लाइव टीवी

Coronavirus News Maharashtra, 23 March: महाराष्ट्र में कोरोना के 8 नए मामले, अब तक 97 लोग संक्रमित

Updated Mar 24, 2020 | 01:25 IST

Coronavirus News Maharashtra, COVID-19 Cases, Death Toll: महाराष्ट्र सरकार ने कई जिलों को लॉकडाउन कर दिया है। जरूरी सेवाओं को छोड़कर सब कुछ बंद है।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspPTI
महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे।
मुख्य बातें
  • महाराष्ट्र में कोरोना के मामलों में तेजी से वृद्धि हुई है
  • यहां 97 कोरोना पीड़ितों की पुष्टि हो चुकी है
  • महाराष्ट्र में लॉकडाउन कर दिया गया है

मुंबई: कोरोना वायरस के प्रकोप से भारत समेत पूरी दुनिया जूझ रही है। भारत में कोरोना के 433 से ज्यादा मामले सामने आए चुके हैं। वहीं, कोरोना वायरस के चलते अबतक दुनियाभर में 14000 से ज्यादा लोगों की जान चली गई है। सबसे ज्यादा मौत इटली और चीन में हुई हैं। भारत में इस खतरनाक वायरस के पॉजिटिव मामलों की संख्या में पिछले कुछ दिनों में तेजी देखी गई है। कोविड-19 से भारत में अब तक 8 लोग अपनी जान गंवा बैठे हैं। कोरोना से लड़ने के मद्देनजर देश के 75 जिलों में लॉकडाउन की घोषणा की गई है। इस बीच महाराष्ट्र में सोमवार को 8 नए मामले सामने आए और इस तरह कुल मामलों की संख्या 97 हो गई है।

महाराष्ट्र में 8 और मामले सामने आए
महाराष्ट्र में कोरोना के और 8 मामले सामने आए हैं जिसके बाद राज्य में कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या 97 हो गई हैं। जो मामले सामने आए हैं उनमें कल्याण डोम्बिवली से एक शख्स हाल ही में पेरू की यात्रा कर के आय़ा है जिसकी उम्र 35 साल है। वहीं मुंबई में भी एख 38 साल का शख्स जो अबूधाबी से आया था उसे भी कोरोना संक्रमण हुआ है। इसके अळावा ठाणे में संपर्क में आने वाला 33 साल का शख्स भी कोरोना संक्रमित पाया गया है। इसके अलावा खंडाला सतारा में दुबई से आए 45 साल के शख्स को कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। वहीं इस्लामपुर सांगली में सऊदी अरब से आए एक परिवार के चार लोगों को कोरोना संक्रमण हुआ है जिनमें तीन पुरुष और एक महिला है।

सभी जिलों की सीमा सील
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा कि लोग सरकार की बात नहीं सुन रहे हैं इसलिए उन्हें राज्य में कर्फ्यू लगाने के लिए बाध्य होना पड़ रहा है। 'जनता कर्फ्यू' को समर्थन देने के लिए लोगों का धन्यवाद दिया। उद्धव ने कहा, 'हम संकट के दौर से गुजर रहे हैं। वायरस को अगर अभी नहीं रोका गया तो यह लोगों में फैलेगा। राज्य में अब एक जगह पर चार से ज्यादा लोगों के जुटने की इजाजत नहीं होगी। हम सभी जिलों की सीमा भी सील कर रहे हैं। निजी वाहनों का इस्तेमाल केवल जरूरी सेवाओं के लिए हो सकेगा।'

महाराष्ट्र में कोरोना का सबसे ज्यादा असर

फिलहाल देश में कोरोना का सबसे ज्यादा असर महाराष्ट्र में हैं। यहां पॉजिटिव मामलों की संख्या 89 पहुंच गई है और तीन लोगों की मौत हो चुकी है। महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों में 15 नए पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। इसमें से 14 मामले सिर्फ मुंबई में और एक केस पुणे का है। महाराष्ट्र के बाद सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य केरल है। यहां 67 लोगों इस वायरस से संक्रमित हैं। केरल में कोरोना से किसी की मौत नहीं हुई है। इसके बाद तीसरे नंबर पर उत्तर प्रदेश हैं जहां 33 पॉजिटिव मामले हैं।

इन जिलों में किया गया लॉकडाउन

कोरोना के बढ़ते केसों के कारण महाराष्ट्र सरकार ने रत्नागिरी, रायगढ़, अहमदनगर, औरंगाबाद, मुंबई, नागपुर, मुंबई सब-अर्ब, पुणे, ठाणे, यवतमाल जिलों को लॉकडाउन कर दिया गया है। इसके अलावा महाराष्ट्र सरकार ने वायरस को फैलने से रोकने के लिए राज्य में सीआरपीसी की धारा 144 लागू कर दी है। इसके तहत सार्वजनिक स्थानों पर पांच से अधिक लोगों के एकत्र होने पर रोक है। महाराष्ट्र में राज्य परिवहन और निजी बस सेवाएं पूरी तरह से बंद रहेंगी। दूसरी तरफ, लोकल ट्रेन, एसटी, मेट्रो, मोनो, एयरपोर्ट, स्कूल, कॉलेज, मॉल्स, दुकानें, स्विमिंग पूल, जिम, थिएटर भी बंद कर दिए गए हैं। हालांकि, अस्पताल, दूध-राशन-सब्जियों की दुकानें सहित जरूरी सेवाओं पर कोई पाबंदी नहीं है। 

पीएम ने की लॉकडाउन पर अमल की अपील

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार सुबह ट्वीट कर लोगों से लॉकडाउन का पालन करने की अपील की है। प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्य सरकारें लॉकडाउन का पालन करवाएं। पीएम मोदी ने लिखा, 'लॉकडाउन को अभी भी कई लोग गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। कृपया करके अपने आप को बचाएं, अपने परिवार को बचाएं, निर्देशों का गंभीरता से पालन करें। राज्य सरकारों से मेरा अनुरोध है कि वो नियमों और कानूनों का पालन करवाएं।'

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।