लाइव टीवी

Cyclone Tauktae Updates: गुजरात पहुंचा चक्रवात ताउते, 2 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया

Updated May 18, 2021 | 00:51 IST

Cyclone Tauktae News: कई राज्यों में चक्रवात ताउते का असर देखा जा रहा है। मुंबई में भारी बारिश हुई, अब गुजरात तट पर लैंडफॉल की प्रक्रिया जारी है। महाराष्ट्र में 6 की मौत हो गई। जानें इससे जुड़े अपडेट्स

Loading ...
चक्रवात 'ताउते' के चलते कई जगह भारी बारिश हो रही है और उससे काफी नुकसान भी हो रहा है
मुख्य बातें
  • चक्रवात 'ताउते' के चलते कई जगह भारी बारिश हो रही है
  • तूफान के और जोर पकड़ने की आशंका के मद्देनजर गुजरात को हाई अलर्ट पर रखा गया है
  • सीएम ने नागरिकों से 17 मई और 18 मई के दौरान अपने घरों से बाहर न निकलने का अनुरोध किया है

नई दिल्ली: चक्रवात 'ताउते' (Cyclone Tauktae) का असर कुछ राज्यों में देखने को मिल रहा है। मुंबई में भारी बारिश हुई, जिससे कई जगह जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है। कई जगह पेड़ उखड़ गए हैं और एयरपोर्ट भी बंद रहा। हालांकि बाद में एयरपोर्ट का संचालन शुरू हो गया। ये गुजरात तट की ओर तेजी के साथ बढ़ रहा है इसको लेकर एजेंसियां बेहद ही अलर्ट मोड में हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार च्रकवात ताउते 'काफी भीषण चक्रवाती तूफान' में परिवर्तित हो गया है। महाराष्ट्र में 6 की मौत हुई, जबकि 9 घायल हुए।

कर्नाटक में चक्रवात ताउते की वजह से प्रभावित तटीय और मलनाड जिले में अब तक छह लोगों की मौत हो गई। आज सुबह तक 121 गांव और तालुका चक्रवात से प्रभावित हैं। यहां अब तक 333 घरों, 644 खंभों, 147 ट्रांसफर्मरों, 57 किलोमीटर सड़कों, 57 जालों और 104 नावों को क्षति पहुंची है। 

यहां पढ़ें इससे जुड़ी अहम जानकारियां और अपडेट्स-

  • भीषण चक्रवाती तूफान सोमवार रात में गुजरात के सौराष्ट्र तट से आ टकराया और इस दौरान हवा 185 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चल रही है। इससे पहले चक्रवात के परिणामस्वरूप मुंबई में भारी वर्षा हुई और गुजरात में 2 लाख से अधिक लोगों को निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना पड़ा। 

  • अहमदाबाद नगर निगम ने चक्रवात ताउते के कारण किसी भी आपात स्थिति के लिए विशेष नियंत्रण कक्ष स्थापित किए हैं। आपात स्थिति में कृपया संबंधित फोन नंबर पर कॉल करें। 

  • कंट्रोल रूम में रूपाणी गिर सोमनाथ व वलसाड के कलेक्टरों से बात कर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। रूपाणी ने व्यक्तिगत रूप से प्रभावित जिलों को फोन कर अपडेट प्राप्त किया। बिजली मेंटेन करने का निर्देश दिया गया।

  • भारतीय सेना की बचाव और राहत टीम अपनी व्यक्तिगत सुरक्षा की परवाह किए बिना सासन गिर से दीव तक के मार्ग को साफ करने के लिए काम कर रही है। यहां तक कि चक्रवात ताउते का लैंडफॉल जारी है। 

  • मुंबई हवाईअड्डे पर 11 घंटे के निलंबन के बाद उड़ानों का परिचालन रात 10 बजे से शुरू हुआ।

