लाइव टीवी

कोरोना वायरस समाचार: महाराष्ट्र ने मांगी केरल से मदद, डॉक्टर और नर्स भेजने की अपील

Updated May 25, 2020 | 00:14 IST

कोरोना वायरस: देश में कोरोना के मामले बहुत तेजी से बढ़ रहे हैं। कुल मामलों की संख्या बढ़कर 1 लाख 31 हजार से ज्यादा हो गई है और 3867 की मौत हो गई है। यहां पढ़ें हर अपडेट:

Loading ...
कोरोना वायरस से जुड़ा हर ताजा अपडेट
मुख्य बातें
  • देश में कोरोना वायरस से संक्रमण के मामलों की संख्या में लगातार हो रहा है इजाफा
  • देश में लॉकडाउन 4 चल रहा है, जो कि 31 मई तक लागू है
  • देश में कोरोना वायरस से 3867 लोगों की जान जा चुकी है

नई दिल्ली: देश में कोरोना वायरस के मामले बढ़कर 131868 हो गए हैं। देश में कुल 73560 सक्रिय मामले हैं, जबकि 54440 लोग ठीक हो चुके हैं, वहीं 3867 लोगों की मौत हो चुकी है। पिछले 24 घंटों में 6767 नए केस आए हैं, जो कि एक दिन में सबसे ज्यादा हैं। इसके अलावा 147 लोगों की मौत हुई है। इससे पहले शनिवार को भारत में कोरोना वायरस से संक्रमण के नए मामलों में रिकॉर्ड वृद्धि हुई थी। एक दिन में सबसे अधिक 6,654 नए केस आए थे और 137 और लोगों की जान गई थी। आज संख्या शनिवार से भी ज्यादा है। यहां पढ़ें कोरोना वायरस और लॉकडाउन से जुड़े अपडेट्स:-​​

                       एक्टिव केस                डिस्चार्ज/ठीक हुए                       मौत
                          69597                         51783                      3720

केरल से मांगी मदद

 देश में कोरोना संक्रमित से सबसे ज्यादा प्रभावित कोई राज्य है तो वह है महाराष्ट्र, जहां अभी तक पचास हजार से अधिक मामले सामने आ चुके हैं। राज्य में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इस बीच राज्य सरकार ने केरल सरकार से मदद मांगी है। महाराष्ट्र सरकार ने इस संबंध में केरल सरकार को एक खत लिखा है और मुंबई में कोरोना के मरीजों के इलाज के लिए अनुभवी डॉक्टर और प्रशिक्षित नर्स भेजने की अपील की है।

राजस्थान में 286 नए मामले

 राजस्थान में भी कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। राज्य के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, आज राजस्थान में कुल 286 कोविड 19 मामले सामने आए और 3 मौतें हुईं। राज्य में कुल मामलों की संख्या 7028 है, जिसमें 163 लोगों की मौत हो गई है जबकि 3848 ठीक होकर घर लौट चुके हैं। वहीं राज्य में अब 3017 सक्रिय मामले हैं।

यूपी आने वाले राज्य के निवासियों को 14 दिन तक रहना होगा क्वारंटीन

सोमवार से घरेलू उड़ानें शुरू होने के बीच उत्तर प्रदेश सरकार ने तय किया है कि उत्तर प्रदेश आने वाले लोग अगर इसी राज्य के रहने वाले हैं, तो उन्हें 14 दिन के लिए घर पर पृथक-वास में रहना होगा। मुख्य सचिव राजेन्द्र कुमार तिवारी की ओर से रविवार को जारी प्रोटोकाल के मुताबिक सभी यात्रियों को सलाह दी जाएगी कि वे हर समय भौतिक दूरी, साबुन से हाथ धोने के उपायों का कड़ाई से पालन करें तथा मास्क या फेस कवर अवश्य पहनें । उन्हें किसी भी परिस्थिति में समूह में इकट्ठा होने की अनुमति नहीं होगी ।

महाराष्ट्र से त्रिपुरा लौटे 16 लोग कोविड-19 से संक्रमित, 

त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लव कुमार देव ने रविवार को कहा कि महाराष्ट्र से त्रिपुरा लौटे 16 व्यक्तियों में कोविड-19 संक्रमण की पुष्टि हुई है जिसके बाद राज्य में संक्रमण के कुल मामले 191 हो गए हैं। देब ने राज्य में लौटने वाले यात्रियों से कोरोनो वायरस संबंधी दिशानिर्देशों का पालन करने और उनसे सहयोग करने के लिए कहा।

