लाइव टीवी

लॉकडाउन में ढील मिलते ही बदला दिल्ली का नजारा, ITO, यमुना ब्रिज पर लगा जाम

Updated May 19, 2020 | 19:15 IST

Delhi traffic congestion: मंगलवार को दिल्ली नोएडा दिल्ली (डीएनडी) टोल बूथ के पास वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सुबह के वक्त नोएडा की तरफ जाने वाले रास्तों पर बड़ी संख्या में वाहन देखे गए।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspANI
दिल्ली की सड़कों पर बढ़ी वाहनों की संख्या।
मुख्य बातें
  • दिल्ली में यातायात पाबंदी में केजरीवाल सरकार ने दी है छूट
  • बस, ऑटो, ई-रिक्शा और कार को शर्तों के साथ चलने की इजाजत
  • मंगलवार को आईटीओ और यमुना ब्रिज पर लगा जाम

नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली में लॉकडाउन में छूट मिलते ही राजधानी की सड़कों का नजारा बदल गया। कल तक वाहनों से वीरान रहने वाली सड़कों की रौनक बढ़ गई और वाहन फिर से फर्राटे भरने लगे हैं। मंगलवार को दिल्ली के व्यस्त इलाके आईटीओ और यमुना ब्रिज पर वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं। दोनों जगहों पर लोगों का जाम का सामना करना पड़ा। बता दें कि दिल्ली की केजरीवाल सरकार ने सोमवार को लॉकडाउन 4.0 में पाबंदियों में ढील दी। इसमें यातायात में ढील सबसे अहम है। केजरीवाल सरकार ने बस, कार, ऑटो एवं ई-रिक्शा को शर्तों के साथ चलने की छूट दी हैं।

डीएनडी टोल बूथ पर दिखे वाहन 
मंगलवार को दिल्ली नोएडा दिल्ली (डीएनडी) टोल बूथ के पास वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सुबह के वक्त नोएडा की तरफ जाने वाले रास्तों पर बड़ी संख्या में वाहन देखे गए। दिल्ली के सीमावर्ती इलाकों की तरफ ट्रैफिक स्तर ज्यादा रहा। सड़कों पर वाहनों की बढ़ती संख्या देखकर दिल्ली यातायात पुलिस को सक्रिय होना पड़ा और लॉकडाउन के दौरान यात्रा नियमों को याद दिलाना पड़ा। यातायात पुलिस ने यात्रियों से कहा कि वे नोएडा की तरफ तभी जाएं जब उनके पास सक्षम अधिकारियों की तरफ से जारी यातायात पास हो।

यातायात पुलिस ने किया अलर्ट
यातायात पुलिस ने अपने ट्वीट में कहा, 'जैसा कि यूपी पुलिस ने जिलाधिकारी गौतमबुद्ध नगर की तरफ से जारी यात्रा पास रखने वाले वाहनों को नोएडा में दाखिल होने की अनुमति दे रही है। इसलिए कालिंदीकुंज फ्लाईओवर और डीएनडी फ्लाईओवर के जरिए दिल्ली से नोएडा जाने वाले यात्री इसके अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाएं।' यूपी पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि मंगलवार सुबह बड़ा संख्या में वाहन दिल्ली-नोएडा बॉर्डर पर पहुंचे।

जरूरी वस्तु रखने पर मिली यात्रा की अनुमति
अधिकारी ने कहा, 'हम नोएडा आने वाले प्रत्येक वाहन की जांच कर रहे हैं लेकिन कभी-कभी वाहनों की संख्या बढ़ जाने के चलते यह काम  काफी कठिन हो जाता है। ऐसे में केवल वैध पास रखने वाले यात्रियों को ही आगे जाने की इजाजत दी जा रही है। फिर भी किसी यात्री के पास यदि जरूरी पास नहीं है और वह व्यक्ति दवा जैसी जरूरी वस्तु को लेकर यात्रा कर रहा है तो उसे भी अनुमति दी जा रही है।'

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।