लाइव टीवी

कोरोना वायरस: दिल्ली सरकार ने की 35,000 संदिग्धों की पहचान, देश में अब तक 360 लोग संक्रमित

Updated Mar 22, 2020 | 23:40 IST

कोरोना वायरस और जनता कर्फ्यू: कोरोना के कहर के चलते देशभर में रविवार को जनता कर्फ्यू लागू रहा। यहां जानें 22 मार्च को आई कोरोना से जुड़ी जानकारी और खबरें।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspIANS
देशभर में कोरोना वायरस से जुड़े ताजा अपडेट
मुख्य बातें
  • भारत के 75 जिलों में लॉकडाउन के आदेश, केंद्र सरकार ने राज्यों को दिए व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश
  • जनता कर्फ्यू के चलते देशभर की सड़कों पर छाया रहा सन्नाटा, लोगों ने दरवाजों, खिड़की बालकनी से दिखाया उत्साह
  • भारत में 360 तक पहुंचा कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों का आंकड़ा, 7 की मौत

नई दिल्ली: भारत के साथ-साथ दुनियाभर में कोरोना का कहर फैलता जा रहा है। भारत में अभी तक कोरोना के 360 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें 319 भारतीय और 41 विदेशी नागरिक शामिल हैं। साथ ही देश में कोरोना की वजह से 7 लोगों के जान भी गंवाई है। वहीं दुनिया भर में 3 लाख से ज्यादा मामले आ चुके हैं। 13,444 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।

महामारी का रूप ले चुकी इस बीमारी ने इटली में भयंकर तबाही मचाई हुई है। यहां एक ही दिन में 800 के करीब लोगों की मौत की खबर सामने आ चुकी है। भारत में रविवार को जनता कर्फ्यू रहा और सोमवार को भी देश के 75 जिलों में लॉकडाउन का ऐलान किया गया है। यह कोरोना संक्रमण से जुड़े जिले हैं जहां सिर्फ जरूरी सेवाएं छोड़कर बाकी गतिविधियां बंद कर दी जाएंगीं।

  •  दिल्ली सरकार ने ऐसे लगभग 35,000 लोगों की पहचान की है जो 1 मार्च के बाद विदेशों से लौटे हैं और दिल्ली में रह रहे हैं। सभी जिलाधिकारियों को जानकारी सत्यापित करने और यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है कि उन्हें अलग रखा गया हो। साथ ही जो भी लोग उनके संपर्क में आए हैं उन्हें भी आइसोलेशन में रखा जा रहा हो।
  • देश में अब 360 कोरोना वायरस के मामलों की पुष्टि की जा चुकी है। बीते दो दिनों में देश में यह मामले तेजी से बढ़े हैं। किस राज्य में कितने लोग संक्रमण की चपेट में आए इसे लेकर एक लिस्ट भी सामने आई है। एएनआई के इस ट्वीट में आप कोरोना से पीड़ित मरीजों की यह लिस्ट देख सकते हैं।
  • जम्मू कश्मीर और आंध्रप्रदेश में भी कोरोना वायरस के  बढ़ते संक्रमण के चलते लॉकडाउन की घोषणा कर दी गई है। जबकि तेलंगाना सरकार इस बारे में जल्द फैसला कर सकती है।
  • दिल्ली आने और जाने वाली घरेलू उड़ानें रहेंगी जारी: दिल्ली हवाई अड्डे पर आने और जाने वाली घरेलू उड़ानों पर असर नहीं पड़ेगा। डीजीसीए ने जानकारी देते हुए कहा है कि सभी घरेलू उड़ानें जारी रहेंगीं।
  • कोरोना के खिलाफ मंत्रियों और सीएम ने भी दिखाया उत्साह: केंद्रीय मंत्रियों, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ सहित कई माननीयों ने कोरोना वायरस के खिलाफ मुहिम को लेकर अपना उत्साह दिखाते हुए ताली और घंटियां बजाईं। इसकी तस्वीरें सामने आ रही हैं।
  • लोगों ने दिखाया उत्साह, कोरोना के खिलाफ फूंका बिगुल: कोरोना वायरस के खिलाफ बिगुल फूंकते हुए लोगों ने पीएम की मोदी की अपील पर भरपूर उत्साह दिखाया। गांव हो कस्बा या फिर शहर हर जगह लोग कोरोना वायरस से लड़ रहे डॉक्टर और कर्मचारियों के लिए समर्थन और सम्मान दिखाते नजर आए। इसकी कई तस्वीरें और वीडियो भी सामने आए हैं।

