लाइव टीवी

कोरोना :4 महीने बाद एक दिन में 10 हजार के पार केस, आएगी चौथी लहर !

Updated Jun 17, 2022 | 14:44 IST

Covid-19 Update:देश के 8 राज्यों के 23 जिलों में पॉजिटिविटी रेट 10 फीसदी से ऊपर पहुंच गया है। इन राज्यों में महाराष्ट्र, केरल, हरियाणा, मध्य प्रदेश, पुडुचेरी, अरूणाचल प्रदेश, अंडमान और निकोबार शामिल हैं।

Loading ...
कोरोना के मामले फिर बढ़े
मुख्य बातें
  • 30 जिले ऐसे हैं जहां पर पॉजिटिविटी रेट 5 फीसदी से ज्यादा हैं।
  • कोरोना के केस फिर से बढ़ने के पीछे ओमिक्रॉन के सब-वैरिएंट्स BA.4 और BA.5 को बड़ी वजह माना जा रहा है।
  • विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के मानक के अनुसार 5 फीसदी से ज्यादा पॉजिटिविटी रेट चिंताजनक स्थिति है।

Covid-19 Case Update: देश में फरवरी 2022 के बाद ऐसा पहली बार हुआ है कि कोरोना के एक दिन में 10 हजार से ज्यादा केस  सामने आए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा शुक्रवार सुबह जारी आंकड़ों के अनुसार, 24 घंटे के अंदर कोविड-19 के 12,847 नये मामले सामने आए। इसके पहले 26 फरवरी को 10 हजार से ज्यादा मामले सामने आए थे। नए आंकड़ों के साथ देश में ईलाज करा रहे मरीजों की संख्या 58,215 से बढ़कर 63,063 हो गई है। यानी पिछले 24 घंटे में ईलाज कराने वाले मरीजों की संख्या में 4,848 की बढ़ोतरी हुई है। जबकि पिछले हफ्ते 8 जून को कोरोना का इलाज करा रहे मरीजों की संख्या  28,857 थी। आंकड़ों से साफ है कि पिछले एक हफ्ते में ईलाज करा रहे मरीजों की संख्या में दोगुना से ज्यादा बढ़ोतरी हुई है। बढ़ते आंकड़ों से साफ संकेत है कि देश में कोरोना की रफ्तार एक बार फिर बढ़ गई है, और इस बात का भी आशंका बढ़ गई है कि क्या चौथी लहर आएगी।

दो राज्यों में 60 फीसदी से ज्यादा केस 

अगर पिछले 24 घंटे के आंकड़ों को देखा जाय तो महाराष्ट्र और केरल दो राज्य हैं, जहां सबसे ज्यादा कोरोना संक्रमण के केस सामने आ रहे हैं। और अभी तक  एक्टिव संक्रमण केस की संख्या देखी जाय तो भी इन दोनों राज्यों में ही सबसे ज्यादा मामले हैं। और ऐसा ट्रेंड तीसरे लहर के बाद से बना हुआ है। खास बात यह है कि इस दौरान दूसरे राज्यों में उस तरह से संक्रमण के मामले नहीं मिले हैं। 

इसी तरह पिछले 24 घंटे में 14 लोगों की कोविड-19 के संक्रमण से हुई है। इनमें से केरल में आठ, महाराष्ट्र में तीन, दिल्ली में दो और कर्नाटक में एक मरीज की मौत हुई।देश में अभी तक संक्रमण से कुल 5,24,817 लोगों की मौत हुई है, जिनमें से महाराष्ट्र में 1,47,880, केरल में 69,853, कर्नाटक में 40,110, तमिलनाडु में 38,026, दिल्ली में 26,225, उत्तर प्रदेश में 23,525 और पश्चिम बंगाल में 21,207 लोगों की मौत हुई।

राज्य कोविड-19 के सक्रिय मामले
महाराष्ट्र 20,634
केरल 18,345
कर्नाटक 4371
दिल्ली 3948

Source: outbreakindia

Covid 4th wave: भारत में फिर से कोरोना ने पकड़ी अपनी रफ्तार, इस बार खांसी बुखार की जगह दिख रहे हैं ये लक्षण

इन 23 जिलों में सबसे ज्यादा पॉजिटिविटी रेट

स्वास्थ्य मंत्रालय से मिले आंकड़ों के अनुसार 8 जून से 14 जून  के बीच देश के 8 राज्यों के 23 जिलों में पॉजिटिविटी रेट 10 फीसदी से ऊपर पहुंच गया है। इन राज्यों में महाराष्ट्र, केरल, हरियाणा, मध्य प्रदेश, पुडुचेरी, अरूणाचल प्रदेश, अंडमान और निकोबार शामिल हैं। जबकि 30 जिले ऐसे हैं जहां पर पॉजिटिविटी रेट 5 फीसदी से ज्यादा हैं। कोरोना के  केस फिर से बढ़ने के पीछे ओमिक्रॉन के सब-वैरिएंट्स BA.4 और BA.5 को बड़ी वजह माना जा रहा है। ये दोनों वैरिएंट ओमिक्रॉन के सब-वैरिएंट्स हैं। जिसके मामले पहली बार तमिलनाडु और तेलंगाना में मिले थे।

क्या आएगी चौथी लहर

अगर आंकड़ों को देखा जाय तो भले ही कोरोना के केस बढ़े हैं, लेकिन उससे संक्रमित होने वाले मरीजों में गंभीर स्थिति नहीं है। और रिकवरी रेट 98.64 फीसदी तक पहुंच गया है। और पिछले 24 घंटे में 7985 मरीज ठीक हुए हैं। इसके अलावा 195 करोड़ से ज्यादा कोविड-19 रोधी वैक्सीन डोज लगने के बाद देश की 89 फीसदी व्यस्क आबादी को दोनो डोज लग चुकी है। इस वजह से भी इम्युनिटी बड़े पैमाने पर विकसित हुई है।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।