लाइव टीवी

कोरोना के एक्टिव केस 10 लाख से कम, 66 दिनों बाद आई ये स्थिति, पहली लहर की पीक से भी कम हुए सक्रिय मामले

Updated Jun 14, 2021 | 20:35 IST

Coronavirus cases in India: देश में कोरोना वायरस के मामले लगातार कम हो रहे हैं। वहीं सक्रिय मामलों की संख्या 10 लाख से कम हो गई है, ऐसा 66 दिन बाद हुआ है।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspAP
देश में कम हो रहे कोरोना के मामले
मुख्य बातें
  • भारत में कोविड-19 के 70,421 नए मामले, 3921 और लोगों की मौत
  • देश में 74 दिन बाद संक्रमण के इतने कम मामले सामने आए हैं
  • देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2,95,10,410 हो गई

नई दिल्ली: देश में कोरोना वायरस के नए मामलों की संख्या में लगातार कमी दर्ज की जा रही है। पिछले 24 घंटे में देश में 70,421 दैनिक नए मामले दर्ज किए गए। लगातार सातवें दिन देश में कोविड-19 के नए मामलों की संख्या एक लाख से कम दर्ज की गई। देश में कोविड-19 के सक्रिय मामलों की संख्या भी लगातार घट रही है। सक्रिय मामलों की संख्या गिरकर आज 9,73,158 हो गई है। सक्रिय मामलों की संख्या 66 दिनों के बाद 10 लाख से कम हुई है। पिछले 24 घंटे में सक्रिय मामलों की संख्या में कुल 53,001 की कमी आयी है। यह अब देश के कुल कोविड पॉजिटिव मामलों का केवल 3.30 प्रतिशत है।

पहली लहर के पीक से भी कम हुए केस

पिछले साल जब कोरोना की पहली लहर आई थी तब उस लहर के पीक पर एक्टिव केस 10 लाख के ऊपर पहुंच गए थे। 18 सितंबर 2020 को देश में 10,17,754 सक्रिय मामले थे। वहीं दूसरी लहर के पीक पर सक्रिय मामले 37 लाख से ज्यादा हो गए थे। 10 मई को देश में 37,45,237 एक्टिव केस थे, जो अब 10 लाख से कम हो गए हैं।

इसके साथ ही ज्यादा लोगों के कोविड-19 संक्रमण से स्वस्थ होने के साथ लगातार 32वें दिन बीमारी से स्वस्थ होने वाले लोगों की दैनिक संख्या कोविड-19 के दैनिक नए मामलों से ज्यादा है। पिछले 24 घंटे में बीमारी से 1,19,501 लोग स्वस्थ हुए हैं। पिछले 24 घंटे में दैनिक नए मामलों की तुलना में बीमारी से करीब 50,000 (49,080) ज्यादा लोग स्वस्थ हुए हैं।

रिकवरी दर 95.43% हुई

भारत में महामारी के शुरू होने के बाद से पहले ही कुल 2,81,62,947 लोगों में कोविड-19 ठीक हो चुका है और पिछले 24 घंटे में बीमारी से कुल 1,19,501 लोग स्वस्थ हुए हैं। बीमारी से स्वस्थ होने की राष्ट्रीय दर भी बेहतर होकर 95.43 प्रतिशत हो गई है और इसमें लगातार वृद्धि हो रही है। 

साप्ताहिक पॉजिटिविटी रेट इस समय 4.54%

वहीं में पिछले 24 घंटे में कुल 14,92,152 जांच हुई जिसके साथ अब तक हुए जांच की कुल संख्या करीब 38 करोड़ (37,96,24,626) है। जहां एक तरफ पूरे देश में कोविड की जांच बढ़ गई है, वहीं दूसरी तरफ साप्ताहिक पॉजिटिविटी रेट भी लगातार घट रहा है। साप्ताहिक पॉजिटिविटी रेट इस समय 4.54 प्रतिशत है जबकि दैनिक पॉजिटिविटी रेट आज 4.72 प्रतिशत हो गया। यह लगातार 21 दिनों से 10 प्रतिशत से कम बना हुआ है।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।