  • चक्रवात का केंद्र अगले 3 घंटों के भीतर सौराष्ट्र तट को दीव के पूर्व में पार करेगा। लैंडफॉल प्रक्रिया जारी है, लैंडफॉल प्रक्रिया को पूरा करने में 03 घंटे और लगेंगे।

  • अत्यधिक भीषण चक्रवाती तूफान ताउते गुजरात तट के करीब है। लैंडफॉल प्रक्रिया शुरू हो गई है और अगले 2 घंटों के दौरान जारी रहेगी। 

  • गुजरात के सीएम विजय रूपाणी चक्रवात ताउते की ताजा स्थिति जानने के लिए गांधीनगर के स्टेट कंट्रोल रूम पहुंचे और कलेक्टरों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए तटीय जिलों समेत राज्य की स्थिति की समीक्षा की। 

  • दीव कलेक्टर, सलोनी राय ने कहा, 'चक्रवात ताउते का संभावित लैंडफॉल रात 8 बजे है, जिसके दौरान 150-160 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। हम कच्चे घरों से लोगों को निकाल रहे हैं। 1200 लोगों को शेल्टर में शिफ्ट किया गया है। हमने कोविड अस्पताल में दोहरी पावर बैकअप व्यवस्था की है। यहां एनडीआरएफ की 2 टीमें तैनात हैं और भारतीय सेना की 2 टीमें भी आएंगी। सीएचसी, पीएचसी और सरकारी अस्पताल 24 घंटे चालू रहेंगे।'

  • महाराष्ट्र मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया, 'चक्रवात ताउते के कारण हुए नुकसान में छह लोगों की मौत हो गई और नौ घायल हो गए। चार जानवरों की भी मौत हो गई। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने नुकसान का आकलन किया और राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।' एयरपोर्ट बंद रहने का समय 10 बजे तक बढ़ाया गया। 

  • महाराष्ट्र: भारी बारिश और हवा के कारण मुंबई के अलग-अलग हिस्सों में पेड़ उखड़ गए और सड़कों पर पानी भर गया। भारी बारिश और हवाओं के कारण मुंबई में शिवसेना भवन के पास पेड़ और बिजली का पोल उखड़ गया। 

  • भारतीय तटरक्षक बल ने बताया, 'भारतीय तटरक्षक जहाज समर्थ ने मदद के लिए आई कॉल का जवाब देते हुए आज गोवा तट पर मिलाद नाम की एक फिशिंग बोट से 15 चालक दल को बचाया। सभी चालक दल सुरक्षित हैं और नाव को किनारे पर लाया जा रहा है।' मुंबई हवाई अड्डे का परिचालन बंद है और इसे अब आज 8 बजे तक बढ़ा दिया गया है। 

  • मुंबई हवाई अड्डे का परिचालन बंद आज शाम 6 बजे तक बढ़ा दिया गया है। अहमदाबाद जिला कलेक्टर संदीप सागले ने कहा है कि धोलेरा से 962 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। यहां कुल 38 शेल्टर काम कर रहे हैं। सभी व्यक्तियों को रैपिड एंटीजन टेस्ट के बाद आश्रयों में स्थानांतरित कर दिया गया है। आश्रयों में सभी कोरोना दिशानिर्देशों का कड़ाई से पालन किया जा रहा है। छह गांवों (अहमदाबाद के) में संचालित 6 आश्रय स्थलों में 2400 लोगों को समायोजित करने की क्षमता है। धर्मार्थ संगठन के सहयोग से लगभग 4,000-5,000 भोजन के पैकेट तैयार किए जाएंगे। 

  • 'ताउते' के तूफान से 'अत्यंत तीव्र चक्रवाती तूफान' में तब्दील होने के बाद अब इसके सोमवार शाम गुजरात पहुंचने का अनुमान है और रात आठ बजे से 11 बजे के बीच राज्य के तटीय इलाकों से होता हुआ यह आगे बढ़ जाएगा। एहतियात के तौर पर राज्य प्रशासन ने 17 जिलों के तटीय इलाकों से एक लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया और सोमवार सुबह फिर बचाव कार्य शुरू किया।

