लाइव टीवी

Coronavirus Maharashtra Update, 07 April: राज्य में लगातार बढ़ रहे कोरोना मरीज, एक हजार के पार पहुंची संख्या

Updated Apr 07, 2020 | 20:53 IST

Coronavirus updates in Maharashtra, 07 April 2020: देश में दिन प्रतिदिन कोरोना वायरस के मामले बढ़ते ही जा रहे हैं। सबसे अधिक मामले महाराष्ट्र में हैं। यहां जानिए हर ताजा अपडेट।

Loading ...
महाराष्ट्र में कोरोना वायरस का असर
मुख्य बातें
  • देश में कोरोना वायरस के मामले 4000 से पार हो गए हैं
  • कोरोना वायरस से संक्रमित होने के सर्वाधिक मामले महाराष्ट्र में आए हैं
  • कोरोना वायरस से हुई मौत के आंकड़े में भी सबसे अधिक महाराष्ट्र में ही हैं

मुंबई/पुणे :  कोरोना वायरस का संक्रमण करीब-करीब सभी राज्यों मे फैल गया है लेकिन सबसे अधिक प्रभावित महाराष्ट्र हुआ है। राज्य में अभी तक 1018 लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। राज्य में अभी तक 55 लोगों की मौत हो चुकी है।  राज्य में अभी तक हुई मौतों में से 34 मुंबई में, ठाणे में नौ, पुणे में 8 और औरंगाबाद, बुल्ढाणा, जलगांव और अमरावती में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है। ठीक होने के बाद 70 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

कुल केस- 1018,   ठीक हुए- 70,  मौत- 55

Coronavirus Maharashtra UPDATES, 07 April

 'जमात के 50 लोगों का अता-पता नहीं'

महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने मंगलवार को कहा कि दिल्ली के निजामुद्दीन (पश्चिम) में तबलीगी जमात के कार्यक्रम में शामिल हुए राज्य के 1400 लोगों में से 50 ने सरकार से अब तक कोई सम्पर्क नहीं किया है। देशमुख ने सामने ना आने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी देते हुए इनसे स्वयं राज्य सरकार अधिकारियों से सम्पर्क करने को कहा। उन्होंने कहा कि अधिकारियों से संपर्क करने पर राज्य सरकार ऐसे लोगों को पृथक रखेगी और उनकी देखभाल करेगी।

पुणे में तीन मौतें 
पुणे के जिला मजिस्ट्रेट नवल किशोर राम ने कहा कि पुणे में आज तीन मौतें हुई हैं। सभी मरीज कोरोना वायरस पॉजिटिव थे। पुणे में मरने वालों की संख्या 8 हो गई।

तबलीगी जमात के 150 लोगों के खिलाफ FIR
मुंबई में तबलीगी जमात के 150 लोगों के खिलाफ बीएमसी ने आजाद मैदान पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कराई है। सिर्फ 10 लोगों का पता चला है बाकी कहां है पता नहीं है।

लॉकडाउन के उल्लंघन पर 46 लोगों के खिलाफ FIR
ठाणे के एसपी ने कहा कि कल 46 लोगों के खिलाफ 12 FIR दर्ज, 38 वाहन जब्त किए गए। इसके अलावा 826 वाहनों के खिलाफ चालान जारी किए गए और लॉकडाउन आदेशों का उल्लंघन करने के लिए उनसे 3,06,200 रुपए का जु़र्माना वसूला गया।

महाराष्ट्र में 23 नए कोरोना पॉजिटिव मामले 
महाराष्ट्र में आज 23 नए कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आए - सांगली 1, पिंपरी-चिंचवाड़ 4, अहमदनगर 3, बुलढाणा 2, BMC 10, ठाणे 1 और नागपुर 2। राज्य में पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या बढ़कर 891 हो गई है।

