लाइव टीवी

दिल्ली में कोरोना वायरस के 7 मामले, 2 ठीक होकर अस्पताल से डिस्चार्ज हुए, 1 की मौत

Updated Mar 15, 2020 | 13:30 IST

Coronavirus in Delhi: दिल्ली में कोरोना वायरस के अभी तक 7 मामले सामने आए हैं। राजधानी में एक महिला की इससे मौत भी हो गई है। 2 मरीज ठीक हुए हैं, उन्हें डिस्चार्ज किया गया है।

Loading ...
दिल्ली में कोरोना वायरस का प्रकोप
मुख्य बातें
  • भारत में कोरोना के सबसे ज्यादा मामले महाराष्ट्र से हैं। वहां 31 लोग इससे संक्रमित पाए गए हैं
  • केरल से 22, जबकि उत्तर प्रदेश से 11 मामले सामने आए हैं। तीसरे नंबर पर 7 के साथ दिल्ली है
  • दिल्ली के अलावा 1 मौत कर्नाटक में हुई है। वहां से अभी तक 6 मामले सामने आए हैं

नई दिल्ली: देशभर में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या 100 पार हो गई है। अब तक 107 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। 2 लोगों की मौत हो चुकी है। लेकिन अच्छी खबर ये है कि कई लोग ठीक भी हो रहे हैं। कुल 9 लोग अभी तक डिस्चार्ज हुए हैं। राजधानी दिल्ली में कोरोना के कुल 7 मामले सामने आए हैं, एक की मौत हुई है, जबकि 2 ठीक हुए हैं। 

शनिवार को 45 साल के व्यक्ति को राम मनोहर लोहिया अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। 22 फरवरी को इटली से लौटने के बाद इनका परीक्षण किया गया, जो कि सकारात्मक आया। रिपोर्टों के अनुसार, वह कई लोगों के संपर्क में आए क्योंकि वायरस का पता चलने से पहले उन्होंने एक लक्जरी होटल में अपने बेटे के जन्मदिन पर पार्टी का आयोजन किया था।

टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने कहा कि वे उन 105 लोगों का पता लगाने में सक्षम हैं, जो अलग-थलग होने से पहले उस व्यक्ति के संपर्क में आए थे। 105 में से 41 दिल्ली के नागरिक पाए गए जबकि 64 बाहरी थे।

68 साल की महिला का निधन
इसके पहले शुक्रवार को दिल्ली में 68 साल की महिला की कोरोना से मौत हो गई। स्वास्थ्य मंत्रालय और दिल्ली सरकार के अधिकारियों ने बताया कि महिला अपने बेटे के संपर्क में आई थी, जो राष्ट्रीय राजधानी में कोरोना वायरस संक्रमण का पांचवा मामला था। महिला का बेटा पांच से 22 फरवरी तक स्विटजरलैंड और इटली की यात्रा पर था।

31 तक स्कूल, सिनेमाघर बंद
दिल्ली में कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए यहां के सिनेमाघरों को 31 मार्च तक बंद रखने का फैसला किया गया है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को इसकी घोषणा की। साथ ही वे स्कूल और कॉलेज जहां बोर्ड परीक्षाएं नहीं हो रही हैं, उन विद्यालयों को भी इस महीने के अंत तक बंद किया जा रहा है। इसके साथ ही दिल्ली सरकार ने कहा था कि स्वास्थ्य संकट के कारण राजधानी में किसी भी खेल गतिविधि को अनुमति नहीं दी जाएगी। दिल्ली में जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय, दिल्ली विश्वविद्यालय और जामिया मिल्लिया विश्वविद्यालय ने अपनी कक्षाएं निलंबित कर दी हैं। 

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।