  • चक्रवात ताउते के चलते सोमवार को मुंबई आ रही इंडियो और स्पाइसजेट की तीन उड़ानों के रास्ते में बदलाव किया गया है।छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे ने सोमवार को एक बयान में कहा कि शहर आने वाली इंडिगो की एक उड़ान को हैदराबाद की ओर मोड़ दिया गया, जबकि स्पाइसजेट की एक उड़ान को सूरत की ओर मोड़ा गया। इसके अलावा इंडिगो की एक उड़ान को वापस लखनऊ भेजा गया।

  • 'इसके उत्तर-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और 17 मई की शाम को गुजरात तट पर पहुंचने और 17 मई की रात (आठ से 11 बजे के बीच) पोरबंदर और महुवा (भावनगर जिला) के बीच गुजरात तट को पार करने का अनुमान है। इस दौरान 155 से 165 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हवाओं के 185 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने का अनुमान है।'
    CSMIA ने मीडिया स्टेटमेंट जारी कर कहा- चक्रवात ताउते के निकट आने के साथ छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा (CSMIA) एहतियात के तौर पर 17 मई 2021 को 11:00-14:00 बजे से सभी उड़ान संचालन बंद कर रहा है। एयरपोर्ट से अभी तक 1 डायवर्जन हुआ है, आगे स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
  • चक्रवात 'ताउते' के चलते कई जगह भारी बारिश हो रही है और उससे काफी नुकसान भी हो रहा है, आईएमडी ने कहा कि उसने गुजरात तथा दमन एवं दीव के लिए येलो अलर्ट (Yelow Alert) जारी किया है। हालात से निपटने के लिए एनडीआरएफ के साथ नौसेना और वायुसेना भी मुस्तैद है।
  • 'ताउते' की वजह से गोवा के कई हिस्सों में रविवार को तेज हवाएं चलीं तथा भारी बारिश हुई, जिस वजह से बिजली के खंभे उखड़ गए और कई इलाकों में बिजली की आपूर्ति बाधित हुई और अब ये गुजरात की ओर बढ़ा रहा है।  
  • तूफान के और जोर पकड़ने की आशंका के मद्देनजर गुजरात को हाई अलर्ट पर रखा गया है।गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने कहा कि चक्रवात ताउते के मद्देनजर 17 मई और 18 मई को पूरे गुजरात में कोविड-19 के खिलाफ टीकाकरण निलंबित रहेगा। मुख्यमंत्री ने नागरिकों से 17 मई और 18 मई के दौरान अपने घरों से बाहर न निकलने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि पूरे गुजरात राज्य में तूफान के साथ भारी बारिश की संभावना है।
  • मौसम विभाग के अनुसार चक्रवात 'ताउते' के चलते महाराष्ट्र के तटवर्ती कई जिलों में 17 मई को तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने के आसार है। मुंबई में भी तेज बारिश का अलर्ट है। हवा की गति लगभग 60 से 70 किमी प्रति घंटे होगी, सिंधुदुर्ग और रत्नागिरि जिलों के साथ गोवा ज्यादातर बारिश और तेज हवाओं से प्रभावित होगा
  • कल पुणे में खेड़ तहसील के भोरगिरी और भिवेगांव गांवों में चक्रवाती हवाओं के कारण 70 घर, दो आंगनवाड़ी, एक प्राथमिक विद्यालय और एक ग्राम पंचायत कार्यालय क्षतिग्रस्त हुए।
  • मुंबई नगरपालिका ने चक्रवाती तूफान ताउते को लेकर जारी चेतावनी के मद्देनजर कोविड-19 टीकाकरण अभियान को 17 मई को तीसरे दिन भी रोके रखने का रविवार को फैसला किया। 
  • गुजरात और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक के दौरान गृह मंत्री ने कहा कि हमारा लक्ष्य शून्य हताहत होना चाहिए और हम उस पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।