लाइव टीवी

JNU-जामिया हिंसा मामले में शरजील इमाम की भूमिका की जांच करेगी दिल्ली पुलिस

Updated Jan 28, 2020 | 17:29 IST

Sharjeel Imam : दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को कहा कि वह जवाहर लाल नेहरू और जामिया हिंसा मामले में शरजील इमाम की भूमिका की जांच करेगी। शरजील को पुलिस ने बिहार से गिरफ्तार किया है।

Loading ...
बिहार के जहानाबाद से गिरफ्तार हुआ है शरजील इमाम। (तस्वीर-फेसबुक)
मुख्य बातें
  • अपने खिलाफ केस दर्ज होने के बाद से फरार था शरजील इमाम
  • बिहार पुलिस की सहयोग से दिल्ली पुलिस ने जहानाबाद से किया गिरफ्तार
  • जेएनयू और जामिया हिंसा मामले में शरजील की भूमिका की जांच करेगी पुलिस

नई दिल्ली: भड़काऊ बयान मामले में बिहार से गिरफ्तार शरजील इमाम के बारे में दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को कहा कि जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) और जामिया हिंसा मामले में उसके भाषणों की जांच की जाएगी। दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि क्राइम ब्रांच ने बिहार पुलिस की सहयोग से शरजील को जहानाबाद स्थित उसके गांव से गिरफ्तार किया। उसने सरेंडर नहीं बल्कि उसे गिरफ्तार किया गया। अधिकारी ने कहा कि शरजील के खिलाफ तीन और मुकदमों की जांच हो रही है।

दिल्ली पुलिस के क्राइम ब्रांच के डीसीपी राजेश देव ने कहा कि शरजील इमाम के कथित रूप से भड़काऊ वीडियो गत दिनों सोशल मीडिया में वायरल हुए और इन वीडियो के आधार पर हमने उसके खिलाफ केस दर्ज किए। शरजील फरार था और उसे अंतिम बार 25 जनवरी को बिहार में देखे जाने की बात सामने आई। इसके बाद दिल्ली पुलिस की एक टीम 26 जनवरी को बिहार पहुंची। दिल्ली पुलिस ने 27 फरवरी को बिहार पुलिस के साथ शरजील के घर पर छापा मारा लेकिन वह उस समय नहीं मिला। 


पुलिस ने कहा कि शरजील को ट्रांजिट रिमांड पर बिहार से दिल्ली लाया जाएगा और उसे यहां मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जाएगा। इसके बाद उससे पूछताछ की जाएगी। अधिकारी ने कहा कि शरजील ने सरेंडर नहीं किया। सरेंडर कोर्ट में होता है, पुलिस ने पहले उसे हिरासत में लिया और फिर उसे गिरफ्तार किया।

बता दें कि शरजील के दो वीडियो हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं। इनमें से एक वीडियो में वह कथित रूप से असम सहित पूर्वोत्तर के राज्यों को भारत से अलग करने की बात कहते पाया गया। शरजील के इस बयान को भड़काउ माना गया और उसके खिलाफ देशद्रोह का केस दर्ज हुआ है। अपने खिलाफ केस दर्ज होने के बाद वह फरार हो गया था। शरजील ने मुंबई-आईआईटी से कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई की है। फिहलाह वह जेएनयू से पीएचडी कर रहा है।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।