मुंबई के धारावी से 2 और पॉजिटिव केस
मुंबई के धारावी से 2 और कोरोना पॉजिटिव केस सामने आए हैं। धारावी के डॉ. बालिगा नगर इलाके को सील कर दिया गया है। नए मामलों के संपर्क में आए लोगों को ट्रेस किया जा रहा है। धारावी में कुल  पॉजिटिव केस 7 (1 मौत समेत) हैं।

अभी तक 868 मामलों की पुष्टि
महाराष्ट्र में अभी तक 868 लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। इनमें से मुंबई में 526, पुणे में 141, सांगली में 25, ठाणे में 85, अहमदनगर में 23, नागपुर में 17, औरंगाबाद में 10, लातूर में आठ, बुल्ढाणा और सतारा में 5-5, यवतमाल में 4, उस्मानाबाद में 3, कोल्हापुर, रत्नागिरि, जलगांव और नासिक में 2-2 जबकि सिंधुदुर्ग, गोंदिया, वाशिम, अमरावती, हिंगोली और जालना में 1-1 मामले सामने आए हैं। राज्य में अभी तक 17,563 लोगों के नमूनों की जांच की गई है जिनमें से 15,808 संक्रमित नहीं पाए गए जबकि 868 में संक्रमण की पुष्टि हुई है।

 चाय बेचने वाला कोरोना संक्रमित!
मुंबई पुलिस सूत्र ने बताया कि एक चाय बेचने वाले के कोरोना संक्रमित होने के अंदेशे पर उसकी इमारत में रहने वाले 4 व्यक्तियों को क्वारंटाइन किया गया है। मातोश्री में तैनात कुछ सुरक्षाकर्मी जो उसकी चाय के स्टॉल पर गए थे उन्हें एहतियात के तौर पर आइसोलेट कर दिया गया है। 

मणिपुर की एक लड़की पर बाइक सवार ने थूका
कल मुंबई के कलिना क्षेत्र में मणिपुर की एक लड़की पर अज्ञात बाइक सवार ने थूका। लड़की की शिकायत पर उसके खिलाफ IPC धारा 270 और 352 के तहत FIR दर्ज की गई है। पुलिस स्थानीय CCTV फुटेज की मदद से आरोपी की तलाश कर रही है।

मातोश्री का इलाका कंटेनमेंट जोन घोषित
कल रात बीएमसी ने सरकारी गेस्ट हाउस के पास एक कोरोना वायरस पॉजिटिव व्यक्ति के पाए जाने के बाद इलाके को नियंत्रण क्षेत्र (कंटेनमेंट जोन) घोषित करते हुए पोस्टर लगाया। ये सरकारी गेस्ट हाउस मातोश्री (महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के निजी आवास) के पास स्थित है।

कोविड-19 से मुंबई सबसे ज्यादा प्रभावित
बीएमसी के मुताबिक कोविड-19 से मुंबई सबसे ज्यादा प्रभावित है और सोमवार को वहां 68 नए मामले सामने आए हैं। शहर में अभी तक 526 लोग वायरस से संक्रमित हुए हैं जबकि 34 लोगों की मौत हुई है। अधिकारी ने बताया कि गौर करने की बात यह है कि आज जिन सात लोगों की मौत हुई है उनमें से किसी ने विदेश यात्रा नहीं की थी, हालांकि सभी को मधुमेह और उच्च रक्तचाप जैसी बीमारियां थीं। उन्होंने बताया, महाराष्ट्र में सोमवार को हुई 7 मौत में से 4 मुंबई में जबकि अन्य 3 नवी मुंबई, ठाणे और वसई में हुई हैं। कोविड-19 के 120 नए मामलों के संबंध में उन्होंने कहा कि इनमें से 68 मुंबई में जबकि 41 पुणे से हैं। उन्होंने बताया कि अन्य मामलों में औरंगाबाद से तीन, वसई-विरार, सतारा और अहमदनगर से दो-दो जबकि जालना और नासिक से एक-एक मामले आए हैं।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।