 75 जिले रहेंगे लॉकडाउन

पश्चिम बंगाल के इन इलाकों/ जिलों को लॉकडाउन किया गया है-

दिल्ली में 31 मार्च धारा 144 लागू
कोरोना वायरस के प्रकोप के मद्देनजर दिल्ली में 22 मार्च रात 9 बजे से 31 मार्च रात 12 बजे तक CrPC की धारा 144 लागू रहेगी।

कोरोना वायरस को रोकने का आसान तरीका
भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) के महानिदेशक बलराम भार्गव ने कहा कि कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए सबसे आसान तरीका बाहर से आने वाले लोगों को अलग रखना है। उन्हें अलग (क्वारंटाइन) में रखा जाना चाहिए। ये वायरस हवा से नहीं फैलता है। उन्होंने कहा कि हमने अब तक कोरोना वायरस के लिए 15,000-17,000 टेस्ट किए हैं। हमारे पास प्रति दिन 10,000 टेस्ट करने की क्षमता है, इसका मतलब है कि हम प्रति सप्ताह 50,000-70,000 टेस्ट कर सकते हैं।

उत्तराखंड में 31 मार्च तक लॉकडाउन
उत्तराखंड CM त्रिवेंद्र सिंह रावत ने राज्य के मुख्य सचिव, गृह सचिव, पुलिस महानिदेशक के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस के खिलाफ राष्ट्रव्यापी जनता कर्फ्यू के बाद जो आज  देखा गया। हमने 31 मार्च तक पूरे राज्य में कर्फ्यू जारी रखने का फैसला किया है। हालांकि, आवश्यक सेवाएं, जैसे कि भोजन और दवाएं, सभी के लिए उपलब्ध होंगी। हमने तय किया है कि अंतर-शहर और अंतर-राज्य बस सेवाएं 31 मार्च तक निलंबित रहेंगी। लोगों को लॉकडाउन के दौरान न्यूनतम यात्रा करनी चाहिए, उन्हें उस शहर या गांव से नहीं भागना चाहिए जहां वे वर्तमान में अन्य स्थानों पर रह रहे हैं। 

महाराष्ट्र कल सुबह तक जनता कर्फ्यू
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा कि मैं हर किसी से अनुरोध करना चाहूंगा कि कल सुबह तक जनता कर्फ्यू जारी रखें। कोरोना वायरस के मामलों की संख्या में काफी वृद्धि हुई है। मेरे पास महाराष्ट्र में धारा 144 लागू करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है। भारत के बाहर किसी भी फ्लाइट को मुंबई में नहीं उतरने दिया जाएगा। सरकारी कार्यालयों में काम करने वाले कर्मचारियों का प्रतिशत 25 प्रतिशत से घटाकर पांच प्रतिशत कर दिया गया है। 31 मार्च तक केवल आवश्यक कार्यों के लिए सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने की अनुमति दी जाएगी। सीएम ठाकरे ने कहा कि महाराष्ट्र में कोरोना वायरस ने एक बहुत ही संवेदनशील और महत्वपूर्ण चरण में प्रवेश किया है, इसलिए मैं लोगों से इस वायरस के खिलाफ लड़ाई में सभी सावधानी बरतने का आग्रह करता हूं।

 देश भर के 75 जिलों में कोरोना वायरस के मामलों की पुष्टि
कैबिनेट सचिव ने आज राज्यों के मुख्य सचिवों के साथ कोरोना वायरस की​ स्थिति की समीक्षा की। जिन 75 जिलों में कोरोना वायरस के मामलों की पुष्टि हुई है उनमें सिर्फ जरूरी सेवाओं की अनुमति जी जाएगी। 31 मार्च तक के लिए अंतर-राज्य बस सेवाएं भी निलंबित।  

चंडीगढ़ प्रशासन ने कहा, '31 मार्च तक सभी गैर-आवश्यक प्रतिष्ठान कार्यालय, स्कूल, कॉलेज, कारखाने और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान आदि बंद रहेंगे। सभी सार्वजनिक परिवहन निलंबित रहेंगे। आवश्यक सेवाएं सब्जी की दुकानों, राशन की दुकानों, मेडिकल खुले रहेंगे।' मुंबई में पश्चिम रेलवे की उपनगरीय सेवाओं पर आज आधी रात से 31 मार्च की मध्यरात्रि तक लगाई गई रोक