दिल्ली में लगातार बढ़ रहे मामले

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने बताया, '508 नए मामलों के साथ दिल्ली में कोविड 19 के कुल मामलों की संख्या अब 13,418 (23 मई की मध्यरात्रि तक) हो गई है। 261 लोगों की जान जा चुकी है।' इसके अलावा दिल्ली में कंटेनमेंट जोन की संख्या 87 है। अभी तक 41 जोन कंटेनमेंट जोन से हटे हैं।

महाराष्ट्र: राज्य के 87 पुलिसकर्मी पिछले 24 घंटे में कोविड-19 पॉजिटिव पाए गए हैं। कुल प्रभावितों की संख्या 1,758 है, जिनमें से 18 की मौत हो चुकी है और 673 ठीक हुए हैं। 

झारखंड में प्रवासियों से बढ़ रहे केस

झारखंड लौटे प्रवासी श्रमिकों के कारण कोरोना वायरस का संक्रमण और तेजी से फैलने लगा है। शनिवार को संक्रमण के 27 नये मामले सामने आए जिससे संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर अब 350 तक पहुंच गई है। 350 संक्रमितों में से 179 सिर्फ प्रवासी मजदूर हैं जो देश के विभिन्न भागों से राज्य में वापस अपने घरों को लौटे हैं। राज्य के 350 संक्रमितों में से 141 अब तक ठीक होकर अपने घरों को लौट चुके हैं। जबकि चार की मौत हो चुकी है। इसके अलावा 205 अन्य संक्रमितों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में जारी है।

इंदौर में 3000 से ज्यादा केस

इंदौर में संक्रमितों की संख्या 3,000 के पार हो गई है, जबकि 114 मरीजों की मौत हो गई है। पिछले 24 घंटे के दौरान जिले में कोविड-19 के 75 नये मरीज मिले हैं। इसके साथ ही, जिले में महामारी की जद में आये लोगों की तादाद 2,933 से बढ़कर 3,008 पर पहुंच गई है। जिले में कोविड-19 के 1,412 मरीजों को अस्पतालों से छुट्टी दी जा चुकी है।

उत्तराखंड के देहरादून के एक ऑटो चालक ने कहा, 'दो दिन हो गए हैं बोनी नहीं हुई है। कोई सवारी नहीं है, कोई काम ही नहीं है। अब दिहाड़ी तो छोड़ो खाने के लाले पड़े हैं। सरकार कह रही है सुविधा दी है पर हमें कोई सुविधा नहीं मिली है। ढाई महीने बाद घर से निकले हैं पर जेब में ढाई रुपए नहीं है।' पूर्व ऑटो यूनियन अध्यक्ष ने बताया कि देहरादून में 2392 ऑटो रिक्शा हैं। रोजाना ऑटो चालकों को 11-12 लाख रुपए का नुकसान हो रहा है क्योंकि हर चालक 500-600रुपए रोज कमाता है। हमने उत्तराखंड सरकार से दिल्ली की तरह हर ऑटो वाले को 5000 रुपए महीना देने की मांग की है क्योंकि1000 रुपए से कुछ नहीं हे पाएगा। 

पूरे हिंदुस्तान पूरे वर्ल्ड पर कोरोना का फर्क पड़ा है। ऐसे मौके पर ईद तो कोई मना ही नहीं रहा है। पर आज का जमाना भी ऐसा है कि जब तक जेब में पैसा, तब तक ईद ही ईद। किसान बहुत माल ला रहे हैं पर माल बिक नहीं रहा इसलिए हमें सस्ते में बेचना पड़ रहा है: फल विक्रेता, दरियागंज मार्केट, दिल्ली 

पंजाब: जालंधर में एक फ्लाईओवर के नीचे इकट्ठा हुए प्रवासी मजदूरों ने कहा कि वे खुद को पंजीकृत करवाने के लिए इंतजार कर रहे हैं। प्रवासियों में से एक ने कहा, 'हम 5 दिनों से फ्लाईओवर के नीचे रह रहे हैं, हमें पीने के लिए पानी भी नहीं मिल रहा है। हमारे लिए कोई बस/ट्रेन आयोजित नहीं है।' 

उत्तर प्रदेश में लगातार कोरोना संक्रमण बढ़ता जा रहा है। शनिवार को प्रदेश में 288 नए मरीज सामने आए, जिससे संक्रमितों की संख्या 6,017 तक पहुंच गई। प्रदेश में कोरोना से अब तक 155 लोगों की मौत हो चुकी है। अब तक 3406 लोग ठीक होकर अपने घर जा चुके हैं। 

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।