्गज नेता शनिवार को राजस्थान की राजधानी जयपुर पहुंच गए।

इस अवसर पर कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने देश में बढ़ती महंगाई के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नेतृत्व वाली एनडीए सरकार की नीतियों और फैसलों पर निशाना साधा। सुरजेवाला ने कहा कि मोदी सरकार का हर फैसला जनविरोधी है और विशेष रूप से नोटबंदी के फैसले के बाद आर्थिक गतिविधियां पटरी से उतर गईं। रैली के लिए सरकारी तंत्र के इस्तेमाल के आरोपों पर सुरजेवाला ने कहा कि जब प्रधानमंत्री मोदी उत्तर प्रदेश का दौरा करते हैं और मुख्यमंत्री आदित्यनाथ रैली करते हैं तो अधिकारियों के माध्यम से संसाधनों की व्यवस्था की जाती है लेकिन जब कांग्रेस अपने खर्च पर भी रैली करती है तो बीजेपी आरोप लगाती है।

बीजेपी ने जयपुर में कांग्रेस की प्रस्तावित 'महंगाई हटाओ महारैली' को सियासी पाखंड बताते हुए कहा है कि वह पहले अपने चुनावी वादों की बात करे। कांग्रेस देश में बढ़ती महंगाई के खिलाफ रविवार को जयपुर में रैली कर रही है जिसे राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा भी संबोधित करेंगे।

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनियां ने कहा कि राज्य की कांग्रेस सरकार को तीन साल होने जा रहे हैं, जो वादाखिलाफी और झूठे वादों के लिए जानी जाती है, यही इसका रिपोर्ट कार्ड है और कांग्रेस की यह रैली एक सियासी पाखंड है।' कांग्रेस नेताओं से अपने चुनावी वादों पर ध्यान देने की बात करते हुए पूनियां ने कहा कि राहुल गांधी जरूर राजस्थान आएं, लेकिन यह भी बताएं कि देश में सबसे महंगा पेट्रोल-डीजल, सबसे महंगी बिजली राजस्थान में क्यों है।

देश में बढ़ती महंगाई के खिलाफ रविवार को कांग्रेस की प्रस्तावित महारैली के लिए पार्टी के अनेक दिग्गज नेता शनिवार को राजस्थान की राजधानी जयपुर पहुंच गए। शहर के प्रमुख सड़क चौराहों पर इस रैली के पोस्टर-बैनर लग चुके हैं, जिन पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी छाए हुए हैं। कांग्रेस की इस रैली को महंगाई के साथ-साथ केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के खिलाफ पार्टी के बड़े हमले के रूप में देखा जा रहा है।

वहीं, इस रैली के प्रचार-प्रसार के लिए शहर के सभी प्रमुख मार्गों और चौराहों पर बैनर-पोस्टर लग गए हैं। इन पोस्टर पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा, संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल, राज्य के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश प्रभारी अजय माकन और प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के चित्र हैं। हालांकि खास बात यह है कि इनमें राहुल गांधी के फोटो को प्रमुखता दी गई है और वह हर पोस्टर के केंद्र में हैं।
 

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।