पंजाब में कुल 21 मामले
पंजाब में कोरोना वायरस के 7 मामले और सामने आने से कुल केस 21 हो गए हैं। पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री बीएस सिद्धू ने कहा, 'राज्य में लॉकडाउन के दौरान सभी आवश्यक वस्तुओं की नियमित आपूर्ति होगी। मैं सभी नागरिकों से इस वायरस से लड़ने के लिए सरकार की सलाह का पालन करने की अपील करता हूं।'

भारत में कोरोना वायरस के मामलों की संख्या बढ़कर 341 हुई। किडनी फेल होने के कारण बिहार में एक 38 साल के शख्स का निधन हो गया है। वो Covid19 पॉजिटिव था। वह मुंगेर का था। कल पटना के एम्स में निधन हो गया; दो दिन पहले कोलकाता से लौटा था। 

जाब में लॉकडाउन
पंजाब में कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए 31 मार्च तक लॉकडाउन लागू करेगा। राजस्थान के बाद ऐसा करने वाला दूसरा राज्य। पंजाब में शनिवार को 11 और व्यक्ति कोरोनो वायरस से संक्रमित पाए गए थे, जिससे राज्य में संक्रमण के पुष्ट मामलों की कुल संख्या 14 हो गई।

मुंबई में कोरोना वायरस से 63 साल के मरीज की मौत। भारत में कोरोना से 5वीं मौत

रोम से उड़ान भरने वाले 263 भारतीय छात्रों को लेकर एयर इंडिया की विशेष उड़ान आज सुबह 9.15 बजे दिल्ली हवाई अड्डे पर उतरी। एयरपोर्ट पर थर्मल स्क्रीनिंग और इमिग्रेशन के बाद दिल्ली में आईटीबीपी छावला क्वारेंटाइन फैसिलिटी में सभी 263 को ले जाया जा रहा है। 

दिल्ली में पुलिसकर्मियों ने सड़कों पर स्थानीय लोगों को फूल भेंट करते हुए उनसे अनुरोध करते हैं कि वे घर पर रहें और आज देशव्यापी जनता कर्फ्यू का पालन करें। 

महाराष्ट्र: आमतौर पर भीड़-भाड़ वाले दादर रेलवे स्टेशन पर आज दूसरे दिनों के मुकाबले काफी कम भीड़ नजर आई। यहां तैनात हेड कांस्टेबल विजय प्रताप ने बताया कि हम यहां आने वाले लोगों की आईडी देखेंगे अगर वो मेडिकल वाले हैं, डॉक्टर हैं तो हम उनको जाने देंगे नहीं तो बाहर भेज देंगे। 

भारतीय रेलवे ने कोरोना वायरस के मद्देनजर जनता कर्फ्यू के दौरान आज रात 10 बजे तक सभी यात्री ट्रेनों को रद्द कर दिया है 

पीएम मोदी ने की अपील
पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा, 'जनता कर्फ्यू शुरू हो रहा है...मेरी विनती है कि सभी नागरिक इस देशव्यापी अभियान का हिस्सा बनें और कोरोना के खिलाफ लड़ाई को सफल बनाएं। हमारा संयम और संकल्प इस महामारी को परास्त करके रहेगा।'

जनता कर्फ्यू के चलते आज दिल्ली मेट्रो बंद। दिल्ली में बसें भी 50% चलेंगी। उत्तर प्रदेश में रोडवेज की बसें नहीं चलेंगी। 

जनता कर्फ्यू के चलते देशभर के कई शहरों में सड़कें सुनसान दिखाई दे रही हैं। 

महाराष्ट्र में सबसे अधिक 63 मामले सामने आए हैं। केरल में 40 मामले सामने आए हैं। दिल्ली में 26 पॉजिटिव मामले सामने आए हैं,जबकि उत्तर प्रदेश में 24 मामले सामने आए हैं। तेलंगाना में 21, हरियाणा में 14, कर्नाटक में 15 मामले सामने आए हैं। पंजाब और लद्दाख में 13- 13 मामले, गुजरात में सात और जम्मू-कश्मीर में चार मामले सामने आए हैं। तमिलनाडु, आंध्रप्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल में कोरोना वायरस के तीन-तीन मामले, जबकि ओडिशा में दो मामले सामने आए हैं। पुडुचेरी, छत्तीसगढ़ और चंडीगढ़ में एक-एक मामला सामने आया है।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।